छोलिया लड्डू - Choliya Laddu Recipe - Chholiya ke laddu recipe

हरे चने के पेस्ट को भूनकर, बूरा और मेवे मिलाकर बनने वाले छोलिया लड्डू काफी मज़ेदार होते है. आजकल ताजे छोलिया मार्केट में उपलब्ध हैं, आप इन्हें बनाकर इनके स्वाद का लुत्फ उठा सकते हैं.
Read - Choliya Laddu Recipe - Chholiya ke laddu recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Chholiya ke laddu recipe
- छोलिया - 1.5 कप (250 ग्राम)
- बूरा - 1 कप (150 ग्राम)
- मैदा - ¼ कप (3-4 टेबल स्पून)
- घी - ½ कप (125 ग्राम)
- काजू - 2 टेबल स्पून
- खरबूजे के बीज - 2 टेबल स्पून
- इलायची - 5-6
- दूध - ¼ कप
विधि - How to make Choliya Laddu
हरे चनों को पानी से अच्छे से धोकर सुखाकर रख लीजिए. फिर, इन्हें मिक्सर में दूध के साथ पीसकर बारीक पेस्ट तैयार कर लीजिए.
काजू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए और इलायची को छील कर बारीक पाउडर बना लीजिए.
पैन गरम कीजिए और इसमें खरबूजे के बीज डाल दीजिए. इन्हें लगातार चलाते हुए फूलने और हल्का सा रंग बदलने तक भून लीजिए. बीज भुन जाने पर गैस बंद कर दीजिए और गरम पैन में इन्हें थोड़ी देर चलाते रहिए ताकि ये जल न जाए. भुने बीजों को एक प्याले में निकाल लीजिए.

पैन में आधे से अधिक घी डालकर गरम कीजिए. घी के पिघलने के बाद, इसमें चने का पेस्ट डाल दीजिए और मैदा भी डाल दीजिए. दोनों सामग्रियों को कलछी से लगातार चलाते हुए भूनिए. इन्हें चने के ब्राउन होने तक और अच्छी महक आने तक भूनिए. चने के भुन जाने पर इसे अलग से प्याले में निकाल लीजिए. इसमें खरबूजे के बीज, काजू, इलायची पाउडर और बूरा डाल कर अच्छे से मिक्स कीजिए.
लड्डू के लिए मिश्रण तैयार है. मिश्रण से थोड़ा मिश्रण उठाइए और दोनो हाथों की सहायता से गोल लड्डू बनाकर तैयार कर लीजिए, तैयार लड्डू को प्लेट में रखिए और सारे लड्डू इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिए.
चने के लड्डू बनकर तैय़ार हैं. लड्डुओं को आप अभी खा सकते हैं और जब ये पूरी तरह से ठंडे हो जाएं तो लड्डुओं को कंटेनर में भरकर रख दीजिए और 15 से 20 दिनों तक इनके अनोखे ज़ायके का मज़ा लीजिए.
सुझाव
- आप बूरा के बदले पाउडर चीनी का भी उपयोग कर सकते हैं.
- बूरा आप अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं.
- आप अपनी पसंद अनुसार ड्रायफ्रूट - बादाम, अखरोट, चिरौन्जी इत्यादि ले सकते हैं.
- अगर आप इसमें मावा डालना चाहते हैं तो 150 ग्राम मावा को हल्का सा भून कर ले लीजिए और छोलिया के भुन जाने पर इसमें इलाइची, ड्रायफ्रूट और बूरा डालते समय ही मावा को भी डाल कर अच्छे से मिक्स कर लीजिए और लड्डू बना कर तैयार कर लीजिए.
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: निधि जी, बूरा की जगह पिसी हुई चीनी का इस्तेमाल किया जा सकता है.
निशा: हर्षा जी, हां, हरे चने को छोलिया और होले भी कहा जाता है और यह होली के आसपास ही मिलते हैं.