लिट्टी चोखा की आसान रेसिपी । Litti Chokha Recipe । Sattu stuffed Batti Chokha Recipe on Gas Stove

खस्ता लिट्टी और स्वादिष्ट चोखा आप किसी समय कभी भी दिन-लंच या डिनर में बनाइए, इसका स्वाद आप सभी को खूब भाएगा.
Read-Litti Chokha Recipe । Sattu stuffed Batti Chokha Recipe on Gas Stove
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Litti Chokha Recipe
- गेहूं का आटा - 3 कप (450 ग्राम)
- घी - 3 टेबल स्पून (40 ग्राम)
- सत्तू - 1 कप (125 ग्राम)
- हरा धनिया - ½ कप (बारीक कटा हुआ)
- सरसों का तेल - 2 टेबल स्पून
- नींबू - 2
- हरी मिर्च - 5-6 (बारीक कटा हुआ)
- अदरक - 2 इंच टुकडा़ (कद्दूकस किया हुआ)
- नमक - 2 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- अजवायन - ½ छोटी चम्मच
- बेकिंग सोडा़ - ¼ छोटी चम्मच
- अचार का मसाला - 1 टेबल स्पून
- टमाटर - 4 (300 ग्राम)
- बैंगन - 1 (300 ग्राम)
- उबले हुए आलू - 4 (300 ग्राम)
विधि - How to make Litti Chokha Recipe
लिट्टी के लिए आटा गूंथें
गेहूं के आटे को एक प्याले में निकाल लीजिए. आटे में 3 टेबल स्पून घी, 3/4 छोटी चम्मच नमक, 1/2 छोटी चम्मच अजवायन और 1/4 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा डालकर सभी सामग्री को अच्छे से मिला लीजिए. इसके बाद, इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिए. आटा बिलकुल परांठे के आटे की तरह ही नरम होना चाहिए. इतनी मात्रा का आटा 1.5 कप से 2 टेबल स्पून कम पानी में गुंथ जाता है. आटे को ढक दीजिए और 20 मिनिट के लिए सैट होने रख दीजिए.
चोखा बनाने की विधि
बैंगन और टमाटर को अच्छे से धोकर सुखा कर ले लीजिए. बैंगन को काट कर देख लीजिए की वह अंदर से सही हो. बैंगन को तेल लगाकर चिकना कर लीजिए और इसे गैस पर रखे जाली स्टैंड पर भूनने के लिए रख दीजिए. अब सारे टमाटर को भी तेल लगाकर चिकना करके बैंगन के साथ ही जाली स्टैन्ड पर भूनने के लिए रख दीजिए (तेल से चिकना कर लेने पर इनका छिलका आसानी से निकल जाता है). बीच-बीच में बैंगन और टमाटर को घुमाते रहें जिससे की यह चारों ओर से अच्छे से भून कर तैयार हो जाए.
टमाटर-बैंगन भून कर तैयार हैं, इन्हें प्लेट में निकाल लीजिए. इन्हें भूनने में लगभग 20 मिनिट का समय लग जाता है. इन्हें ठंडा होने दीजिए, इसके बाद इन्हें छील लीजिए.

टमाटर का छिलका हटा कर इसे प्याले में निकाल लीजिए. बैंगन का डंठल और छिलका हटा कर इसे भी प्याले में निकाल लीजिए. उबले हुए आलू को छिल कर इसे भी बैंगन और टमाटर के साथ ही प्याले में निकाल लीजिए. अब इन सभी चीजों को चम्मच की मदद से मैश कर लीजिए. अब इसमें 1 छोटी चम्मच नमक, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, 3-4 टेबल स्पून बारीक कटा हरा धनिया, नींबू का रस और 1 टेबल स्पून तेल डाल कर सभी चीजों को मैशर की मदद से अच्छे से मैश कर लीजिए. सभी चीजों के अच्छे से मिक्स हो जाने पर चोखा बनकर तैयार है.
लिट्टी के लिए सत्तू की स्टफिंग
लिट्टी के लिए सत्तू की स्टफिंग तैयार कर लीजिए. इसके लिए एक प्याले में सत्तू लीजिए और इसमें 1/2 छोटी चम्मच नमक, 1 छोटी चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक, 1 टेबल स्पून अचार का मसाला, 2-3 टेबल स्पून हरा धनिया, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 टेबल स्पून सरसों का तेल और नींबू का रस डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए. सत्तू में 2 टेबल स्पून पानी डालकर स्टफिंग को इतना गीला कर लीजिए कि वह आराम से बंध जाए. सत्तू स्टफिंग तैयार है.
लिट्टी बनाएं
आटा भी फूलकर तैयार है. हाथ पर थोड़ा सा घी लगाकर आटे को हल्का सा मसल लीजिए और आटे को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लीजिए. एक लोई हाथ में उठाकर गोल आकार दीजिये और हथेली से दबाते हुए पेड़े का आकार देते हुए उंगलियों और अंगुठे की सहायता से प्याली जैसा शेप देकर इसमें 1-2 चम्मच स्टफिंग भर दीजिए. आटे को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को बंद करके गोल आकार दीजिये, लिट्टी बनकर तैयार है इसे प्लेट में रख दीजिए और इसी तरह सारी लिट्टी भर कर तैयार कर लीजिए.
लिट्टी को कढा़ई में सेकें
लिट्टी को सेकने के लिए एक भारी तले की कढाई लीजिए इसे गैस पर रखें. इसमें 1 चम्मच घी डालकर इसे चिकना कर लीजिए. अब इसे मध्यम गरम कीजिए. इसके हल्का मध्यम गरम होने पर इसमें लिट्टी सिकने के लिए डाल दीजिए. कढा़ई को ढक कर लिट्टी को धीमी आग पर 3-4 मिनिट सिकने दीजिए इसके बाद चैक करें.
3 मिनिट बाद लिट्टी को चैक कीजिए, इसे नीचे की ओर से पलट दीजिए और दूसरी ओर से भी 2-3 मिनिट ढक कर सिकने दीजिए. लिट्टी को बार-बार इसी तरह से चैक करते हुए चारों ओर से अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक सा सेक कर तैयार कर लीजिए. लिट्टी को चैक कीजिए लिट्टी सिक कर तैयार है. इसे सिकने में लगभग 20 मिनिट का समय लगा है. लिट्टी को प्लेट में निकाल लीजिए.

लिट्टी को अप्पम मेकर में सेकें
लिट्टी को अप्पम मेकर में सेकने के लिए, अप्पम मेकर को एकदम धीमी आंच पर गरम होने के लिए रख दीजिए. अप्पम मेकर के सारे खानों में थोड़ा-थोड़ा घी डालकर इन्हें चिकना कर लीजिए. अब इसके सभी खानों में लिट्टी सिकने के लिए लगा दीजिए. लिट्टी को धीमी आंच पर ढक कर 5 मिनिट के लिए सिकने दीजिए इसके बाद इसे चैक कीजिए.
5 मिनिट बाद लिट्टी को चैक कीजिए, इसे नीचे की ओर से पलट दीजिए और इनके ऊपर थोड़ा-थोड़ा घी डाल कर इन्हें ढक कर 4-5 मिनिट सिकने दीजिए. लिट्टी को बार-बार इसी तरह से चैक करते हुए चारों ओर से अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक सा सेक कर तैयार कर लीजिए. लिट्टी को चैक कीजिए, लिट्टी चारों ओर से गोल्डन ब्राउन होकर सिक कर तैयार है. लिट्टी को सिकने में लगभग 15 मिनिट का समय लगा है. लिट्टी को प्याले में निकाल लीजिए.
लिट्टी को जाली स्टैन्ड पर सेकें
लिट्टी को जाली स्टैन्ड में सेकने के लिए, जाली स्टैन्ड को गैस पर रखें और लिट्टी को एकदम धीमी आंच पर सिकने के लिए जाली स्टैन्ड पर रख दीजिए. लिट्टी को थोड़ी-थोड़ी देर में चैक करते हुए घुमाते रहें जिससे की यह चारों ओर से गोल्डन ब्राउन सिक कर तैयार हो जाए. जाली स्टैन्ड पर लिट्टी चारों ओर से सिक कर तैयार है .जाली स्टैन्ड पर लिट्टी 10-12 मिनिट में सिक कर तैयार हो जाती है. जाली स्टैन्ड से उठा कर लिट्टी को घी में डिप करके प्लेट में निकाल लीजिए, इससे लिट्टी का स्वाद और भी बढ़ जाता है. अगर आप घी कम खाना पसंद करते हों तो इस पर घी न लगाएं.
सारी लिट्टी बन कर तैयार हैं और इतने आटे में लगभग 20 लिट्टी बन कर तैयार हो जाती हैं. स्वाद से भरपूर लिट्टी को सर्व करने के लिए किसी प्लेट में 2 लिट्टी रखें और चोखा को प्याली में रख कर इसके साथ परोसिये.
अगर आप घी पसंद करते हैं तो आप लिट्टी को हल्का सा दबा कर क्रश करके इसके ऊपर घी डालकर इसे चोखा के साथ सर्व कर सकते हैं. आप इसे कैसे भी खाएं आपको इसका स्वाद बहुत पसंद आएगा.
सुझाव
- यदि आप प्याज और लहसुन पसंद करते हैं तो 1 प्याज और 4-5 लहसुन की कली बारीक काटकर सत्तू की स्टफिंग में डाल कर मिक्स कर सकते हैं.
- लिट्टी को शैलो फ्राय भी किया जा सकता है.
Litti Chokha Recipe | लिट्टी चोखा की आसान रेसीपी । Sattu stuffed Batti Chokha Recipe on Gas Stove
कमेंट (10)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।