सुखाये आलू के चिप्स – Dried Potato Chips Recipe – Aloo Chips Recipe

📅 14 मई 2011 👁 6.3 लाख बार देखी गई 💬 95 कमेंट ★ 3.0 (7734)


आलू के चिप्स कई तरह से बनाये जाते हैं. कच्चे आलू के एकदम पतले चिप्स काटकर आलू चिप्स या आलू क्रिस्प (Potato Chips Recipe - Potato Crisp), और आलू के चिप्स काटकर उबाल कर सुखाये हुये आलू के चिप्स (Dried Potato Chips),  सुखाये हुये चिप्स को आप आलू के मौसम में बनाकर रख लीजिये और फिर जब जी चाहे तल कर खाईये.

आलू के चिप्स सुखाकर बनाने के लिये बड़े आकार का चिकनी स्किन वाला आलू या पहाड़ी आलू अच्छी वैरायटी का आलू लीजिये, इन आलू से बनाये गये चिप्स अधिक स्वादिष्ट बनते हैं.

Read - Dried Potato Chips Recipe – Aloo Chips Recipe In English 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Potato Cips

  • आलू - 2 या 3 किग्रा.
  • फिटकिरी पाउडर - आधा छोटी अम्मच

विधि - How to make Potato Chips

आलू को धोइये, छीलिये, चिप्स कटर से या फूड प्रोसेसर से चिप्स काट लीजिये, किसी बर्तन में इतना पानी लीजिये, कि चिप्स उसमें अच्छी तरह डूब जायं, पानी में फिटकिरी पाउडर डालकर घोल दीजिये, कटे आलू चिप्स पानी में डुबा कर रखिये, और 2 - 3 घंटे तक पानी में डूबे रहने दीजिये, अब ये चिप्स फिटकिरी के पानी से निकाल कर साफ पानी से एक बार और धो लीजिये.

अब किसी भगोने में इतना पानी लीजिये कि उसमें कटे हुये चिप्स पूरी तरह से डूब सके. पानी को गरम करने गैस पर रखिये, पानी में उबाल आने पर, पानी में डूबे चिप्स निकाल कर उबलते पानी में डालिये, पानी में फिर से उबाल आने के बाद, मीडियम आग पर  6-8 मिनिट तक चिप्स को उबलने दीजिये या चिप्स के हल्के मुलायम होने तक उबालिये,  आग बन्द कर दीजिये.

चिप्स को छलनी में डालकर निकालिये और अतिरिक्त पानी हटा दीजिये, आपके आलू के चिप्स सुखाये जाने के लिये तैयार हैं.

चिप्स सुखाने के लिये कोई भी पुरानी धुली चादर स्तेमाल कर सकते है या बड़ा पोलिथिन भी ले सकते हैं. चादर को बिछा लीजिये और उबले हुये चिप्स को एक एक उठाकर, बिछी हुई चादर पर लगाते जाइये, सारे चिप्स चादर पर बिछा कर धूप में सुखाइये.

एक दिन की धुप में ये चिप्स इतने सूख जाते हैं कि इन्हैं इकठ्ठे करके चादर में लपेट कर रख सकते हैं. दूसरे दिन फिर से ये चिप्स चादर पर फैला कर सुखाने रख दीजिये. आलू के चिप्स सूख कर तैयार हो गये हैं आप इन्हैं किसी बन्द कन्टेनर में भर कर रख दीजिये.

सूखे आलू के चिप्स आप जब चाहें निकालें और तल कर खायें.

चिप्स तलिये - How to fry Potato Chips
कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये, तेल गरम होने पर थोड़े से चिप्स गरम तेल में डालिये, चिप्स तलने के लिये आग धीमी ही रखें, कलछी से चिप्स को घुमाइये, चिप्स तल कर भूरे हो गये हैं, कढ़ाई से तले चिप्स प्लेट में निकाल कर रखिये, दूसरे चिप्स डालिये और तलिये, इसी तरह जितने चिप्स चाहें तलना चाहें उतने तल लीजिये और नमक, या नमक और थोड़ी सी लाल मिर्च, या नमक और थोड़ी सी काली मिर्च मिलाकर खाने के लिये तैयार कर लीजिये. तुरन्त तले हुये आलू के चिप्स खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगते हैं. आलू के चिप्स के साथ पीने के लिये चाय या काफी या ठंडा पेय जो भी आप चाहें बना लीजिये.

व्रत में खाने के लिये आलू के चिप्स तल कर, लाहोरी नमक और थोड़ी सी काली मिर्च डालकर प्रयोग में लाइये.

सुझाव
आप आलू के चिप्स काटकर सुखाने के बजाय आलू को उबालकर चिप्स काटकर भी सुखा सकते हैं. इसके लिये आलू को बस इतना उबालिये कि यह एकदम मुलायम न हों बल्कि हल्के से सख्त रहें. आलू को उबालने के बाद दो घंटे के लिये रख दीजिये और अब आलू छील कर, फिर चिप्स काट कर बिलकुल ऊपर की तरह सुखा लीजिये.

सावधानियां

  • आलू के चिप्स उबालते समय ध्यान रखें कि वे ज्यादा न उबल जायें नहीं तो वे सारे चिप्स टूट जायेंगे.
  • आलू के चिप्स कच्चे न रह जायें नहीं तो वे सूखने पर काले हो जायेंगे.
  • आलू के चिप्स अच्छी तरह से सुखा कर ही रखे नहीं तो उनमें फंगस लग कर खराब हो जायेंगे. बारिश के मौसम के जाने के बाद चिप्स को एक बार धूप में रख दें तो इनकी सैल्फ लाइफ और भी बढ जाती है.

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.0 / 5 (7734 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (95)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

sarita
thanking you very much mam ,thanks , mam hamare pass vatee maker hai please tell some easy and different reciepe jo ki mai esame bana saku.