पार्टी स्टायल आलू गोभी लेकिन कम तेल में बनी - होली स्पेशल | Aloo Gobhi Spicy Party Style

होली के त्यौहार पर मेन्यू में शामिल करें पार्टी स्टायल आलू गोभी लेकिन कम तेल में बनी, मज़ाल है कि कोई खाने से ना कर पाए.
Read-Aloo Gobhi Spicy Party Style
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Aloo Gobhi Spicy Party Style
- छिले आलू- 3 (300 ग्राम)
- फूलगोभी- 300 ग्राम
- टमाटर- 2 (200 ग्राम)
- अदरक- ½ इंच टुकड़ा
- हरी मिर्च- 2
- तेल- 2 से 3 टेबल स्पून
- हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
- हींग- ½ पिंच
- हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- साबुत गरम मसाले- 1 दालचीनी, 2 तेजपत्ते, 4 लौंग, 10 से 12 काली मिर्च
- अदरक- ½ इंच टुकड़ा (पतले लंबाई में कटे हुए)
- लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच से कम
- नमक- 1 छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार
विधि - How to make Aloo Gobhi Masala Gravy
आलू को बड़े टुकड़ों में काट लीजिए. फूलगोभी को फ्लोरेट करके अच्छे तरह से धोकर ले लीजिए. टमाटर, अदरक और हरी मिर्च का बारीक पेस्ट बना लीजिए.
कढ़ाही में 2 से 3 चम्मच तेल डालकर गरम कीजिए. गरम तेल में ¼ चम्मच जीरा डालकर चटखा लीजिए. फिर, इसमें कटे हुए आलू, फूलगोभी, ½ छोटी चम्मच नमक, ¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर डाल दीजिए. मसाले को 2 मिनिट मिलाते हुए सब्जी को भून लीजिए. इसके बाद, सब्जी को ढककर 5 मिनिट धीमी आंच पर पकने दीजिए. सब्जी को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सब्जी तले पर लगकर जले ना.
सब्जी को चैक कीजिए और फिर से ढककर 5 से 6 मिनिट पकने दीजिए. बाद में, सब्जी को कलछी से दबाकर चैक कर लीजिए. आलू नरम और गोभी क्रन्ची नरम हो जाने चाहिए. सब्जी को पकने में पूरे 20 मिनिट लगते हैं. इसे 4 बार 5-5 मिनिट के लिए चैक करते हुए पकाना है.

मसाला तैयार कीजिए
दूसरे पैन में 2 टेबल स्पून तेल गरम कीजिए. तेल गरम होने पर गैस धीमी करके पैन में बचा हुआ जीरा, हींग, तेजपत्ते, दालचीनी, लौंग और काली मिर्च डालकर मसाले को भून लीजिए. भुने मसाले में टमाटर-अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, बचा हुआ हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर डाल दीजिए. मसाले से तेल अलग होने तक इसे भून लीजिए. इसे भी बीच-बीच में चैक करते रहें.
मसाले से तेल अलग होने और अच्छी खुशबू आने पर मसाला भुनकर तैयार है. इसमें ½ कप पानी डालकर मिक्स कर दीजिए. मसाले में ½ छोटी चम्मच से ज्यादा नमक, लंबाई में कटे पतले अदरक के टुकड़े, गरम मसाला और हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए. जैसे ही मसाले में उबाल आने लगे, इसे सब्जी में डालकर मिला दीजिए. सब्जी को ढककर धीमी आंच पर 3 से 4 मिनिट पकने दीजिए. 4 मिनिट बाद, सब्जी बनकर तैयार है. इसे बनने में 25 मिनिट लगे हैं.
पार्टी स्टाइल गोभी आलू तैयार है. बहुत ही आसानी और जल्दी से बन जाती है. इस स्वादिष्ट सब्जी को नान, पराठे, पूरी, रोटी, चावल के साथ परोसिए.
सुझाव
- तीखा पसंद करने वाले मिर्च की मात्रा बढ़ा भी सकते हैं.
- अगर आप सब्जी को और लटपट बनाना चाहे, तो 1 कप पानी डाल सकते हैं.
Aloo Gobhi Spicy Party Style | पार्टी स्टायल आलू गोभी लेकिन कम तेल में बनी - होली स्पेशल
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
In aalu gobi we can use onion?