सर्दियों के लिये पंजाबी पिन्नी लड्डू । Atta Dry Fruits Laddu । Winter Special Punjabi Pinni

स्वाद से भरपूर और हेल्थ के लिए बहुत लाभदायक पिन्नी रेसिपी सर्दी के मौसम में बहुत चाव से खाई जाती है.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Pinni
गेहूं का आटा - 2 कप (300 ग्राम)
तगार - 2 कप (300 ग्राम)
घी - 1.25 कप (300 ग्राम)
बादाम - ½ कप (75 ग्राम)
काजू - ½ कप (75 ग्राम)
सूखा नारियल - ½ कप (50 ग्राम)(कद्दूकस किया हुआ)
खरबूजे के बीज - ½ कप (50 ग्राम)
गोंद - ¼ कप (50 ग्राम)
इलायजी पाउडर - 1 छोटी चम्मच
विधि - How to make Pinni
कढा़ई में ½ कप घी डालकर हल्का गरम कर लीजिये, गोंद को भी घी में डाल कर भूनें. धीमी-मीडियम आग पर लगातार चलाते हुए गोंद को अच्छे से फूलने तक और हल्का ब्राउन होने तक भून लीजिए. गोंद को मीडियम आंच पर ही भूनें क्योंकि तेज आंच पर भूनने पर गोंद बाहर से तो ब्राउन हो जाती है, लेकिन अंदर से कच्ची ही रहेगी. भूनी गोंद को अलग प्लेट में निकाल लीजिए (गोंद को तलने में 3 मिनिट का समय लगा है).
बचे हुए घी में बादाम को डालकर हल्का सा कलर चेंज होने तक भून लीजिए. मध्यम धीमी आंच पर बादाम को गोल्डन ब्राउन होने तक लगातार चलाते हुए भूनें. बादाम को सिकने में 2 मिनिट का समय लगा है. बादाम सिक जाने पर इन्हें भी प्लेट में निकाल कर रख लीजिए.

काजू को भी मध्यम धीमी आंच पर सिकने के लिए घी में डालें. काजू को हल्का सा कलर चेंज होने तक सेक लीजिए. काजू सिक कर तैयार है इन्हें भी निकाल कर प्लेट पर रख दीजिए.
खरबूजे के बीज को ड्राय रोस्ट करेंगे. इसके लिए अलग पैन में खरबूजे के बीज डाल दीजिए और बीजों को हल्का सा कलर चेंज होने तक और अच्छे से फूलने तक रोस्ट कर लीजिए. खरबूजे के बीज रोस्ट हो कर तैयार हैं इन्हें भी प्लेट में निकाल लीजिए.
नारियल को डालें और लगातर चलाते हुए हल्का सा कलर चेंज होने तक इसे भून लीजिए. नारियल सिक कर तैयार हैं इन्हें भी निकाल लीजिए.
अब घी वाली कढ़ाई में ½ कप घी और डाल कर दीजिए. घी में आटा डालिये और लगातार चलाते हुये मीडियम आग पर आटे को हल्का ब्राउन होने तक और अच्छी महक आने तक भून लीजिये. अगर आटे में घी की मात्रा कुछ कम लग रही हो तो और घी डाला जा सकता है. आटे का कलर हल्का चेंज हो गया है और उसमें खुश्बू आ रही है आटा भून कर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. आटे को भूनने में 15 मिनिट का समय लगा है. कढा़ई गरम है इसलिए आटे को अभी भी लगातर चलाते रहें जिससे की आटा जले नहीं.
भूना गोंद ठंडा होने पर उसे खलवट्टे की सहायता से दरदरा कुट कर तैयार कर लीजिये. काजू और बादाम को भी इसी तरह से दरदरा कूट कर तैयार कर लीजिए. थोड़े से काजू साबुत ही बचा लीजिए जिन्हें पिन्नी के ऊपर लगाएंगे.

एक प्याले में कूटी गोंद, काजू, बादाम, नारियल, खरबूजे के बीज और आटा डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें. अब इसमें तगार डाल कर एक बार फिर से सारी चीजों को अच्छे से मिला लीजिए. मिश्रण तैयार है, मिश्रण सूखा लग रहा है तो इसमें बाकी का बचा हुआ घी डाल कर इसमें मिला दीजिए. अब इसमें इलायची पाउडर डाल कर मिक्स कीजिए.
पिन्नी बनाने के लिए मिश्रण तैयार है. मिश्रण से थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ से उठाइये और दोनो हाथों से दबा दबा कर गोल पिन्नी बना कर तैयार कीजिये, इस पिन्नी पर 1 काजू लगाकर इस पिन्नी को प्लेट में रखते जाइये. सारी पिन्नी इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये. इतने आटे से लगभग 25 पिन्नी बन कर तैयार हो जाती हैं.
पिन्नी के पूरी तरह से ठंडा हो जाने पर पिन्नी को एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिये, और 2-3 महिने तक खाते रहिये.
सुझाव
- ड्राय फ्रूट को बिलकुल हल्का ही भूनें ज्यादा डार्क नहीं करना है.
- गोंद को मीडियम आंच पर ही भूनें और आंच भी धीमी- मीडियम ही रखें क्योंकि तेज आंच पर भूनने पर गोंद बाहर से तो ब्राउन हो जाती है, लेकिन अंदर से कच्ची ही रहेगी.
- आटे को लगातार चलाते हुए ही भूनें.
- अगर मिश्रण सूखा लग रहा हो तो थोड़ा और घी पिघला कर डालकर मिलाया जा सकता है.
- अगर मिश्रण पतला लग रहा है तो उसे थोड़ी देर के लिए खुले ही छोड़ दीजिए उसके बाद पिन्नी बना लीजिए
- ड्राय फ्रूट आप चाहें तो मिक्सर में डाल कर भी दरदरा पीस कर तैयार कर सकते हैं.
- पिन्नी में ड्राय फ्रूट अपनी पसन्द के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
- तगार को आप कम या ज्यादा अपने हिसाब से ले सकते हैं.
Atta Dry Fruits Laddu | सर्दियों के लिये पंजाबी पिन्नी लड्डू । Winter Special Punjabi Pinni
कमेंट (6)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।