बाजरे की खिचड़ी | Bajra Khichdi | Pearl Millet khichdi - Winter Special

बाजरे से बने पकवानों का सेवन सर्दियों में शरीर को गर्माहट और ताकत देने के लिए किया जाता है. आइए शुरूआती सर्दियों के इस मौसम में इससे बनने वाला सबसे सरल व्यंजन बाजरे की खिचड़ी बनाएं.
Read in English - Bajra Khichdi | Pearl Millet khichdi - Winter Special
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Pearl Millet khichdi - Winter Special
- बाजरा - ½ कप
- मूंग दाल - ½ कप (100 ग्राम)
- घी - 2 टेबल स्पून
- जीरा - ½ छोटी चम्मच
- हींग - ½ पिंच
- हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
- अदरक - ½ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- नमक - ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Bajra Khichdi
मूंगदाल को अच्छे से साफ करके धोकर ले लीजिए.
बाजरा को अच्छे से साफ करके धोकर 8-9 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दीजिए. इसके बाद बाजरे में से अतिरिक्त पानी हटाकर छलनी में रख दीजिए ताकि सारा पानी पूरी तरह से निकल जाए.
बाजरा को मिक्सर जार में डाल लीजिए और मिक्सी को तीन बार आधा-आधा मिनिट के लिए चलाकर बाजरे को हल्का दरदरा पीस लीजिए. पिसे हुए बाजरा को प्याले में निकाल लीजिए.
कुकर गरम करके इसमें 1 टेबल स्पून घी डालकर गरम कीजिए. घी के गरम होने पर इसमें 1/4 छोटी चम्मच जीरा डालिये और हल्का सा भून लीजिए. फिर इसमें हींग, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट और हल्दी पाउडर डालकर मसालों को हल्का सा भून लीजिए.

मसाले में बाजरा डाल दीजिए और साथ में मूंगदाल डालकर मिक्स कर लीजिए. सभी चीजों को 1 मिनिट के लिए लगातार चलाते हुए भून लीजिए.
खिचडी़ में 3 कप पानी और नमक डालकर मिक्स कर लीजिए. कुकर का ढक्कन लगाकर खिचड़ी को कुकर में एक सीटी आने तक पकने दीजिए इसके बाद गैस धीमी करके खिचड़ी को और 5 मिनिट पकने दीजिए.
5 मिनिट बाद गैस बंद कर दीजिये. कुकर का प्रैशर खतम होने के बाद उसे खोलिये. खिचड़ी बनकर तैयार है, इसे प्याले में निकाल लीजिए. खिचडी़ को आप चाहें तो ऐसे ही परोस सकते हैं लेकिन इसे और अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिए इस पर अलग से तड़का भी लगा सकते हैं .तड़का लगाने के लिए एक पैन में 1 छोटी चम्मच घी डालकर गरम कीजिए. घी गरम होने पर इसमें जीरा डालकर भून लीजिए, जीरा भुनते ही तड़का तैयार है.
तड़के को तैयार खिचडी़ के ऊपर डालकर हल्का सा मिक्स कर दीजिए. स्वाद से भरपूर गरमागरम बाजरा खिचड़ी बनकर के तैयार है. खिचड़ी को दही, अचार, चटनी, पापड़ के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
- खिचड़ी में हींग का तड़का लगाया है. आप इसमें अपनी पसंद अनुसार लहसुन और प्याज का तड़का भी लगा सकते हैं.
- पारंपरिक रूप से बनाई जाने वाली बाजरे की खिचड़ी में सब्जियां नहीं डाली जाती लेकिन आप चाहें तो अपनी पसंद अनुसार मटर, टमाटर, आलू या फूलगोभी जो डालना चाहें उपयोग कर सकते हैं.
- खिचड़ी में आप घी अपनी पसंद अनुसर कम या ज्यादा डाल सकते हैं.
Bajra Khichdi | बाजरे की खिचड़ी | Pearl Millet khichdi - Winter Special
कमेंट (3)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: आपका बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: अनन्या जी, सुझाव के लिए धन्यवाद, मैं इसे बनाने की कोशिश करूंगी.
निशा: नैन्सी जी, आप चाहें तो इसे अलग से तड़का न लगाएं और आप इसके लिए घी के बदले तेल का उपयोग कर सकते हैं.