गुड़ का परांठा Gur Paratha - Jaggery Paratha

कुनकुनी सर्दी में गुड़ गरमाहट भी देता है और ताकत भी. गुड़ के परांठे स्वादिष्ट होने के साथ साथ बहुत ही पौष्टिक होते हैं. गुड़ की स्टफिंग में बादाम पाउडर डालकर परांठे को और भी अधिक स्वादिष्ट गुड़ के परांठे (Jaggery Paratha) बच्चों को और आपको बहुत पसन्द आयेंगे.
Read: Gur Paratha - Jaggery Paratha in English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Gur Paratha
- गेहूं का आटा - 2 कप
- गुड़ - 3/4 कप (एक दम बारीक कटा हुआ)
- बादाम - 20-25 पीसकर पाउडर बना लीजिये
- घी - 2-3 टेबल स्पून
- इलाइची - 4 छील कर, कूट कर पाउडर बना लीजिये
- नमक - आधा छोटी चम्मच
विधि - How to make Jaggery Paratha
आटे को किसी बड़े डोंगे में निकाल लीजिये, आटे में नमक और 1 छोटी चम्मच घी डालकर मिला दीजिये. गुनगुने पानी की सहायता से नरम आटा गूथ कर तैयार कर लीजिये. गुथे आटे को ढककर 20 मिनिट के लिये रख दीजिये, आटा फूल कर सैट हो जायेगा.
स्टफिंग तैयार कर लीजिये:
गुड़ में बादाम पाउडर और इलाइची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स कर कर लीजिये.

परांठे बनाइये:
तवा गरम कीजिये, आटे से थोड़ा सा आटा एक छोटे अमरूद के बराबर तोड़ कर गोल लोई बनाकर पेड़ा बनाइये, सूखे आटे में लपेट कर 3-4 इंच के व्यास में परांठा बेल लीजिये, बेले गये परांठे के ऊपर थोड़ा सा घी लगाइये, अब 1 - 2 छोटी चम्मच स्टफिंग परांठे के बीच में रखिये और परांठे को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को बन्द कीजिये. अब उंगलियों से दबाकर स्ट्फिंग को चारों ओर एक जैसा फैलाते हुये परांठे को बढ़ाइये, अब इसे सूखे आटे में लपेट कर हल्का दबाव देते हुये गोल 5-6 इंच के व्यास में थोड़ा मोटा परांठा बेल कर तैयार कीजिये.
तवा गरम हो गया है, तवे पर परांठा डालिये और निचली सतह हल्की सी सिकने पर परांठा पलट दीजिये, दूसरी सतह पर हल्की चित्ती आने पर ऊपर की सतह पर थोड़ा सा घी डालकर, चारों ओर फैलाइये, परांठे को पलट दीजिये और दूसरी ओर भी घी डालकर चारों ओर फैलाइये. परांठे को दोनो ओर पलट पलट कर ब्राउन चित्ती आने तक सेकिये. सिके परांठे को प्लेट पर रखी प्याली या बिछे फोइल के ऊपर रखिये, और सारे परांठे इसी तरह से सेक कर तैयार कर लीजिये.
बहुत ही स्वादिष्ट गुड़ के परांठे (Jaggery Paratha) तैयार हैं, गुड के परांठे बिस्किट की तरह से खाइये, दही के साथ खाइये और बच्चों को दूध के साथ खाने को दीजिये, और आप भी खाइये.
सुझाव:
परांठे में बहुत ज्यादा स्टफिंग न भरे परांठा फट सकता है, परांठे बेलते समय सावधानी से हल्का दबाव देते हुये बेलिये. परांठे को सेकते समय भी ध्यान रखें, परांठा फूलने पर चमचे से एकदम न दबायें, परांठे से भाप निकल कर आपके हाथ को जला सकती है, परांठे से गुड़ की चाशनी निकल कर तवे पर आ जायेगी.
गुड़ की स्टफिंग में अपनी पसन्द के अनुसार, बादाम पाउडर की जगह, नारियल पाउडर, तिल को हल्का सा भून कर तिल का पाउडर बनाकर मिलाया जा सकता है.
कमेंट (38)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रभात मैं बिलकुल ठीक हूँ, और कोशिश करूंगी कि आपको रैसिपी देखने को समय से मिलती रहें, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: ममता, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा दी' मैने आप की गुड का पराठा की रेसीपी पढ ली है , मै ईसे जरुर बनाऊ॑गी, और फीर आप को बताऊ॑गी...तब तक आप को थैंक्स...!!
निशा: वर्षा, मैं कोशिश करती हूँ.