फ्रूट्स श्रीखंड बनाने की विधि । Fruits Shrikhand |Yogurt with Fresh Fruit Mix

अपने पसंदीदा फलों के साथ चखें श्रीखंड का स्वाद. आप इसे व्रत में बनाकर भी खा सकते हैं.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Fruits Shrikhand
हंग कर्ड - 2 कप
सेब - 1 (बारीक कटा हुआ)
अंगूर - 100 ग्राम (बारीक कटे हुए)
अनार - 1
कीवी - 1 (बारीक कटी हुई)
अखरोट - 7-8 (बारीक कटे हुए)
पाउडर चीनी - 1/2कप (75 ग्राम)
छोटी इलायची - 2-3 (दरदरी कुटी हुई)
दूध - 1 टेबल स्पून
केसर - 7-8 धागे
विधि - How to make Fruits Shrikhand
श्रीखण्ड के लिए सबसे पहले हंग कर्ड तैयार करेंगे.
हंग कर्ड बनाने के लिए एक प्याला लीजिए, इस पर छलनी रखें और छलनी पर मलमल या पतले साफ कपड़े को रख कर इसमें 4 कप ताजा दही डाल दीजिए और कपड़े को चारों ओर से इकट्ठा करके वापस छलनी में रख दीजिए, 1- 2 घंटे में दही का सारा पानी निचुड कर छलनी के नीचे रखे प्याले में चला जाएगा और कपड़े में गाढ़ा दही रह जाएगा. हंग कर्ड बन कर तैयार है. 4 कप दही से 2 कप हंग कर्ड बनकर तैयार होता है.
केसर के धागे दूध में डालकर रख दीजिये, केसर दूध में घुल जाएगा.
हंग कर्ड को प्याले में निकाल लीजिए, इसमें पाउडर चीनी, केसर वाला दूध, इलायची पाउडर डाल कर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. 2-3 मिनिट अच्छे से फैंट लेने के बाद चिकना मिश्रण बन कर तैयार है.

मिश्रण में बारीक कटे हुए अंगूर, सेब, कीवी, 2-3 टेबल स्पून अनार के दाने और 2-3 टेबल स्पून बारीक कटे अखरोट डाल दीजिए. सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर दीजिए.
मिश्रण को 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दीजिए. 1 घंटे बाद प्याले को फ्रिज से निकालिये और ठंडा ठंडा श्रीखन्ड परोसिये और खाइये. श्रीखण्ड को सर्व करने के लिए एक छोटा सा प्याला लीजिए, इसमें सबसे पहले बारीक कटे फ्रूट से डाल दीजिए इसके बाद इसमें थोड़ा सा श्रीखण्ड डाल कर फ्रूट से इसे गार्निश कर दीजिए. स्वाद से भरा श्रीखण्ड खाने के लिए तैयार है.
सुझाव
- श्रीखन्ड के लिए एकदम ताजा दही ही उपयोग में लाएं.
- फ्रूट आप अपनी पसंद अनुसार जो चाहें ले सकते हैं. फ्रूट अपनी पसंद अनुसार कम या अधिक जैसे चाहें डाल सकते हैं.
- चीनी आप अपनी पसंद अनुसार कम या ज्यादा जितना चाहें ले सकते हैं.
Fruits Shrikhand | ताज़ा फ्रूट्स श्रीखंड बनाने की विधि । Yogurt with Fresh Fruit Mix
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।