बेसन पारे - Besan Pare Recipe

मैदा से बने नमक पारे (Namak Pare) तो आपको पसंद आते ही होंगे. यदि आप मैदा प्रयोग करने से बचना चाहते है तो आप बेसनपारे अवश्य पसंद करेंगे. बेसन पारे बेसन और गेहूं के आटे से बने बहुत ही स्वादिष्ट नमक पारे हैं, इन्हैं सुबह शाम चाय के साथ स्नेक्स के रूप में खा सकते हैं, बच्चे तो इन्हैं बिस्किट की तरह से खाना पसन्द करते हैं.
Read - Besan Pare Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients to make besan Pare
- बेसन - एक कप
- गेहूं का आटा - 1 कप
- लाल मिर्च - 1/4 छोटी चम्मच
- अजवायन - 1/2 छोटी चम्मच
- जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
- नमक - 1/2 छोटी चम्मच
- कसूरी मेथी - 2 छोटी चम्मच
- हींग - 1 पिंच
- तेल - आटे में डालने के लिये - 4 टेबल स्पून और बेसन पारे तलने के लिये
विधि: - How to make Besan pare
बेसन और आटे को किसी डोंगे में निकालिये और तेल , नमक, लाल मिर्च, अजवायन, जीरा, कसूरी मेथी और हींग डालकर, सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लीजिये, थोड़ा थोड़ा पानी डालकर, पूरी के आटे से भी सख्त आटा गूथ कर तैयार कर लीजिये (2 कप आटा गूथने में लगभग 1/3 -1/2 कप पानी लग जाता है), गुंथे आटे को 20 -30 मिनिट के लिये ढककर रख दीजिये, ताकि आटा फूल कर सैट हो जाय.
आधा घंटे बाद हमारा आटा सैट हो कर तैयार है, अब हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर, मसल कर चिकना कर लिजिये. आटे को 2 भागों में तोड़ लीजिये. एक भाग को गोल कीजिये और चकले पर बेलन से परांठे की तरह पतला बेल लिजिये. बेले गये परांठे को 3/4 इंच की चौड़ाई में लम्बाई में काट लीजिये, अब 2-2 1/2 इंच की लम्बाई में काट लीजिये, सारे बेसन पारे काट कर तैयार कर लीजिये, आटे के बचे हुये भाग से भी इसी तरह बेलकर बेसन पारे काट कर तैयार कर लीजिये.

बेसन पारे तलिये:
कढ़ाई में तेल डालकर मीडियम गरम कीजिये और जितने बेसन पारे एक बार में कढ़ाई में आ जाय उतने कढ़ाई में डाल दीजिये, धीमी और मीडियम गैस फ्लेम पर बेसन पारे पलट पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल कर तैयार कर लीजिये (गैस फ्लेम धीमी और मीडियम ही रखनी है, एक बार के बेसन पारे तलने में 8-10 मिनिट लग जाते हैं), तले बेसन पारे प्लेट में बिछे नैपकिन पेपर पर निकाल कर रखिये. सारे बेसन पारे इसी प्रकार तल कर तैयार कर लीजिये.
गरमा गरम बेसन पारे बनकर तैयार हैं, बेसन पारे को पूरी तरह ठंडा होने दीजिये, और चाय के साथ क्रिस्पी हैल्दी बेसन पारे खाइये. बचे हुये बेसन पारे एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिये, और 2 महिने तक खाते रहिये.
कमेंट (68)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
when i tried this recipe, taste was great. everything was perfect. but, it wasn't crispy
निशा: आयेशा, इन्हें धीमी आग पर तलिये, ये क्रिस्पी बनेंगे
निशा: रीतिका, जी हां बिना कसूरी मेथी भी डाले बना सकते है,आप बनाइये बहुत अच्छे बेसन पारे बनेंगे.