Rava Upma – रवा उपमा

क्या आप कम तेल का नाश्ता करना चाहते हैं? आईये आज दक्षिण भारत का लोकप्रिय भोजन रवा उपमा (Semolina Upama Recipe) बनायें
Read this recipe in English - Rava Upma Recipe - Semolina Upma Recipe
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Rava Upma
- सूजी - 180 ग्राम (1 कप)
- तेल - 2 टेबल स्पून
- मूंगफली के दाने - 1 टेबल स्पून (भुने हुए)
- राई के दाने - 1/4 छोटी चम्मच
- हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
- हरी मटर के दाने - 1 टेबल स्पून
- गाजर - 1 (छोटे टुकड़ों में कटी हुई)
- बटर - 1 टेबल स्पून
- हरा धनिया - 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- नमक - 3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
बनाने की बिधि - How to make Rava Upma
सूजी को सूखी कढ़ाई में हल्का भूरा होने तक लगातार चलाते हुये भूनिये. भुनी सूजी को किसी प्लेट में निकाल लीजिये.
कढ़ाही मे तेल डालकर गरम करिये. मूंगफली के दानों को तेल में डालकर हल्का सा भून लीजिए. इन्हें भूनने के बाद एक प्लेट में निकाल लीजिए.
कढ़ाही में बचे हुए तेल में राई के दाने डाल दीजिये, राई को हल्का सा भुनने दीजिए. राई तड़कने के बाद, हरी मिर्च, कटे हुए गाजर और मटर के दाने डाल कर 2-3 मिनिट तक भूनिये. इसके बाद सूजी और इसका तीन गुना पानी (3 कप पानी) और नमक डालकर मिला दीजिए. जब सूजी के पानी में उबाल आने लगे , तब आप उसे चमचे से चलाते जाइये, घोल गाढ़ा होता जायेगा और थोड़ी ही देर में हलवा जैसा लगने लगेगा. इसमें मूंगफली के दाने डाल दीजिए और रवा उपमा को चमचे से चलाते हुये 3-4 मिनिट तक पकाइये. ऊपर से बटर डालकर मिला लीजिये. साथ ही हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए. स्वादिष्ट रवा उपमा तैयार है.
गरमागरम उपमा को हरे धनिये की चटनी के साथ परोसिये और खाइये. आप चाहे तो इसे बच्चों के टिफिन में भी रख सकते हैं, बच्चों को यह बहुत पसंद आएगा.
4 से 5 सदस्यों के लिए पर्याप्त
सुझाव
सब्जियों में फूलगोभी, या अन्य सब्जी अपने स्वादानुसार और उपलब्धता के अनुसार उपमा में डाल सकते हैं.
कमेंट (201)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
reciepe banakar apko dubara mail karungi
निशा: नीलम, पानी के साथ ही नमक भी डाल दीजिये.