मोटी लाल मिर्च का बनारसी आचार | Lal Mirch ka Achaar | Stuffed Red Chilli Pickle

बेहद तीखा और मज़ेदार मोटी लाल मिर्च का बनारसी आचार एक बार खाएं, बार-बार खाने को मन हो जाए.
Read- Lal Mirch ka Achaar | Stuffed Red Chilli Pickle
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Stuffed Red Chilli Pickle
- लाल मिर्च- 250 ग्राम
- सरसों का तेल- 1 कप
- नींबू- 2
- नमक- 3 टेबल स्पून या स्वादानुसार
- काली सरसों के दाने- 4 टेबल स्पून (40 ग्राम)
- सौंफ- 4 टेबल स्पून (30 ग्राम)
- मेथी दाने- 2 टेबल स्पून (20 ग्राम)
- जीरा- 2 टेबल स्पून (15 ग्राम)
- काली मिर्च- 1 टेबल स्पून (8 ग्राम)
- अजवायन- 1 टेबल स्पून (5 ग्राम)
- काला नमक- 1 टेबल स्पून (10 ग्राम)
- हल्दी पाउडर- 1 टेबल स्पून (7 ग्राम)
- हींग- 2 पिंच
विधि - How to make Lal Mirch ka Achaar
मिर्च को धोकर धूप में 2 से 3 घंटे सुखा लीजिए.
मसाले तैयार कीजिए
मसाले तैयार करने के लिए साबुत मसालों को भून लीजिए. पैन गरम कीजिए. इसमें सौंफ, मेथी दाने, जीरा, अजवायन और काली मिर्च डाल दीजिए. मसालों को लगातार चलाते हुए 2 मिनिट भून लीजिए. इससे इनकी नमी दूर हो जाती है और मसालों का स्वाद भी अच्छा आता है. भुने मसाले प्लेट में निकाल लीजिए और इन्हें ठंडा होने दीजिए.
पैन में सरसों का तेल डालकर अच्छे से गरम कर लीजिए. तेल से धुआं उठने पर गैस बंद कर दीजिए और तेल को पैन में ही ठंडा होने दीजिए. फिर, इसे प्याली में पलट लीजिए.
मसालों के ठंडे होने पर इन्हें दरदरा पीस लीजिए. मसालों को पीसते समय नमक भी मिला लीजिए. मसाले को प्लेट में निकाल लीजिए. काली सरसों को भी दरदरा पीसकर इन्हीं मसालों में मिक्स कर लीजिए. इसमें काला नमक, हल्दी पाउडर और हींग डालकर अच्छे से मिला लीजिए. साथ ही नींबू का रस निकालकर मसाले में मिक्स कर लीजिए. फिर, मसाले में 2 टेबल स्पून तेल भी मिला दीजिए. अचार के लिए मसाला तैयार है.

मिर्च काटिए
मिर्च के डंठल काटकर हटा दीजिए. मिर्ची को इस तरह से लंबाई में काटिए जिससे कि ये नीचे की ओर से जुड़ी रहे. इसके अंदर से थोड़ा सा पल्प और बीज निकालकर मिर्च को खाली कर लीजिए ताकि इसमें मसाला ऊपर तक अच्छे से भर जाए. ऎसा करने से मिर्च जल्दी से खराब नही होती. सारी मिर्च को इसी तरीके से तैयार करके रख लीजिए. मिर्च से निकाले हुए पल्प और बीज को मसाले में मिक्स कर लीजिए.
मिर्च में मसाले भरिए
प्रत्येक मिर्च को उठाकर इसे खोलिए और इसमें चम्मच से मसाला पूरी तरह से भरकर अच्छे से दबा दीजिए और अतिरिक्त मसाला चम्मच से हटाकर मिर्च को प्लेट में रखते जाइए.
तेल में एक-एक मिर्च को पूरी तरह डुबोकर दूसरे प्याले में रखते जाइए. अचार तैयार है. मिर्च के अचार को कन्टेनर में भर लीजिए. आधी मिर्चें कन्टेनर में भरने के बाद प्लेट में बचे हुए मसाले को इन मिर्च पर डाल दीजिए. ऊपर से बाकी मिर्चें भर लीजिए और ऊपर से तेल भी डाल दीजिए. कन्टेनर का ढक्कन बंद कर दीजिए.
लाल मिर्च का तीखा अचार बनकर तैयार है. अचार को 1 से 1.5 महीने तक ही रखना चाहते हैं, तो अचार को इसी तरह भरकर कन्टेनर में बंद करके रख दीजिए. यदि आपके यहां धूप आती है तो अचार को 3 दिन धूप में रख लीजिए, मिर्च नरम हो जाएगी वरना आप इसे अलमारी में भी रख सकते हैं.
3 दिन बाद, अचार मसाले सोख लेगा और अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा. अगर आप इस अचार को लंबे समय तक रखना चाहते हैं तो 3 दिन बाद, मिर्च के नरम होने पर ये नीचे बैठ जाएगी, तब आप इतना तेल गरम करके कन्टेनर में डाल दीजिए कि मिर्च तेल में पूरी तरह डूबी रहे. इस तरीके से अचार पूरे साल भर तक रखकर खा सकते हैं.
सुझाव
- आप चाहे, तो साबुत मसालों को भूनने की जगह धूप में 3 से 4 घंटे सुखाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
- मिर्च के अचार के लिए जो भी कन्टेनर ले उसे पहले से उबले पानी से धोकर धूप में अच्छे से सुखा लें.
Lal Mirch ka Achaar | मोटी लाल मिर्च का बनारसी आचार | Stuffed Red Chilli Pickle
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।