चावल की केसरिया खीर | Rice Kesar Kheer Recipe | Chawal Ki Kheer Recipe

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के मन को भाने वाली खीर को आज हम एक अलग रंग देकर बनाएंगे और इस खीर का नाम है चावल की केसरिया खीर. यह खीर किसी भी त्यौहार को और खास और मज़ेदार बना देती है.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Chawal Ki Kheer Recipe
- बासमती टुकड़ा चावल- ¼ कप (50 ग्राम) (भीगे हुए)
- चीनी- ½ कप (100 ग्राम)
- किशमिश- 2 टेबल स्पून
- बादाम- 10 से 12 (कटे हुए)
- काजू- 10 से 12 (कटे हुए)
- इलाइची- 5 से 6
- केसर के धागे- 40 से 50
- दूध- 1 लीटर
विधि - How to make Rice Kesar Kheer
चावल की केसरिया खीर बनाने के लिए पहले टुकड़ा चावल को धोकर आधे घंटे पानी में भिगो दीजिए.
एक बड़े बर्तन में दूध उबलने रख दीजिए. साथ ही थोड़ा सा दूध निकालकर केसर के धागे में डालकर मिक्स कर दीजिए. केसर अपना रंग छोड़ देगा.
इसी बीच, मेवे काट लीजिए. प्रत्येक बादाम को 7 से 8 टुकड़े करते हुए काट लीजिए. काजू को भी बिल्कुल इसी तरह काट लीजिए.
इलाइची को छीलकर दानें निकालकर पीसकर पाउडर बना लीजिए.
दूध में उबाल आने पर भीगे हुए चावल लीजिए और दूध में डालकर मिला दीजिए. इसे 1-1 मिनिट में चलाते हुए 10 मिनिट पका लीजिए. दूध चावल को इस तरह चलाते रहने से चावल बर्तन के तले पर नही लगेंगे.

10 मिनिट बाद, चावल फूल जाएंगे. इसमें मेवे- किशमिश, कटे हुए काजू- बादाम डाल दीजिए. थोड़े से काजू बादाम गार्निशिंग के लिए छोड़ दीजिए. खीर को 1-1 मिनिट में चलाते हुए मीडियम आग पर पकाइए. चमचे को बर्तन के तले तक ले जाते हुए चलाइए.
10 मिनिट बाद, खीर के गाढ़े होने पर इसमें दूध में भिगोकर रखी केसर और इलाइची पाउडर डाल दीजिए. इन्हें खीर में अच्छे से मिला दीजिए और खीर को 7 मिनिट और पका लीजिए.
बाद में, खीर के और गाढ़े होने पर, खीर को चमचे से गिराकर देखें तो चावल और दूध साथ में गिर रहे हैं, खीर तैयार है. खीर में चीनी डाल दीजिए और खीर को चलाते हुए 1 से 2 मिनिट धीमी आग पर पका लीजिए ताकि चीनी अच्छे से घुल जाए.
चीनी के घुलते ही, खीर बनकर तैयार है. इसे प्याले में निकाल लीजिए.
स्वादिष्ट और बढ़िया केसर राइस खीर को गरमागरम या ठंडा जैसे चाहे परोस सकते हैं. खीर के ऊपर मेवे डालकर गार्निश कर दीजिए. इससे खीर के स्वाद के साथ-साथ यह दिखने में भी आकर्षक लगेगी. खीर को पूरी तरह से ठंडा होने के बाद फ्रिज में रखकर 2 से 3 दिन तक खाया जा सकता है. इतनी खीर परिवार के 4 से 5 सदस्यों को परोसी जा सकती है.
सुझाव
- खीर के लिए टुकड़ा चावल अच्छा रहता है क्योंकि यह जल्दी गल जाता है.
- खीर को प्रत्येक 1 मिनिट में चलाते रहें. इससे खीर बर्तन के तले पर नही लगती.
Rice Kesar Kheer Recipe | चावल की केसरिया खीर | Chawal Ki Kheer Recipe
कमेंट (6)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रीती जी, इसका उपयोग कर सकते हैं स्वाद अच्छा ही रहेगा.
निशा: बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: अंशु जी, मुझे खुशी है की आपको रेसिपी पसंद आई आपका बहुत बहुत धन्यवाद. आप ये रेसिपी बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ जरूर साझा करें.
निशा: वनीता जी, खीर के लिए वैसे तो बासमती टुकडा़ राइस बहुत अच्छा होता है लेकिन आप चाहें तो अन्य नार्मल चावल भी उपयोग कर सकती हैं.