साबूदाने की केसरिया खीर । Sabudana Kheer Recipe | Easy Sabudana Dessert for Fast

📅 13 अगस्त 2018 👁 30.3 हज़ार बार देखी गई 💬 2 कमेंट ★ 2.0 (4)

साबुदाने से बनी केसरिया खीर की रेसिपी को आप किसी भी व्रत और त्यौहार पर बनाकर परिवार को खिलाएं आप सभी को इसका स्वाद बेहद पसंद आएगा. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sabudana Kheer

साबूदाना - ½ कप (100 ग्राम)

दूध - 1 लीटर

चीनी - ⅓ कप (75 ग्राम)

काजू - 10-12

बादाम - 10-12

किशमिश - 2 छोटी चम्मच

केसर के धागे - 15-20

इलायची - 5-6

पिस्ते - 15-20

विधि - How to make Sabudana Kheer

साबूदाना को अच्छे से धोकर 1 घंटे के लिए साफ पानी में भीगो कर रख दीजिए. 1 घंटे बाद साबूदाना से अतिरिक्त पानी हटा दीजिए भीगा हुआ साबूदाना तैयार है.

बादाम को पतला-पतला काट लीजिए, काजू को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. पिस्ता बारीक पतला-पतला काट कर तैयार कर लीजिए.

इलायची को छीलकर इसके बीजों का पाउडर बना लीजिए.

केसर के धागों में थोडा़ सा दूध डाल कर रख दीजिए, इससे केसर अपना रंग छोड़ देता है.

खीर बनाने के लिए, एक बड़े बर्तन में 1 लीटर दूध गैस पर गरम होने के लिए रख दीजिए. दूध में उबाल आने पर इसमें भीगा हुआ साबूदाना डाल दीजिए. तेज आंच पर लगातार चलाते हुए जब तक इसमें उबाल न आ जाए इसे चलाते हुए पकाएं.

kasari sabudana kheer recipe

दूध में उबाल आने पर, इसमें किशमिश डाल दीजिए और थोड़े से बादाम, काजू और केसर वाला दूध भी डाल दीजिए और मिक्स कर दीजिए. दूध को मध्यम आंच पर गाढा़ होने तक पकाएं. खीर को बीच-बीच में चलाते भी रहें ताकि वह बर्तन के तले पर न लग पाए.

खीर गाढी़ होकर तैयार है, इसमें चीनी और इलायची पाउडर डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. खीर को 1-2 मिनिट और पकने दीजिए.

खीर बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और खीर को हल्का ठंडा होने दीजिए. खीर के हल्का ठंडा होने पर इसे प्याले में निकाल लीजिए. खीर को बादाम, पिस्ते से गार्निश कीजिए.

स्वादिष्ट केसरिया साबूदाना खीर बनकर तैयार है. आपका जब भी मन करे आप खीर बनाएं और इसके स्वाद का मजा लीजिए.

सुझाव

  • कभी -कभी साबूदाना से दूध फट भी जाता है, ऎसे में दूध को फटने से बचाने के लिए जब दूध में साबूदाना डालें तो दूध को लगातार चलाते हुए उबाल आने तक पकाएं.
  • साबूदाना खीर को हर 1-2 मिनिट में अच्छे से चलाते रहें और चमचे को बर्तन के तले तक ले जाते हुए खीर को चलाएं ताकि यह बरतन के तले पर न लग पाए.

How to make Sabudana Kheer | साबूदाने की केशरिया खीर । Easy Sabudana Dessert for Fast

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
2.0 / 5 (4 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (2)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Rambharat singh
Nisha mam !!
क्या फ्रिज में स्टोर किए गए दूध से खीर बनाएं तो वह दूध फटेगा तो नहीं ना कृपया दें. धन्यवाद
NishaMadhulika
Rambharat singh जी, दूध को पहले उबाल के देख लीजिए उसके बाद ही उसे खीर के लिए उपयोग में लाएं.