छठ स्पेशल खस्ता ठेकुआ रेसिपी Bihari Thekua recipe with jaggery

📅 15 नवंबर 2021 👁 8.9 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

छठ पूजा के इस शुभ अवसर पर आज हम बनाने जा रहे हैं ठेकुआ.  यह छठ की एक खास मिठाई है, इसे पूजा में भगवान को अर्पित किया जाता है और प्रसाद में भी बांटा जाता है.  हर वर्ष हमारी मां दादी नानी ये बना कर भगवान को भोग लगा कर अपने बच्चों को खिलाती हैं.  ठेकुआ आज हम दो तरीके से बनाएँगे; एक होगा सांचे की मदद से और एक बिना सांचे की मदद से.  दोनो ही बनाना बहुत आसान है और इनके लिए सामग्री भी आपकी रसोई में ही मौजूद हैं.

ठेकुआ के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Thekua

गुड़ - Jaggery - 1/2 cup - 130 ग्राम

सूजी - Semolina - 1/2 cup - 90 ग्राम

आटा - Wheat flour - 2 cup - 300 ग्राम

सौंफ - Fennel seeds - 1 छोटी चम्मच

बादाम कतरन - Almond flakes - 1 बड़ा चम्मच

किशमिश - Raisin - 1 बड़ा चम्मच, कटी हुई

सूखा नारियल - Dry coconut - 2 बड़े चम्मच, ग्रेट किए हुए

छोटी इलायची - Green Cardamom - 4, दरदरी पिसी हुई

घी - Ghee - 1/4 कप (60 ml)

घी या तेल तलने के लिये - Ghee or oil for frying

गुड़-सूजी का घोल बनाने की विधि Process of making Gur-Sooji mix

पतीले में ½ कप गुड़ (बारीक तोड़ कर) और ¼ कप पानी डाल कर गुड़ के पानी में घुलने तक पकाएं.  बीच-बीच में इसे चलाते रहिए ताकी ये पतीले के तले में न लगे.  गुड़ के पानी में अच्छी तरह से घुल जाने पर फ्लेम बंद करके इसे हल्का ठंडा करके एक बाउल में छान कर निकाल लीजिए.  ½ कप बारीक सूजी गुड़ के घोल में डाल कर मिलाते हुए एक घोल बनाएं.  ठेकुआ के लिए गुड़-सूजी का घोल बनकर तैयार हो जाएगा.

ठेकुआ के लिए डो बनाने की विधि Process of making dough for Thekua

बाउल में 2 कप गेहूँ का आटा, 1 छोटी चम्मच सौंफ, 1 बड़े चम्मच बारीक कटे हुए बादाम, 1 बड़े चम्मच कटी हुई किशमिश, 2 बड़े चम्मच ग्रेट किए हुए नारियल, 4 छोटी इलायची दरदरी कुटी हुई और ¼ कप घी डाल कर इन्हें अच्छे से मिलाएं.  सभी अच्छे से मिला लेने पर इसमें गुड़-सूजी का घोल डाल कर एक सख्त डो गूंधिए.  अब इसमें थोड़ा दूध मिला कर इसे गूंधिए, इतना की आटा बंधने लगे.  गूंध लेने के बाद इसे 10 मिनट के लिए ढक कर रख दीजिए.

सांचे से ठेकुआ बनाने की विधि Process of making Thekua by a sancha

एक छोटा डो का टुकड़ा तोड़ कर उसे गोल करिए.  सांचे के ऊपर डो को रख कर दबा दीजिए, उसकी छाप डो पर आ जाएगी. सांचे की मदद से ठेकुआ बन जाएगा.  इसी तरह कुछ ठेकुआ बना लीजिए.

बिना सांचे के ठेकुआ बनाने की विधि Process of making Thekua without a sancha

एक डो का टुकड़ा लेकर उसे हाथ से मसल कर गोल करिए.  फिर उसे दबा कर हल्का सा बड़ा कर एक कांटे वाले चम्मच की मदद से इसके साइड को दबा कर एक डेसाइन बनाइए.  इस तरह बिना सांचे की मदद से ठेकुआ बन जाएगा, बाकी ठेकुआ भी इसी प्रकार बना लीजिए.

ठेकुआ तलने की विधि Process of frying Thekua

कढ़ाही में तेल को मीडियम गरम कीजिए, फ्लेम मीडियम रखनी है.  गरम होने पर कढ़ाही में जितने आ सकें उतने ठेकुआ डाल कर 1-1.5 मिनट सेकिए.  समय पूरा होने पर इन्हें पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तलिए.  बाकी ठेकुआ भी इसी प्रकार तल लीजिए, ठेकुआ बन कर तैयार हो जाएँगे.

सुझाव Suggestions

ठेकुआ का डो बहुत सख्त होना चाहिए.

गुड़ नाप कर डालिए, आटे की मात्रा का ⅓ गुड़ लेना है.

ठेकुआ तलते समय तेल मीडियम गरम हो.

छठ स्पेशल खस्ता ठेकुआ रेसिपी Bihari Thekua recipe with jaggery

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।