अंकुरित चना मूंग के चीला - Sprouted Grains Cheela Recipe

अंकुरित दालें (Sprouted Grains) बहुत ही पौष्टिक खाना है. अंकुरित दालों को कच्चा भी खाया जाता है और हल्का सा उबाल कर भी खाया जाता है, अंकुरित दालों से बना चीला आपको नाश्ते में और बच्चों को टिफिन में बहुत पसंद आयेगा. तो आइये बनाना शुरू करते हैं ये अंकुरित दाल का चीला (Sprouted Grains Cheela).
Read- Sprouted Grains Cheela Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sprouted Grains Cheela
- अंकुरित किये हुये चना और मूंग - 2, 2 कप
- गेहूं या चावल का आटा - 1 कप
- हरी मिर्च - 1-2
- अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
- नमक - स्वादानुसार ( 1 छोटी चम्मच)
- हींग - 1 पिंच
- लाल मिर्च - 1 - 2 पिंच (यदि आप चाहें)
- धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- हरा धनियां - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- तेल - 2 -3 टेबल स्पून
विधि - How to makeSprouted Grains Cheela
हरी मिर्च के डंठल तोड़ कर धो लीजिये, अदरक छील कर, धोइये और बड़े टुकड़े में काट लीजिये.
अंकुरित चना और मूंग दाल को मिक्सर जार में डालिये, थोड़ा पानी, हरी मिर्च और अदरक डालकर कर बारीक पीस लीजिये.
मिश्रण को बड़े प्याले में डालिये और आटा डाल कर अच्छी तरह फैट कर मिला लीजिये. मिश्रण को पकोड़े के घोल जैसा पतला कर लीजिये, नमक, हींग, लाल मिर्च, धनियां पाउडर और हरा धनियां भी डाल कर मिला दीजिये.

नान स्टिक तवा गैस पर रख कर गरम कीजिये, पहली बार 3-4 बूंदे तेल की डाल कर तवे को चिकना कर दीजिये. एक बड़ा चमचा भर कर मिश्रण, गरम तवे पर डालिये और चमचे से ही घुमाकर, गोल आकार देते हुये पतला चीला फैलाइये. चीले के चारों ओर एक छोटी चम्मच तेल डालिये और एक छोटी चम्मच तेल चीले के ऊपर डालिये.
चीले की ऊपरी सतह का कलर बदलने पर और निचली सतह ब्राउन होने के बाद चीले को पलटिये, चीले को दूसरी ओर से भी हल्का ब्राउन होने तक सेक लीजिये. सिका चीला किसी प्लेट के ऊपर नैपकिन पेपर बिछाकर रखिये या गरम गरम चीला तवे वे उतार कर खाने वाले की प्लेट में रखिये.

एक चीले के बाद दूसरा चीला भी इसी तरह तवे पर फैलाइये और सेकिये. सारे चीले इसी तरह सेक कर तैयार कर लीजिये.
अंकुरित चना और मूंग के चीले (Sprouted Grains Cheela) तैयार हैं, अंकुरित दाल से बने चीले दही और हरे धनिये की चटनी के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव:
अंकुरित दाल (Sprouted Grains) के मिश्रण में आप अपने स्वाद के अनुसार सब्जियां, कद्दूकस किये गये गाजर, बन्द गोभी, फूल गोभी या जो भी सब्जी आपको पसन्द हो मिला सकते हैं.
कमेंट (32)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: रुपाली, सिर्फ अंकुरित चने से भी चीला बना सकती हैं, चावल को 2 घंटे पहले भिगो कर, अंकुरित चने के साथ पीस कर भी इसमें मिलाया जा सकता है.