राजस्थानी चक्की की सब्जी

आपने गेंहू के आटे से बनी चपाती, पूरी, परांठे, मिठाई ये सब तो खाई होगी लेकिन क्या कभी गेंहू के आटे से बनी सब्जी खाई है. हम आज आपको एक ऐसी सब्जी के बारे में बताएंगे जिसे गेंहू के आटे से बनाया जाता है. ये एक राजस्थानी ट्रेडिशनल डिश है. इसे राजस्थान में चक्की की सब्जी के नाम से भी जाना जाता है.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for chakki ki sabzi
गेहूं का आटा - 4 कप
तेल - 3 से 4 बड़ी चम्मच
जीरा - ¼ छोटी चम्मच
दालचीनी - 1 इंच
काली मिर्च - 7 से 8 पीस
लौंग - 3 पीस
बड़ी इलायची - 1 पीस
हिंग - ½ पिंच
टमाटर - 2
हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
अदरक (टुकड़ा) - ½ इंच
हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटी चम्मच
कसूरी मैथी - 1 बड़ी चम्मच
दही - ¼ कप
मलाई या क्रीम - ¼ छोटी चम्मच
नमक - 1 छोटी चम्मच
गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच
हरा धनिया - 2 बड़ी चम्मच (बारीक कटी हुई)
चीनी - ½ छोटी चम्मच
बेकिंग सोडा - ¼ छोटी चम्मच
तिल - ¼ छोटी चम्मच
घी - 1 छोटी चम्मच
विधि - How to make chakki ki sabzi
आटे की चक्की बनाने के लिए सबसे पहले किसी बर्तन में 4 कप आटा लीजिए. उसमें जरूरत अनुसार पानी डालकर आटे को मसल- मसल कर गूंथ लाजिए. अब डो को आधे घंटे सेट होने के लिए अलग रख दीजिए.

आधे घंटे के बाद किसी बर्तन में पानी भरकर डो को रखकर धो लीजिए. डो को तब तक धोना है जबतक पानी में आटा घुलना बंद न हो जाए (4 से 5 बार ऐसा करने के बाद पानी में आटा घुलना बंद हो जाएगा).
धोने के बाद जो आटा बचा है उसे 10 मिनट के लिए किसी भारी सामान से दबा कर सेट होने के लिए रख दीजिए ताकि उसका सारा पानी निकल जाए. अब चक्की को 4 से 5 टुकड़ों में काट लीजिए.

गैस पर किसी बर्तन में पानी उबलने के लिए रख दीजिए जब पानी में उबाल आने लग जाए तो चक्की के टुकड़ों को पानी में डाल 20 मिनट तक मीडियम फ्लेम पर उबलने दीजिए. 20 मिनट के बाद चक्की पानी में फूल कर दोगुनी हो जाएगी. अब चक्की के पीसेस को पानी से निकाल लीजिए और उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए.
एक पैन में 2 बड़ी चम्मच तेल डालकर गरम कर लीजिए और चक्की के पीसेस को गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए.
अब सब्जी का मसाला तैयार करने के लिए एक पैन या कढ़ाई में 2 छोटी चम्मच तेल डालकर गरम कर लीजिए. उसमें ¼ चम्मच जीरा, 1 पीस तेजपत्ता, 1 इंच दालचीनी का टुकड़ा, 7-8 काली मिर्च के दाने, 3 लौंग के दाने, 1 बड़ी इलायची (छीलकर) और ½ पिंच हिंग डाल दीजिए. इन खड़े मसालों को हलका भुन लीजिए.
अब 2 टमाटर, 1 हरी मिर्च और ½ इंच अदरक का पेस्ट बना लीजिए. पेस्ट को कढ़ाई में डालकर धीमे आंच पर भुन लीजिए. जब मसालों में उबाल आने लगे तो उसमें ½ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर, 1 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1 चम्मच कसूरी मैथी (क्रश कर के) डालकर मसालो को भुन लाजिए.

जब मसालों में तेल अलग होता दिखने लगे तो ¼ कप दही डाल दीजिए. दही डालने के बाद मसालों को उबाल आने तक भुन लीजिए (दही डालने के बाद मसालों को चलाते रहना है).
अब मसालों में ¼ कप मलाई या क्रीम डाल दीजिए. मलाई डालने के बाद मसालों को थोड़ी देर और भून लीजिए. मसालों में 1 कप पानी डाल दीजिए. पानी डालने के बाद तल कर रखी चक्की, स्वाद अनुसार नमक, ¼ छोटी चम्मच गरम मसाला डाल दीजिए और सब्जी को ढक कर लो-मीडियम फ्लेम पर 6-7 मिनट तक पका लीजिए.
गरमा-गरम आटे के चक्की की सब्जी बनकर तैयार है. ये सब्जी आटे से बनी चपाती, परांठे, पूरी किसी के साथ भी खाने में बहुत स्वादिष्ट लगती है.
सुझाव
आटे को तब तक धोते रहिए जब तक पानी में आटा घुलना बंद न हो जाए और धोने पर भी पानी साफ न दिखने लगे.
आप चाहें तो सब्जी की ग्रेवी प्याज, नारियल या फिर ड्राई फ्रूट्स से भी बना सकते हैं. बस ध्यान रहे कि चक्की की सब्जी के लिए गाढ़ी ग्रेवी चाहिए तभी सब्जी स्वादिष्ट बनेगी.
राजस्थानी चक्की की सब्जी - आज आटे की रोटी के बजाय सब्जी बनायें । Traditional Aate ki Chakki ki Sabzi
राजस्थानी चक्की की सब्जी - आज आटे की रोटी के बजाय सब्जी बनायें । Traditional Aate ki Chakki ki Sabzi
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।