चॉकलेट क्लस्टर्स (Easy Chocolate Clusters Recipe)

बच्चों और यंग जनरेशन की खास पसंद चॉकलेट से मोल्डेड चॉकलेट कैन्डी (Molded Chocolate Candy) हम बना चुके हैं आज हम ड्राय फ्रूट से भरी स्वादिष्ट चॉकलेट क्लस्टर्स (Chocolate Clusters) बनायेंगे. चॉकलेट क्लस्टर्स को बहुत सारी चीजों से बनाया जा सकता है, अपने पसन्द के अनुसार कोई भी ड्राई फ्रूट, रोस्टेड मूंगफली के दाने, रोस्टेड चने, कार्न फ्लेक्स, पाप कार्न किसी से भी कलस्टर्ड चॉकलेट बना सकते हैं.
चॉकलेट क्लस्टर्स के स्वाद में थोड़ा अधिक मीठा करने के लिये हम डार्क कम्पाउंड (डार्क चॉकलेट) में व्हाइट कम्पाउन्ड (व्हाइट चॉकलेट) को मिलाकर बनायेंगे जिससे इनका स्वाद और भी अच्छा बनेगा.
Read : Easy Chocolate Clusters Recipe in English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Chocolate Clusters
- डार्क कम्पाउन्ड - 250 ग्राम बारीक टुकड़े की हुई
- व्हाइट कम्पाउन्ड - 125 ग्राम बारीक टुकड़े की हुई
- वनीला एसेन्स - आधा छोटी चम्मच
- अखरोट - आधा कप छोटे छोटे टुकड़े में कटे हुये
- बादाम - आधा कप
- काजू - आधा कप
- मूंगफली के रोस्टेड छिले दाने - आधा कप
विधि - How to make Chocolate Clusters
सबसे पहले ड्राई फ्रूट को हल्का सा रोस्ट कर लीजिये, बादाम को पैन में डालिये और मीडियम आग पर 2 मिनिट तक लगातार चलाते हुये रोस्ट कर लीजिये, इसी प्रकार काजू और अखरोट को भी अलग अलग रोस्ट करके निकाल लीजिये.
चॉकलेट को मेल्ट करने के लिये, माइक्रोवेव सेफ प्याले में आधा डार्क कम्पाउन्ड और उससे आधा व्हाइट कम्पाउन्ड डालिये. प्याले को माइक्रोवेव में रखिये और चॉकलेट को 1 मिनिट माइक्रोवेव कीजिये. प्याले को बाहर निकालिये और चॉकलेट को चम्मच से अच्छी तरह चला दीजिये, चॉकलेट मेल्ट होना शुरू हो गई है. प्याले को फिर से माइक्रोवेव में रखिये और 30 सेकिन्ड माइक्रोवेव कीजिये. प्याले को बाहर निकालिये और चम्मच से अच्छी तरह चला दीजिये, अगर अभी चॉकलेट पूरी तरह मेल्ट न हुई हो तो उसे 10 - 20 सेकिन्ड और माइक्रोवेव कर लीजिये. अब चॉकलेट को अच्छी तरह चलाते रहिये, जब तक कि वह पूरी तरह मेल्ट और चिकनी न लगने लगे, चॉकलेट को हल्का ठंडा होने दीजिये.

मेल्टेड चॉकलेट में 4-5 बूंद वनीला एसेन्स और रोस्टेड बादाम डालकर अच्छी तरह मिलाइये. चम्मच में 4-5 बादाम चॉकलेट मिक्स उठाइये और बटर पेपर पर रखिये, फिर से इसी तरह बादाम मिक्स चॉकलेट चम्मच से उठाकर बटर पेपर पर रखते जाइये, सारे बादाम क्लस्टर इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये. ठंड के मौसम में ये क्लस्टर 10 मिनिट में बाहर ही सैट होकर तैयार हो जायेंगे, गर्मी के मौसम में बटर पेपर को फ्रिज में 10 मिनिट के लिये रख दीजिये, बादाम क्लस्टर सैट होकर तैयार हो जायेंगे.
बचे हुये चॉकलेट में काजू मिलाइये और चम्मच में 4-5 काजू मिक्स चॉकलेट उठाकर बटर पेपर पर रखिये, सारे काजू क्लस्टर इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये. काजू क्लस्टर को 10 मिनिट के लिये रख दीजिये, ये सैट हो कर तैयार हो जायेंगे.
अखरोट क्लस्टर बनाने के लिये डार्क चॉकलेट और व्हाइट चॉकलेट को प्याले में डालिये और 1 मिनिट माइक्रोवेव कीजिये, चम्मच से अच्छी तरह मिलाइये, चॉकलेट मेल्ट नहीं हुई है, चॉकलेट को फिर से 30 सेकिन्ड माइक्रोवेव कीजिये और प्याला बाहर निकाल कर चॉकलेट को चिकनी और पूरी तरह मेल्ट होने तक चम्मच से चलाते रहिये. मेल्टेड चॉकलेट में वनीला एसेन्स और अखरोट डालकर अच्छी तरह मिलाइये. चम्मच में अखरोट मिक्स चॉकलेट उठाइये और बटर पेपर के ऊपर रखिये, सारे अखरोट क्लस्टर बनाकर तैयार कर लीजिये. अखरोट क्लस्टर को 10 मिनिट सैट होने के लिये रख दीजिये.
मूंगफली दाने क्लस्टर बनाने के लिये बिलकुल उपरोक्त तरीके से चॉकलेट मेल्ट कीजिये और उसी प्रकार चम्मच से मुंगफली दाना मिक्स चॉकलेट उठा कर बटर पेपर पर रखिये और सारे मूंगफली क्लस्टर बनाकर तैयार कर लीजिये. मूंगफली क्लस्टर को 10 मिनिट सैट होने दीजिये.
चॉकलेट क्लस्टर्स (Chocolate Clusters) सैट होने के बाद इन्हें बटर पेपर से उठाकर किसी कन्टेनर में भर कर रख लीजिये. बहुत ही अच्छे चॉकलेट क्लस्टर्स बने हैं. 2 महिने तक कन्टेनर से चॉकलेट निकालिये और खाते रहिये.
सावधानियां
- चॉकलेट हीट से बहुत ज्यादा सेन्सटिव होती है, अधिक हीट होने पर चॉकलेट वजाय मेल्ट होने के हार्ड होने लगती है, और तब चॉकलेट बनाना मुश्किल हो जायेगा. माइक्रोवेव में चॉकलेट को पहली बार में 1 मिनिट ही माइक्रोवे कीजिये, इसके बाद उसे अच्छी तरह चलाइये और बाद में 30 सेकिन्ड और इसके बाद अगर चॉकलेट मेल्ट न हुई हो तब 10 -15 सेकिन्ड ही माइक्रोवेव कीजिए.
- चॉकलेट पानी से भी सेन्सटिव होती है, चॉकलेट में पानी की एक भी बूंद भी जाने पर चॉकलेट अच्छी तरह सैट नहीं होती.
कमेंट (34)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: मनीष, हल्के नम कपड़े से ढककर रखिये, तली जा सकती हैं.
निशा: अनुराधा, दिल्ली में चौकलेट करोल बाग में चौकलेट की दुकान पर, और खारी बाबली में चौकलेट की दुकान पर मिल जाती है, नोयडा में चौकलेट सेक्टर 51 में बेकरी शॉप्स मिल जाती है.
निशा: लविश जी हां मैं कोशिश करती हूँ.