दाल चावल की इडली Dal Idli Recipe

इडली दाल चावल से बनायी जातीं है और अगर जल्दी हो, पहले से दाल-चावल भिगो कर, पीस कर फर्मेन्ट न किये हों तो रवा सूजी से भी बनायी जातीं है.
रवा या सूजी से तुरन्त इडली (Instant Idli) भले ही बन जाय लेकिन जो स्वाद और महक दाल चावल से बनी इडली में है वह झटपट की रवा इडली में कहां. गरमागरम भाप निकालती हुई इडली उतनी ही गरमागरम सांबर (Sambar) के साथ आपके सामने हो तो आप सारे काम छोड़ कर सिर्फ इडली के बारे में ही सोचेंगे. ये इतनी गुलगुली होतीं है कि इन्हें आठ महीने का छोटा बच्चा भी खा सकता है. आप चाहें तो इन्हें नाश्ता, लंच, डिनर कभी भी खा सकते हैं.
दाल चावल की इडली बनाने के लिये, दाल चावल को भिगो कर पीस कर मिश्रण तैयार करना होगा और उस मिश्रण को फरमैन्ट भी करना होगा, इडली अच्छी तरह से स्पंजी तभी बनेगी जब मिश्रण अच्छी तरह से फरमैन्ट हुआ होगा, इसलिये सबसे पहले हमें मिश्रण तैयार करने के ऊपर ही पूरा ध्यान देना होगा, और इसके लिये हमें प्लान भी पहले से ही करना होगा, अगर हम रविवार को इडली बनाना चाहते हैं, तब गरम प्रदेश में रहने वालों को शनिवार की सुवह ही दाल भिगो देनी चाहिये होगी, लेकिन ठंडे प्रदेश में रहने वालों को शुक्रवार की सुवह ही दाल भिगो देनी पड़ेगी, क्यों कि ठंड में फरमैन्टेशन देर से होता है, तो आइये फिर जल्दी शुरू करें हम दाल चावल की इडली बनाना.
Read - Dal Idli Recipe In English
आवश्यक सामग्री Ingredients for Idli
- चावल - 3 कप
- उरद की धुली दाल - 1 कप
- बेकिंग सोडा - 1/2 छोटी चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - इडली स्टैन्ड को चिकना करने के लिये
विधि - How to make Dal Idli
उरद की दाल और चावल को साफ कीजिये, धोइये और अलग अलग 4 घंटे या रात भर के लिये पानी में भिगो दीजिये.
उरद दाल से अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये और कम पानी का प्रयोग करते हुये एक दम बारीक पीस लीजिये, चावल से भी अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये और कम पानी का प्रयोग करते हुये थोड़ा सा मोटा पीसिये, दोनौं को मिलाइये तथा इतना गाढ़ा घोल तैयार कीजिये कि चमचे से गिराने पर एक दम धार के रूप में नही गिरना चाहिये.
मिश्रण को फरमैन्ट करने के लिये स्वादानुसार नमक ओर बेकिंग सोडा डालकर, ढककर गरम जगह पर 12-14 घंटे के लिये रख दीजिये, फरमेन्ट किया हुआ मिश्रण पहले की अपेक्षा दोगुना हो जाता है. इडली बनाने के लिये मिश्रण तैयार है.

इडली बनाइये:
मिश्रण को चमचे से चलाइये, यदि बहुत अधिक गाढ़ा लग रहा है तो थोड़ा पानी मिला लीजिये. यदि आपके पास इडली बनाने का परम्परिक बर्तन है तो बहुत ही अच्छा है.. नहीं तो आप इडली मेकर और प्रेशर कुकर मैं भी इडली बना सकते हैं. मैं भी इडली प्रेशर कुकर में ही बनाती हूं.
प्रेशर कुकर में 2 छोटे गिलास पानी (500 ग्राम पानी) डालकर गरम करने के लिये गैस पर रखिये. इडली स्टैन्ड निकालिये साफ कीजिये, इडली के खानों में तेल लगाकर चिकना कीजिये. चमचे से इडली स्टैन्ड के खानों में बराबर बराबर मिश्रण भरिये, सारे खाने भर कर इन्हैं इडली स्टैन्ड में लगा लीजिये. इडली पकने के लिये स्टैन्ड को कुकर में रखिये. कुकर का ढक्कन बन्द कर दीजिये, ढक्कन के ऊपर सीटी मत लगाइये.
तेज गैस फ्लेम पर 9-10 मिनिट तक इडली पकने दीजिये. गैस बन्द कर दीजिये इडलियां पक गयीं हैं. प्रेशर कुकर खोलिये, इडली स्टैन्ड निकालिये, खांचे अलग कीजिये, ठंडा कीजिये और चाकू की सहायता से इडली निकाल कर प्लेट में लगाइये. लीजिये इडलियां तैयार हैं,
गरमा गरम इडली गरमा गरम सांबर और नारियल की चटनी और मूंगफली की चटनी के साथ परोसिये और खाइये.

इडली फ्राई (Idli Fry Recipe)
इडली आप सांबर के साथ खाते है, नारियल की चटनी या मूंगफली की चटनी के साथ खाते हैं. कभी कभी इडली अधिक बन जाती हैं और दूसरे दिन तक फ्रिज में रखी रह जातीं है. फ्रिज में रखी इडली की नमी कम हो जाती हैं और ये थोड़ी खुश्क हो जातीं है. इन्हें चटनी से खाना अच्छा नहीं लगता. हम इन इडलियों से इडली फ्राइ बना लेते हैं.
इडली फ्राइ बनाने के लिये कढ़ाई में 1-2 टेबल स्पून तेल डालिये, थोड़ी सी राई राई तड़कने के बाद, 1-2 हरी मिर्च कतरी हुई, थोड़ा सा अदरक कतरा हुआ, 5-6 करी पत्ता भूनिये, इस मसाले में मूंगफली या नारियल की चटनी, थोड़ा पानी, स्वादानुसार नमक और कटी हुई इडली डाल कर चमचे से चलाते हुये, 2-3 मिनिट फ्राई कर लीजिये. आप चाहें तो कटे ट्माटर भी डाल सकते हैं. बस इन्हें प्याले में निकालिये, कतरे हुये हरे धनिये से सजाइये, लीजिये लाजबाव फ्राइड इडली तैयार है. खाकर बताइयेगा कैसी बनी.

इडली चाट - (Idli Chat Recipe)
हर भोजन अपने शहर से निकल कर दूसरे क्षेत्र में जाकर वहां का स्वाद और रूप ले लेता है. इडली भले ही दक्षिण भारत का भोजन हो, उत्तर भारत में आकर यह भी स्थानीय स्वाद में ढल जाती है. इडली हम अधिकांश रविवार के दिन बनाते हैं और शाम को इन्हीं बची हुई इडली से इडली की चाट बनाते हैं. क्या आपने इडली की चाट (Idli Chat) बनाई है? बना कर देखिये.
इडली चाट (Idli Chat) बनाने के लिये दो इडली प्लेट में डालिये, चाकू से 4-5 कट लगा दीजिये, ऊपर से हरे धनिये की चटनी, मीठी चटनी, दही, चाट मसाला, भुना हुआ जीरा,छोटे सेव और अनार के दाने अगर आपके पास है तो वो भी, लीजिये तैयार है इडली की जायके दार इडली चाट (Idli Chat).
कमेंट (411)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
any type of Rice we can use for Idlies?
निशा: इडली बनाने के लिये आप कोई भी चावल प्रयोग में ला सकते हैं, लेकिन दक्षिण भारतिय ज्यादातर पक्का(सेला) चावल प्रयोग करते हैं.
THANKS A LOT!
निशा: अंकित, पनीर बनाने की रैसिपी " विविध " कालम में जाकर देख लीजिये.
pls inform us for fermentation specially
निशा: फरमैन्टेशन के लिये आप मिश्रण के बर्तन को गरम या मोटे कपड़े में लपेट कर बन्द अलमारी में या मिश्रण के बर्तन को ओवन में 20 घंटे के लिये रख दीजिये.