परवल की मिठाई (Parwal Sweet Recipe)

परवल की मिठाई बड़ी स्वादिष्ट होती है, यह उत्तर भारत में खूब बनाई जाती है, यह मिठाई आप दिपावली, होली के त्योहार पर बनाकर अपने परिवार के लोगों को खिला सकती हैं, इस मिठाई को आप अपनी किसी पार्टी के लिये बनाकर भी तैयार कर सकती हैं, तो आइये फिर अभी परवल की मिठाई बनाना शुरू करते हैं.
Read this recipe in English - Parwal Sweet Recipe
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Parwal Sweets
- परवल - 15 (500 ग्राम)
- चीनी - 1.5 कप (300 ग्राम)
- मावा - 1 कप (200 ग्राम)
- पाउडर चीनी - ¼ कप
- बादाम - ¼ कप
- इलायची - 5
- पिस्ते - 1 छोटी चम्मच
विधि - How To Make Parval Sweet

अच्छी किस्म के हरे हरे ताजे परवल बाजार से ले आइये, परवल को धोइये, छील कर पूरी लम्बाई से इस तरह काटिये कि वह एक ओर से जुड़े रहें.
कटे हुये परवल के अन्दर से सावधानी पूर्वक इस तरह बीज निकालिये कि परवल का आकार न बिगड़े.

किसी भगोने में पानी गरम करने रखिये, पानी में उबाल आने पर परवल पानी में डालिये, फिर से उबाल आने के बाद परवल को 3 -4 मिनिट उबलने दीजिये, गैस फ्लेम बन्द कर दीजिये, परवल को ढककर 5 मिनिट के लिये रख दीजिये, अब परवल से पानी निकाल दीजिये इन्हैं चलनी में रखिये या थाली में रखकर थाली तिरछी करके रख दीजिये, परवल का कच्चापन दूर हो जायेगा.
चीनी और1 कप पानी किसी भगोने में डालिये और चाशनी बनाने रखिये, एक तार की चाशनी बनाइये (यह चाशनी ज्यादा गाड़ी नहीं होती और ठंडा करने पर जमती नहीं है). परवल इस चाशनी में डालकर तब तक उबालिये जब तक उनका कलर न बदल जाय इसे आप खुद देख सकेंगे कि परवल का कलर कितना सुन्दर हो गया है, उबालते समय परवल को पलट भी दीजिये, गैस फ्लेम बन्द कर दीजिये, परवल को एक घंटे के लिये ढककर चाशनी में ही रख दीजिये. परवल जब तक मीठे होते है तब तक हम खोया से पिठ्ठी तैयार कर लेते हैं.
पिठ्ठी: खोया को भारी तले के बर्तन में डालकर मीडियम गैस फ्लेम पर हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिये, ठंडा कीजिये, 30 बादाम मिक्सी से दरदरे पीस लीजिये और 5-6 बादाम बारीक लम्बे लम्बे कतर लीजिये, पिस्ते भी बारीक कतर लीजिये.
भुने हुये खोया में पिसे हुये बादाम, इलाइची और चीनी मिला दीजिये. परवल के अन्दर पिठ्ठी भरने के लिये तैयार है.

चाशनी से परवल निकाल कर छलनी या थाली में रखिये, थाली को तिरछा करके रखिये ताकि परवल से अतिरिक्त चाशनी निकल जाय.

अब एक एक परवल उठाइये और पिठ्ठी परवल के अन्दर भरिये, ऊपर से कतरे हुये बादाम और पिस्ते चिपकाइये. सारे परवल में पिठ्ठी भर कर, कटे हुये मेवे लगाकर परवल को मिठाई को प्लेट में लगाइये.
लीजिये परवल की स्वादिष्ट मिठाई तैयार है. इस मिठाई को आप अपने फ्रिज में एक सप्ताह तक रख कर खा सकते है.
कमेंट (71)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Reminded me of childhood and Parval Ki Mithai from Benaras.