बेसन गुजिया - Besan Ki Gujiya Recipe - Besan Gujia

📅 9 मार्च 2017 👁 78.7 हज़ार बार देखी गई 💬 5 कमेंट ★ 3.9 (713)

बेसन और मेवे के भरांवन से बनी, एक अलग स्वाद से भरी बेसन गुजिया की रेसिपी.

Read - Besan Ki Gujiya Recipe - Besan Gujia Recipe In English

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Besan Gujia

आटा लगाने के लिए

  • मैदा - 1 कप (125 ग्राम)
  • घी - 2 टेबल स्पून (30 ग्राम)
  • दूध - ¼ कप

स्टफिंग के लिए

  • बेसन - ½ कप (50 ग्राम)
  • चीनी पाउडर - ½ कप (75 ग्राम)
  • घी - ¼ कप (50 ग्राम)
  • बादाम - 5 से 6
  • काजू - 5 से 6
  • नारियल - 2 टेबल स्पून (कद्दूकस किया हुआ)
  • चिरौंची - 1 टेबल स्पून
  • किशमिश - 1 टेबल स्पून
  • छोटी इलाइची - 4
  • घी - गुजिया तलने के लिए

विधि - How to make Besan Ki Gujiya

आटा लगाइए
किसी बड़े प्याले में मैदा लीजिए. मैदे में पिघला हुआ घी डालकर अच्छी तरह मिलाइए और थोडा़-थोडा़ दूध डालते हुए पूरी के जैसा सख्त आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए, आटे को 20 से 25 मिनिट के लिए ढककर रख दीजिए.

स्टफिंग तैयार कीजिए
बादाम और काजू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. इलाइची को छीलकर पीस लीजिए. पैन गरम कीजिए.
गरम पैन में 1 टेबल स्पून घी डाल दीजिए. घी पिघलने पर पैन में बेसन डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए थोड़ा सा डार्क रंग होने तक भून लीजिए. बेसन के भुनते ही गैस बंद कर दीजिए. इसमें कटे हुए काजू-बादाम, किशमिश, कद्दूकस किया हुआ नारियल और इलाइची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. मिश्रण को प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दीजिए. बेसन मिश्रण के ठंडा होने पर इसमें चीनी पाउडर डाल दीजिए और अच्छे से मिक्स कर लीजिए.

पूरियां बेलिए
आधे घंटे बाद आटे को मसलकर मुलायम कीजिए. आटे से छोटी-छोटी एक बराबर की लोइयां तोड़ लीजिए. लोई को दोनों हाथों से दबाकर पेड़े जैसा बनाकर रख लीजिए. 

एक लोई निकालिए और इसे किनारे से बेलते हुए 3 से 4 इंच के व्यास में पूरी की तरह बना लीजिए. इसी आकार की 4 से 5 पूरियां बेलकर थाली में रख लीजिए.

गुजिया स्टफ कीजिए
पूरी भरने के लिए, एक पूरी उठाइए और पूरी की नीचे वाली साइड सांचे के ऊपर रखिए, 1 या 1.5 चम्मच मिश्रण पूरी के ऊपर डालिए. इसके किनारों पर उंगली के सहारे से पानी लगाइए. सांचे को बन्द कीजिए, दबाइए और गुजिया के सांचे के बाहर अतिरिक्त पूरी हटा दीजिए. सांचे को खोलिए, गुजिया निकाल कर थाली में रख दीजिए और गुजिया से निकाली अतिरिक्त पूरी को प्याले में रखते जाइए. एक-एक करके सारी पूरियों से गुजिया भरकर इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिए.

गुजिया तलिए
कढ़ाही में घी डाल कर गरम कीजिए. गरम घी में जितनी गुजिया आ जाएं, उतनी डाल दीजिए तथा धीमी और मध्यम आंच पर हल्के ब्राउन होने तक पलट-पलट कर तल लीजिए. गुजिया बन जाने पर इन्हें थाली में निकाल लीजिए. और बाकी की गुजिया को भी गोल्डन ब्राउन होने तक तलकर निकाल लीजिए. एक बार की गुजिया तलने में 3 से 4 मिनिट का समय लग जाता है.

बेसन की स्वादिष्ट गुजिया बनकर तैयार है. इन्हें गरमागरम सर्व कीजिए, ये बहुत ही मज़ेदार लगती हैं. गुजिया के पूरी तरह ठंडी होने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर रख दीजिए और 1 महीने तक खाते रहिए.

सुझाव

  • आटा गूंथते समय मोयन यानिकि घी एकदम सही मात्रा में होना चाहिए. अगर घी कम मात्रा में लिया गया हो तो गुजिया सख्त बनेंगी और घी ज्यादा हो जाए, तो गुजिया बनाने में मुश्किल होगी, ये तलते समय या बेलते समय फट सकती हैं.
  • पूरी बीच में से पतली नही होनी चाहिए वरना गुजिया भरते समय फट सकती है.
  • गुजिया भरते समय रखते उठाते समय ध्यान रखिए. गुजिया फटनी नहीं चाहिए, फटी हुई गुजिया घी में डाली जाए तो उससे स्टफिंग बाहर आ जाती है और घी में मिल जाती है. इसके बाद इस घी में गुजिया तलना मुश्किल हो जाता है. अगर कोई गुजिया फट जाए तो उसे अलग रखिए. आप गैस‌ को बंद कर दीजिए और घी को छान लीजिए. तब दोबारा से गुजिया को तल लीजिए. सारी गुजिया तलने के बाद ही उसे तलें
  • बेसन और मावा की गुजिया बनाना चाहें, तो बेसन में 50 या 100 ग्राम मावा भूनकर ले लीजिए और भुने मावा को बेसन में थोड़ी सी और चीनी के साथ मिला लीजिए.

Besan Ki Gujiya Recipe - Besan Gujia

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.9 / 5 (713 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (5)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

rakhiinindia.in
thank you so much for Besan Ki Gujiya Recipe - Besan Gujia Recipe giving such amazing and luscious recipes... I appriciate your write up.

निशा: राखी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Nomi
Nice receipe mam.u r one of my favourite.ur way of explanation is very nice.thanks will definitely try this.i love ur all receipes

निशा: नोमी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Rekha sharma
maine abhi gujiya banai lekin ek kami dikhi 1. Gujiya ko talte samy uske upar chote chote bulbule uth gaye kya kami rahi

निशा: रेखा जी, गुजिया में नमी रह जाने के कारण ऎसा होता है. गुजिया को भरने के बाद, इन्हें कपड़े पर कपड़े से ढांककर थोड़ी देर रखिए और उसके बाद फ्राय कीजिए, इन पर बुलबुले नही बनेंगे.
Farha
ye gujiya kitne dino takl store kar sakte hai

निशा: फरहा जी, इन्हें 1 महीने तक स्टोर कर सकते हैं.
shradha verma
nice recipe,will going to try soon

निशा: श्रद्धा जी, धन्यवाद.