मेंथी के परांठे – Methi Paratha Recipe

📅 21 नवंबर 2008 👁 8.1 लाख बार देखी गई 💬 94 कमेंट ★ 3.2 (10274)

Methi Paratha Recipe

हरी सब्जियां स्वास्थ्य के लिये बहुत ही लाभदायक होती हैं, चाहे उनका किसी भी तरीके से अपने खाने में प्रयोग करें. सर्दी का मौसम आ गया है, इस मौसम में अलग अलग तरह के पराठे खाने का मजा ही अलग है, बाजार में मैथी भी आ गई है, क्यों न आज हम मैथी के परांठे बनायें.

Read - Methi Paratha Recipe In English

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Methi Paratha Recipe

  • गेहूं का आटा - 2 कप 
  • बेसन - 1/2 कप
  • मेथी - 1 कप (250 ग्राम) (बारीक कटी हुई)
  • तेल - आटा गूंथने के लिए और परांठे सेकने के लिये
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
  • नमक - 1/2 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • जीरा - 1/2 छोटी चम्मच 
  • हींग - 1 पिंच

methi_paratha_818485187.jpg

विधि - How to make Fenugreek leaves Paratha

किसी बर्तन में आटा लीजिए. इसमें बेसन, कटी हुई मेथी, अदरक, हरी मिर्च,  नमक, जीरा और हींग डाल दीजिए. साथ ही 2 छोटे चम्मच तेल डाल कर सारी चीजों को अच्छे से मिला लीजिए. थोड़ा थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूथ लीजिये.  गुथे हुये आटे को 20 मिनिट के लिये ढककर रख दीजिये. 

आटा सैट होने पर हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना करके आटे को मसल लीजिए. 

तवे को गैस पर रखकर गरम करिये. गुथे हुये आटे से थोड़ा सा आटा निकालिये, गोल करके लोई बनाइये. लोई को सूखे आटे में लपेटिए और इसे 3-4 इंच के व्यास में बेलिये. चमचे से थोड़ा सा तेल लगाकर परांठे को चारों ओर से उठाकर बंद कर लीजिए. लोई को फिर से सूखे आटे में लपेटिए और 6 से 7 इंच के व्यास में गोल पराठा बेल लीजिए. 

गरम तवे पर थोड़ा सा तेल लगाइए और परांठा डाल दीजिए. परांठे की निचली सतह सिकने पर इसे पलट दीजिए और दूसरी सतह पर ब्राउन होने पर इसकी पहली सतह पर तेल लगाइए और पलटकर इस ओर भी तेल लगाइए. परांठे को दबाव देते हुए दोनों ओर अच्छा ब्राउन होने तक सेकिये. इसे तवे से उतार कर, प्लेट में रखी कटोरी पर रखिये, परांठा पसीजेगा नहीं. परांठा ठंडे होने के बाद कैसरोल में रख लीजिये. सारे परांठे इसी तरह बनाकर रख लीजिये.

गरमागरम मेथी के परांठे को आलू टमाटर की सब्जी या अपने मनपसन्द सब्जी, दही और चटनी के साथ परोसिये और खाइये.

सुझाव

  • आप बेसन के बिना भी इन परांठों को बना सकते हैं लेकिन बेसन से परांठों में अच्छा स्वाद आता है. 
  • पराठे को खस्ता बनाना हो, तो इसे मीडियम फ्लेम पर ही सेकें. 
  • परांठे को सेकते समय चमचे से दबाने से इसके ऊपर चित्ती बहुत अच्छी आती है. 

Methi Paratha Recipe Video in Hindi

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.2 / 5 (10274 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (94)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

दिनेशराय द्विवेदी
कल सवेरे ही खाए हैं, और सर्दी भर ये चलता रहेगा। बस हम दूसरी विधि में हरी के स्थान पर लाल मिर्च का प्रयोग करते हैं। हरे धनिये की चटनी के साथ खाते हैं। अदरक पराठे के स्थान पर चटनी में होता है। साथ में एक देसी दानेदार गुड़ की डली होती है।
alpana
bahut tasty lagtey hain methi ke paranthey lekin methi ke patton ko saaf kar na ek badi chunauti hai!