काजू पिस्ता रोल - Kaju Pista Roll recipe - Cashew Pistachio Rolls - Holi Recipes

काजू पेस्ट की कवरिंग और मेवों से भरे काजू पिस्ता रोल देखकर किसी का भी मन ललचाने लगे. होली फेस्टीवल पर इस स्वादिष्ट पकवान को बनाकर सभी का मुंह मीठा कराएं.
Read - Kaju Pista Roll recipe - Cashew Pistachio Rolls - Holi Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Cashew Pistachio Rolls
कवरिंग के लिए
- काजू- 1 कप (150 ग्राम)
- चीनी- ⅓ कप (75 ग्राम)
स्टफिंग के लिए
- पिस्ते- ⅓ कप (30 ग्राम)
- बादाम- ⅓ कप (30 ग्राम)
- पाउडर चीनी- 2 टेबल स्पून (20 ग्राम)
- दूध- 2 से 3 छोटी चम्मच
- इलाइची पाउडर- 1/4 छोटी चम्मच
- ग्रीन फूड कलर- ¼ पिंच से कम
- घी- 3 छोटी चम्मच
विधि - How to make Kaju Pista Roll
मिक्सर जार में काजू डालकर पीस लीजिए और पाउडर तैयार कर लीजिए. तैयार पाउडर को एक प्याले में निकाल लीजिए. फिर, इसे चावल छानने वाली मोटे छेद वाली छलनी से छान लीजिए ताकि मोटे टुकड़े अगर रह गए हो, तो अलग हो जाएं. मोटे टुकड़ों को हटा दीजिए.
इसके बाद, थोड़े से साबुत पिस्ते छोड़कर बाकी पिस्ते और बादाम मिक्सर जार में डालकर पाउडर बना लीजिए. पिसे हुए बादाम-पिस्तों को एक प्याले में निकाल लीजिए. साबुत पिस्तों को छोटा-छोटा काट लीजिए.
स्टफिंग तैयार कीजिए
बादाम पिस्तों में कटे हुए पिस्ते और पाउडर चीनी डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. इस मिश्रण में ¼ छोटी चम्मच इलाइची पाउडर डाल दीजिए. 2 छोटी चम्मच दूध एक छोटी प्याली में लीजिए और इसमें ग्रीन फूड कलर डालकर घोल लीजिए. कलर वाला दूध मिश्रण में डाल दीजिए और अच्छे से मिलने तक मिक्स कर लीजिए. स्टफिंग को बिल्कुल अच्छे से बाइन्ड कर लीजिए.

कवरिंग तैयार कीजिए
पैन में चीनी और इतनी ही मात्रा यानिकि ⅓ कप पानी डाल दीजिए. चीनी के घुलने तक चाशनी को पका लीजिए. इसके बाद, गैस धीमी कर दीजिए और इसमें काजू का पाउडर तथा 3 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए. इसे जमने वाली कन्सिस्टेन्सी तक लगातार चलाते हुए मध्यम् आंच पर पका लीजिए. मिश्रण में बिल्कुल भी गुठलियां नही पड़नी चाहिए. मिश्रण पककर तैयार है, इसे बहुत ज्यादा न पकाएं वरना मिश्रण सख्त हो जाएगा.
मिश्रण चैक कीजिए
थोड़ा सा पेस्ट लेकर प्याली में डालिए और ठंडा होने के बाद चैक कीजिए. ये बिल्कुल जमा हुआ लगना चाहिए और इससे गोला तैयार होना चाहिए. मिश्रण को एक अलग प्याले में निकाल लीजिए और हल्का ठंडा होने दीजिए.
काजू की चौकोर शीट बेलिए
कवरिंग बनाने के लिए एक बोर्ड पर पॉलीथीन बिछा लीजिए. इस पॉलीथीन को थोड़े से घी से चिकना कर लीजिए और हल्के गरम पेस्ट को पॉलीथीन पर निकाल लीजिए. इसे हाथ से बाइन्ड करते हुए थोड़ा सा गोल कर लीजिए और पॉलीथीन के बीच में रखकर इसे हाथ से बढ़ा लीजिए. फिर बेलन की मदद से पॉलीथीन को घुमा-घुमाकर इसे चारों तरफ से चौकोर मोटा परांठे जैसा बेल लीजिए. रोल के लिए चौकोर शीट तैयार है.

रोल बनाइए
इसके बाद स्टफिंग को दो भागों में बांट लीजिए. फिर एक भाग उठाकर हाथ से बाइन्ड कर लीजिए और बोर्ड पर रखकर हाथों से रोल करते हुए एक जैसी मोटाई का थोड़ा पतला रोल बना लीजिए. रोल इतना बढ़ा होना चाहिए कि शीट के अंदर पूरा आ सके. इसी तरह दूसरे हिस्से से भी लंबा रोल बना लीजिए.
काजू की चौकोर शीट को बीच से काटकर 2 हिस्सों में बांट लीजिए. फिर, एक स्टफिंग का रोल लेकर शीट के एक तरफ रखिए और पॉलीथीन की सहायता से शीट को रोल करते जाइए. रोल करते समय ध्यान रखे कि ये ढीली न रोल हो, इसे हल्का सा कसके रोल कीजिए. फिर इसे हाथ से रोल करके थोड़ा और पतला कर लीजिए. दूसरे भाग को भी बिल्कुल इसी तरह रोल कर लीजिए और दोनों रोल्स को किसी प्लेट में रखकर फ्रिज में ठंडा होने रख दीजिए ताकि ये सैट हो जाएं.
सैट होने के बाद, इन्हें 2 से 2.5 इंच के बराबर बराबर टुकड़ों में काट लीजिए. काजू पिस्ता रोल खाने के लिए तैयार हैं. ड्राई फ्रूट्स से भरे काजू पिस्ता रोल को किसी भी त्यौहार या शुभ अवसर पर बनाइए और सर्व कीजिए. आप इस मिठाई को फ्रिज में रखकर 15 से 20 दिनों तक खा सकते हैं.
सुझाव
- काजू पिस्ता रोल के लिए टूटे काजू ले लीजिए, वे सस्ते होते है और काजू का पाउडर बनाने के लिए आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं.
- स्टफिंग बनाते समय ध्यान रखें कि दूध डालने के बाद स्टफिंग को अच्छे से मिक्स करके बाइन्ड कर लें.
- काजू को पीसते समय ध्यान रखें कि उसका पेस्ट न बन जाए, वो पाउडर ही रहे. पाउडर को छान ज़रूर लें. ताकि मोटे टुकड़े अलग हो जाएं और सिर्फ पाउडर ही रहे.
- चाशनी में पाउडर डालकर लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक कि वो जमने वाली कन्सिस्टेन्सी में न आ जाए.
- पेस्ट बनाकर चैक ज़रूर कर लें कि उसकी नरम बॉल बन सके.
- पेस्ट को हल्का ठंडा होने के बाद ही जमाएं, वरना ये अच्छे से जमेगा नही और रोल भी नही होगा.
- काजू रोल पर मार्केट में उपलब्ध रोल्स की तरह चांदी का वर्क नही लगाया है क्योंकि यह सिर्फ सजावट के लिए लगाया जाता है और यह स्वास्थ्य के लिए अच्छा भी नही होता.
Kaju Pista Roll recipe - Cashew Pistachio Rolls - काजू पिस्ता रोल - Holi Recipes
कमेंट (5)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: नीरज जी, आपको और आपके परिवार को मेरी ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं और मेरे नन्हें फैन को ढेर सारा स्नेह.
निशा: नवनीत जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: प्रियंका जी, आपका बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: रेशमा जी, चीनी को सिर्फ पानी में घुलने तक ही पकाना है. तार देखने की कोई आवश्यकता नही है.
निशा: ऋतु जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.