दिल्ली के मशहूर राम लड्डू, स्पेशल चटनी व मूली कस के साथ Ram Laddu & Chutney

दिल्ली में राम लड्डू बहुत मशहूर हैं, इसलिये आज हम उसी स्वाद के साथ राम लड्डू बनाने जा रहे हैं. राम लड्डू के साथ-साथ हम इसके साथ परोसने वाली हरी चटनी और मूली कस भी बनाएँगे. इन्हें बनाना बहुत ही आसान है और ये झटपट बनकर तैयार हो जाएँगे. तो आप भी इस आसान विधि के साथ राम लड्डू बनाएं और अपने परिवार के साथ इनके स्वाद का आनंद लें.
दिल्ली के मशहूर राम लड्डू के लिये आवश्यक सामग्री Ingredients for Ram Laddu
चना दाल - Chana Dal - 1/2 कप (100 ग्राम)
मूंग दाल - Moong Dal - 1/2 कप (100 ग्राम)
उरद दाल - Urad Dal - 3 बड़े चम्मच
हींग - Asafoetida - 1 पिंच
नमक - Salt - 3/4 छोटी चम्मच
हरी चटनी - Green Chutney - 1 छोटी चम्मच
हरी चटनी के लिये For Special Green Chutney
मूली के पत्ते - Radish Leaves
हरा धनिया - Coriander Leaves - 1 कप
हरी मिर्च - Green Chilli - 3
अदरक - Ginger - 1 इंच, कटे हुए
नींबू - Lemon - 1
नमक - Salt - 1/2 छोटी चम्मच
काला नमक - Black Salt - 1/2 छोटी चम्मच
अमचूर पाउडर - Dry Mango Powder - 3/4 छोटी चम्मच
जीरा - Cumin Seeds - 1/2 छोटी चम्मच
हींग - Asafoetida - 1/2 पिंच
मूली कस - Grated Radish
चाट मसाला - Chaat Masala
हरी चटनी और मूली कस बनाने की विधि Process of making Green Chutney and Mooli Kas
मिक्सर जार में मूली के कुछ पत्ते (अच्छे से धो कर सुखा कर), 1 कप हरा धनिया, 3 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक, 1 नींबू का रस, 1/2 छोटी चम्मच नमक, 1/2 छोटी चम्मच काला नमक, 3/4 छोटी चम्मच अमचूर पाउडर, 1/2 छोटी चम्मच जीरा, 1/2 पिंच हींग और 1-2 बड़े चम्मच पानी डालिये. इन्हें बारीक पीसिये, हरी चटनी बनकर तैयार हो जाएगी.
मूली को छील कर अच्छे से धो कर सुखा कर लीजिये. अब मोटे ग्रेटर से इसे ग्रेट करके प्लेट में निकाल लीजिये. फिर इसमें कुछ बारीक कटे हुए मूली के पत्ते डाल कर मिलाएं. इस तरह मूली कस बनकर तैयार हो जाएगा.
राम लड्डू के लिये बैटर बनाने की विधि Process of making the Batter for Ram Laddu
1/2 कप चना दाल, 1/2 कप मूंग दाल और 3 बड़े चम्मच उरद दाल को अच्छे से धो कर 2 घंटे के लिये पानी में भिगो कर रखिये. फिर इनका पानी हटा कर मिक्सर जार में ये तीनों दाल, 1 पिंच हींग और 1 बड़े चम्मच पानी डालिये. इन्हें दरदरा पीस कर बाउल में निकाल लीजिये.
फिर इन्हें लगातार 6-7 मिनट तक फेंटिये. इन्हें अच्छे से फेंटने के बाद इसमें 3/4 छोटी चम्मच नमक और 1 छोटी चम्मच हरी चटनी डाल कर अच्छे से मिलाएं. मिल जाने पर राम लड्डू के लिए बैटर बनकर तैयार हो जाएगा.
राम लड्डू तलने की विधि Process of frying Ram Laddu
कढ़ाही में तेल गरम कीजिये, तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिये और फ्लेम मीडियम-हाई होनी चाहिये. उंगलियों को पानी में डिप करके पकोड़े गरम तेल में तलने डालिये. जितने एक बारी में कढ़ाही में आ जाएं, उतने डाल कर इन्हें कुछ देर तलने दीजिये.
फिर इन्हें पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तलिये. इन्हें निकाल कर बाकी भी इसी तरह तल कर निकाल लीजिये. राम लड्डू बनकर तैयार हो जाएँगे. इन्हें प्लेट में रख कर इनपर मूली कस, हरी चटनी और थोड़ा चाट मसाल डाल कर परोसिये और इनके स्वाद का आनंद लीजिये.
सुझाव Suggestions
राम लड्डू को तलने के लिये तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिये.
दिल्ली के मशहूर राम लड्डू, स्पेशल चटनी व मूली कस के साथ Ram Laddu & Chutney
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।