मैथी आलू की सब्जी - Aloo Methi Recipe, Methi Aloo Recipe, Fenugreek Potato Recipe

ठंड के मौसम के शुरू होते ही हरी हरी मैथी बाजार में दिखाई देने लगती है. मैथी आलू बहुत ही स्वादिष्ट बनते हैं, मैथी की सब्जी बन रही हो तब महक दूर तक फैल जाती है और मैथी, हरे पत्ते वाली सब्जियां पौष्टिक भी होती हैं.
आइये हम मैथी आलू की सब्जी (fenugreek Potato Recipe) बनाना शुरू करते हैं.
Read : Aloo Methi Recipe, Methi Aloo Recipe, Fenugreek Potato Recipe in English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Aloo Methi Recipe
- आलू - 4 (मध्यम आकार के) (400 ग्राम)
- मेथी - 1 बंच (250 ग्राम)
- जीरा - ½ छोटी चम्मच
- हींग - 1-2 पिंच
- धनिया पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
- नमक - ½ छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर - 2-3 पिंच
- गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच से कम
- सरसों का तेल - 1-2 टेबल स्पून
विधि - How to make Aloo Methi Recipe
मैथी के डंठल तोड़ कर साफ कर लें. पत्तियों को दो या तीन बार साफ पानी से धो कर छलनी में रख लीजिए, ताकि पत्तियों से पानी निकल जाय. मैथी को बारीक काट लीजिये. आलू को छीलकर रख लीजिए.
कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिये. गरम तेल में हींग और जीरा डाल दीजिये, जीरा भुनने के बाद हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और हरी मिर्च डालिये. गैस धीमी कर दीजिए और आलू 1/2 -3/4 इंच के मोटे टुकड़ों में काटकर सीधे मसाले में डालिए. आलू पर मसाले की परत चढ़ने तक इसे मिलाइए. आधा नमक डालकर मिला दीजिये. इसमें 2 चमचा पानी डालकर मिलाइए और ढककर 5 मिनिट तक धीमी आग पर पकने दीजिये.
आलू को खोलकर चलायेंगे, आलू आधे कुक हो गए हैं. इसमें मैथी, बचा हुआ नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर सब्जी को अच्छी तरह चमचे से चलाते हुए मिलाइए. सब्जी में 1 चमचा पानी डालकर सब्जी को 5 मिनिट तक धीमी गैस पर ढककर पकने दीजिये. सब्जी को खोलकर चैक कीजिए और सब्जी को चमचे से चला लीजिए. यदि आलू सख्त हों तो सब्जी को ढककर और धीमी गैस पर 2 मिनिट तक पकायें.
मैथी आलू की सब्जी तैयार है. मैथी आलू की सब्जी को प्याले में निकाल लीजिये. गरमागरम परांठे या चपाती के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
- आलू को तुरंत ही काटे. अगर पहले से काटकर रखने हो, तो पानी में डालकर ही रखें, वरना ये काले पड़ जाते हैं.
- सब्जी को बीच-बीच में जरूर चलाते रहें ताकि सब्जी तले पर लगकर जले ना.
Aloo Methi Recipe, Methi Aloo Recipe, Fenugreek Potato Recipe video in Hindi
कमेंट (93)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
धन्यवाद निशा मधुलिका
निशा: नेहा जी, मेरे कार्य को पसंद करने के लिए एवं आपके इन प्रशंसा भरे शब्दों के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: अमनदीप जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: आप अपने स्वादानुसार बदलाव कर सकते हैं.
निशा: हिमांशु जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: प्रिया जी, परेशान न हों रेसिपी को पढें और इसका विडियो भी देखें आप बहुत अच्छे से इसे बना लेंगी.
निशा: हिमांशु जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: ट्विंकल जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
इस रेसीपी के लिए शुक्रिया।
मेथी अगर बनने के बाद थोड़ी कड़वी लगे तो क्या किया जा सकता है?
निशा: भीष्म जी, मेथी का स्वाद हल्का कढ़वा ही होता है, अगर आप इसका कढ़वापन पसन्द नहीं करते तब कटी मेथी में थोड़ा नमक मिलाकर आधा घंटे के लिये रख दीजिये, मेथी का कढ़वा रस निकल जाता है, और अब मेथी को धोकर बना लीजिये लेकिन मेथी का असली स्वाद उसके कढ़वे होने में ही है, सरसों के तेल में बनायें, हींग और हरी मिर्च के स्वाद साथ मेथी बहुत अच्छी लगती है.
निशा: आशी जी, हमारी रेसिपीज़ को इतना पसंद करने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा:मंजू जी, मेरा मानना है कि मेथी आलू खाये जा सकते हैं लेकिन आप डा. से भी इस बारे में पूंछ सकती हैं.
निशा: हर्ष जी, मेथी को काट कर नमक लगाकर 20 मिनिट के लिये रख दीजिये, उससे कढ़वा जूस निकल कर बाहर जा जाता है, धोकर बनायें, लेकिन मेथी का कढ़वापन भी अच्छा लगता है, उसे सरसो के तेल में बनाये बहुत अच्छी बनती है.
निशा: चित्रा जी, इसमें टमाटर डाल सकते हैं. कुकर में भी आलू मेथी बना सकते हैं, लेकिन कड़ाही में बनी आलू मेथी अधिक स्वादिष्ट लगती है.
निशा: शोभा जी, हां, आप इसमें अपने स्वादानुसार पालक भी डाल सकते हैं.
निशा: नीतु जी, धन्यवाद.
निशा: सोनी जी, आप मेथी को उड़द या मूंग की दाल के साथ या साग की तरह बना सकती हैं या फिर मेथी आलू में ही टमाटर की प्यूरी मिक्स करके भी बना सकती हैं.
निशा: हर्षित जी, आप रेसिपी बनाइए और अपने अनुभव हमारे साथ ज़रूर शेयर कीजिए.
निशा: अपूर्व जी, यह रैसिपी हम जल्दी ही बनाने की कोशिश करेंगे.
निशा: नेहा जी, हां आप टमाटर भी डाल सकती हैं.
apki sabhi respy ab ghar pe try krta hu. bhane se ghar sabhi ke saath tym bhi share ho jata hai. aapka bohat bohat dhanybaad.
निशा: दिनेश जी, अपना अनुभव शेयर करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद और आपको ढेर सारी शुभकामनाएं.
निशा: साहिल जी, मैथी डालने के बाद सब्जी को ढककर पहले 5 मिनिट और फिर 4 मिनिट और पकाया गया है.
निशा: निशा जी, हरी मेथी के साथ आलू मिलाकर सब्जी बनाते हैं और सूखी दाना मेथी को भिगो कर सब्जी बनाई जाती है उसे आप मेरी वेबसाइट पर देख सकती हैं.
निशा: कोमल जी, मैथी का स्वाद हल्का कढ़्वा होता है, आप कढ़ाई में और थोड़ा तेल गरम करें, हींग जीरा डालें थोड़ी सी हरी मिर्च डालें, मसाला हल्का सा भुनने के बाद उसमें सब्जी को फिर से फ्राइ करलें, नमक कम हो तो थोड़ा नमक और डाल दें, सब्जी अच्छी हो जायेगी. और अगली बार से कटी मेथी में थोड़ा सा नमक मिलाकर 10-15 मिनिट के लिये रख दे बाद में मेथी को धोकर सब्जी बनायें, मेथी की कढ़वाहट कम हो जायेगी.
निशा: गुरप्रीत जी, आप हमारी वेबसाइट पर जाकर सभी रैसिपीज़ हिन्दी में पढ़ सकते हैं.