मैंगो कस्टर्ड - Mango Custard Recipe - Fruit Custard with Mango - Mango Custard Delight

पके आम, वनीला कस्टर्ड पाउडर, क्रीम से बना तथा ताजे फलों से सजा मैंगो कस्टर्ड, स्वाद में बेहतरीन और दिखने में आकर्षक भी.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Mango Custard Delight
- पके आम - 2 (600 ग्राम)
- वनीला कस्टर्ड पाउडर - 2 टेबल स्पून (20 ग्राम)
- चीनी - ½ कप (100 ग्राम)
- अंगूर - ½ कप
- अनार - ½ कप
- ताजा क्रीम - 1 कप (200 ग्राम)
- काजू - ¼ कप (बारीक कटे हुए)
- बादाम - 8-10
- पिस्ते - 15-20
- दूध - ½ लीटर
विधि - How to make Fruit Custard with Mango
कस्टर्ड बनाने के लिए 3-4 टेबल स्पून कच्चा दूध प्याली में निकाल लीजिए और बाकी दूध को किसी बर्तन में उबलने के लिये रख दीजिये, प्याली में निकाले हुए दूध में कस्टर्ड पाउडर डालकर अच्छी तरह तब तक घोलिए जब तक कि कस्टर्ड की गुठलियां खत्म ना हो जाएं.
दूध में उबाल आने पर गैस मीडियम कर दीजिए और कस्टर्ड घोल डालते जाइये, और दूध को चमचे से चलाते जाइये, सारा कस्टर्ड घोल डालकर अच्छी तरह मिक्स कर दीजिये. कस्टर्ड को दूध के साथ लगातार चलाते हुये, 6- 7 मिनिट तक गाढ़ा होने तक पका लीजिए. ध्यान रखें कि इसमें किसी प्रकार की गुठलियां न बने और ये कढ़ाही के तले पर भी न लगे.
6 मिनिट हो जाने के बाद गैस बंद कर दीजिए और कढ़ाही को गैस पर से उतारकर जाली स्टैंड पर रख दीजिए और इसे ठंडा होने दीजिए, लेकिन इसे बीच-बीच में चलाते भी रहें ताकि इसके ऊपर परत न जम पाए और चिकना कस्टर्ड बनकर तैयार हो पाए.

आम को छीलकर टुकड़ों में काटकर रख लीजिए. आम के पल्प को थोडा़ बारीक और थोडा़ बड़ा दोनों साईज के टुकड़ों में काट लीजिए. बड़े आम के टुकड़ों को पल्प बनाने के लिए उपयोग किया जाएगा और छोटे आम के टुकड़ों को कस्टर्ड में डालने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा.
आम काटने के बाद, अंगूर के ऊपरी भाग का काला हिस्सा हटाकर इसे दो टुकड़े करते हुए काट लीजिए.
1 बादाम को 7-8 टुकड़े करते हुए काट लीजिए और सारे बादाम इसी तरह काटकर तैयार कर लीजिए. पिस्ते को भी बादाम की तरह छोटा-छोटा काटकर तैयार कर लीजिए.
आम के बड़े कटे टुकड़ों को मिक्सर जार में डाल दीजिए और चीनी को भी जार में डाल दीजिए और प्यूरी बना लीजिए.
क्रीम व्हिप कीजिए
क्रीम को मथने के लिए इस तरह के 2 प्याले लीजिये कि एक प्याले के अन्दर दूसरा प्याला आ जाय. बड़े प्याले में 1 ट्रे बर्फ के टुकड़े डाल दीजिए और छोटा प्याला बर्फ के ऊपर रखिए. उसमें फ्रिज से निकाली हुई ठंडी हैवी क्रीम डालिए. इलेक्ट्रिक ब्लेन्डर से क्रीम को व्हिप कीजिए. पहले स्पीड 1 पर रख कर 1-2 मिनिट के लिए व्हिप कीजिए. फिर 2 पर 2 मिनिट के लिए व्हिप कीजिए और फिर 5 पर इसे 2 मिनिट के लिए और व्हिप कीजिए. कुल 6 मिनिट में क्रीम गाढ़ी होकर तैयार है. कस्टर्ड के लिए क्रीम अधिक गाढ़ी नहीं करनी होती है.

सामग्री कस्टर्ड में मिक्स कीजिए
कस्टर्ड के लिए सबसे पहले मैंगो चीनी का पेस्ट और क्रीम डालकर अच्छे से मिला दीजिए और एक बार ब्लेंडर की सहायता से भी इसे अच्छे से मिक्स कर लीजिए. कस्टर्ड मिश्रण बनकर तैयार है.
कस्टर्ड को सर्व करने के लिए छोटी-छोटी प्याली लीजिए. इनमें पहले आधा कस्टर्ड डालिए. फिर इसमें बारीक कटे हुए आम के टुकड़े, थोड़े से अंगूर के टुकड़े और अनार डाल दीजिए. फिर, इसमें कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ते डाल दीजिए.
बचे हुए कस्टर्ड के मिश्रण को बड़े प्याले में निकाल लीजिए और इस पर भी कटे हुए आम के टुकड़े, अंगूर, अनार और ड्राय फ्रूट भी डाल दीजिए. इन सभी प्यालों को फ्रीजर में 1 घंटे के लिए रख दीजिए. उसके बाद फ्रीजर से निकालकर स्वादिष्ट ठंडा-ठंडा मैंगो कस्टर्ड सर्व कीजिए.
6-8 सदस्यों के लिए पर्याप्त
सुझाव
- कस्टर्ड में फ्रूट आप अपनी पसंद का ले सकते हैं. आप इसमें किवी या स्ट्राबेरी भी उपयोग कर सकते हैं
- क्रीम को इलेक्ट्रिक ब्लेंडर से व्हिप किया गया है. आप इसे हैंड ब्लेंडर से या फिर हाथों से भी मथ सकते हैं.
- क्रीम को बहुत ज्यादा गाढा़ नहीं करना है, इसे हल्का गाढा़ करना है.
Mango Custard Recipe - मैंगो कस्टर्ड - Fruit Custard with Mango - Mango Custard Delight
कमेंट (9)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: गुंजन जी, ये रेसिपी कस्टर्ड से ही बनी है इसलिए कस्टर्ड होना जरूरी है.
निशा: राखी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: राखी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: पाल जी, हाँ क्रीम को फैंट कर ही डाला जाता है.
निशा: ऋत्विक जी, निशा: ऋत्विक जी, जी हां क्रीम को मिक्सर ग्राइन्डर में फैंट सकते हैं. वनीला कस्टर्ड हर फ्लेवर में चल जाता है, इसके लिये मेन्गो कस्टर्ड भी ले सकते हैं.
निशा: आप क्रीम के बिना भी इसे बना सकती हैं, लेकिन क्रीम डालने से कस्टर्ड में स्वाद अच्छा आता है.