मक्के की रोटी और सरसों का साग - Sarson Ka Saag Aur Makki Ki Roti Recipe

📅 11 जनवरी 2016 👁 3.3 लाख बार देखी गई 💬 3 कमेंट ★ 3.0 (3961)

 
मक्के के मोटे आटे से बनी मक्की की गर्म गर्म मोटी मोटी रोटी, सरसों के पत्तों के साथ थोड़े से पालक, बथुआ मैथी वगैरह के पत्तों को बारीक काटकर बना साग और सर्दी के दिन,  इन्हें मक्खन और गुड़ के साथ परोसिये.

Read - Sarson Ka Saag Aur Makki Ki Roti Recipe In English 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sarson Ka Saag - Makki Ki Roti

  • सरसों का साग - 400 ग्राम
  • पालक - 100 ग्राम
  • बथुआ - 100 ग्राम
  • टमाटर - 3 (250 ग्राम)
  • हरी मिर्च - 2
  • अदरक पेस्ट - 1 इंच टुकडा़
  • सरसों का तेल - 2-3 टेबल स्पून
  • हरा धनिया - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • मक्की का आटा - 2-3 टेबल स्पून
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच (यदि आप चाहें)
  • धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
  • नमक - 1 छोटी चम्मच से कम या स्वादानुसार

विधि - How to make Makki Ki Roti - Sarson Ka Saag

सरसों के साग को साफ कीजिये, डंडियों को हटा दीजिये, पत्तों को तोड़ कर अलग कर लीजिये. पत्तों को साफ पानी से धो कर, अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये और पत्तों को बारीक काट कर तैयार कर लीजिये.
इसी तरह पालक को भी साफ कीजिये, मोटी डंडियों को हटा दीजिये, मुलायम पत्तों को तोड़ कर साफ पानी से धो कर, अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये और बारीक काट कर तैयार कर लीजिये. बथुआ के पत्तों को भी अच्छे से साफ करके धोकर सुखा कर बारीक काट लीजिए.

टमाटर हरी मिर्च और अदरक को अच्छे से धोकर मिक्सर जार में डालकर पेस्ट बना लीजिए.
कुकर लीजिए इसमें सरसों, पालक और बथुआ के पत्ते डालकर, आधा कप पानी डाल कर, कुकर बंद कर दीजिए और 1 सीटी आने तक पका लीजिए. कुकर में सीटी आने पर गैस बंद कर दीजिये और कुकर का प्रैशर समाप्त होने दीजिए.

कढा़ई में 2 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर इसमें जीरा डाल दीजिए, जीरा भूनने पर, हींग, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डाल कर थोडा़ सा भून लीजिए. अब इसमें मक्के का आटा डाल कर लगातार चलाते हुए हल्का सा भून लीजिए. अब इस मसाले में टमाटर, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर मिला दीजिए और मसाले को तब तक भूनें जब तक की मसाले में से तेल न अलग होने लगे.
कुकर को खोल लीजिए और सब्जियों को चम्मचे से दबाते हुए मैश कर लीजिए.

मसाला भून जाने पर इसमें सब्जियां डाल दीजिए अब इसमें लाल मिर्च पाउडर और नमक डाल कर मिला दीजिए. अब 1 कप पानी और हरा धनिया डाल कर सब्जी को 10-12 मिनिट तक धीमी आग पर अच्छे से पकने दीजिए. सब्जी को बीच बीच में हर 1-2 मिनिट में चलाते अवश्य रहें. सब्जी बनकर तैयार है.

मक्के की रोटी बनाएं -How to make Makki Ki Roti

मक्के का आटा बर्तन में निकाल लीजिए, और इसमें थोडा़ थोडा़ पानी डालते हुए सख्त आटा लगा कर तैयार कर लीजिए. अब आटे से थोड़ा आटा निकाल कर 2-3 मिनिट तक अच्छे से मसलते हुए नरम कीजिये.
तवे को गैस पर रख कर गरम करें, थोडा़ सा आटा लीजिए और इसे हाथों से गोल करते हुए चपटा कीजिए. अब हाथों पर पानी लगाकर लोई को बढा़एं और चपाती का आकार देते हुए इसे तवे पर डाल दीजिए.

रोटी का रंग ऊपर से थोड़ा सा गहरा हो गया है, इस रोटी को दूसरी तरफ़ पलट दीजिए तथा इसको नीचे की तरफ़ से सुनहरी चित्ती आने तक सेक लीजिए. अब रोटी को चिमटे से उठा करके सीधे गैस के चूल्हे पर सेकें. रोटी को दोनों ओर से ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए. रोटी अच्छे से सिक जाने पर प्लेट पर रख लीजिए और देसी घी लगाकर सर्व कीजिए. इसी तरह से बाकी की रोटी भी बना कर तैयार कर लीजिए.

रोटी को आप पोलिथिन पर भी बढ़ा कर तैयार कर सकते हैं. इसके लिए पोलिथिन पर थोडा़ सा घी लगाकर चिकना कीजिए और इस पर लोई रख दीजिए अब पोलिथिन से लोई को ढक दीजिए और हाथ से दबाते हुए लोई को चपटा करते हुए बढाएं या बेलन की मदद से हल्के हाथों से इसे बेल लीजिए. अब रोटी को पोलिथिन से आराम से उतारते हुए तवे पर डाल दीजिए. रोटी को दोनों ओर से सेक कर घी लगाकर सर्व कीजिए.

मक्के के रोटी और सरसों का साग बनकर तैयार है. साग के ऊपर थोडा़ सा घी और हरा धनिया डाल कर गरमा गरम परोसिये और खाइये.

सुझाव:
अगर आप लहसन पसन्द करते हैं तो जीरा भूनने के बाद, 5-6 लहसन की कली छील कूट कर डालें और हल्का गुलाबी होने तक भूनें, बाकी सारी चीजें इसी प्रकार डालते हुये सब्जी बनायें.
मक्के की रोटी थोड़ी मोटी रहने तक ही बढ़ायें.

  • 3-4 सदस्यों के लिये
  • समय - 75 मिनिट

Dhaba Sarson ka Saag, Makki ki Roti Video in Hindi

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.0 / 5 (3961 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (3)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Suman
Mam kya Sarson ki kachhi tahni bhi le sakte hain.or makke ka aata Lena jaruri h.
निशा: सुमन जी, सरसों की नरम डंडियां बारीक काट कर ली जा सकती हैं, सरसों के साग में मक्के का आटा ही डाला जाता है, अगर मक्के का आटा न हो तब बेसन यूज किया जा सकता है.
neeru
Nisha g,mujhe saag bilkul acha ni lgta Kisi k hath ka par apne mujhe saag ko naye tarike se banana sikhaya h main bilkul try krungi ise thank you very much Nisha mam..

निशा: नीरू जी, आप इसे बनाइए और अपने अनुभव हमारे साथ ज़रुर शेयर कीजिए.
Mgarg
Sarson k saag me makke ka ata kitna dalna h???

निशा: आप इसमें 2-3 टेबल स्पून मक्की का आटा लीजिए.