पकोड़े की कढ़ी - Besan Kadhi Recipe - Pakoda Kadhi recipe

📅 13 अक्टूबर 2007 👁 14.2 लाख बार देखी गई 💬 251 कमेंट ★ 4.2 (21671)

Besan Pakoda Kadi Recipe

सब्जियाँ और दालें करीब करीब हम रोजाना ही खाते हैं, जब कुछ अलग खाने को मन करता है तो हम कढ़ी (Dahi Besan Kadi) बनाते हैं. कढ़ी कई प्रकार की होती है. पकोड़े की कढ़ी प्रमुख है. यह उत्तर भारत में बनाई जाती है.आज प्रस्तुत है, बेसन कढ़ी पकोड़ा (Kadhi Pakoras Recipe ). इसे आप रोटी, नान या चावल के साथ खा सकते हैं.

Read this recipe in English - Besan Pakoda Kadhi recipe

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Besan Pakoda Kadi

  • बेसन - 200 ग्राम( 1.5 कप)
  • खट्टा दही - 400 ग्राम (2 कप)
  • तेल —1 टेबल स्पून
  • हींग —1-2 पिन्च
  • जीरा - आधा छोटी चम्मच
  • मैथी के दाने — आधा छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर — आधा छोटी चम्मच.
  • लाल मिर्च पाउडर — एक चौथाई छोटी चम्मच .
  • नमक —1 1/2 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • हरी मिर्च — 2 या 3 ( बारीक कटी हुई )
  • हरा धनियाँ — एक टेबल स्पून ( बारीक कटा हुआ ).
  • पकोड़ियाँ तलने के लिये - तेल

विधि - How to make Besan Pakoda Kadi

कढ़ी बनाने के लिये सबसे पहले बेसन को किसी बर्तन में छान कर निकाल लीजिये, पानी की सहायता से बेसन का गाढ़ा घोल बना लीजिये. बेसन के घोल को अच्छी तरह से फैंट लीजिये. फैंटे गये घोल को दो बराबर भागों में बाँट लीजिये.

1. पकौड़ियों के लिये.

कढा़ई में तेल डाल कर गरम कीजिये. तेल गरम हो जाय तो बेसन के एक भाग की पकौड़ियाँ बनाइये( पकौड़ियाँ बनाने के लिये चमचे की सहायता से थोड़ा थोड़ा बेसन का घोल लेकर गरम तेल में डालिये, एक बार में 5 -6  या जितनी पकोड़ियां आसानी से तेल में आ सकें डाल दीजिये, गोल गोल पकौडि़याँ कलछी की सहायता से पलट कर, ब्राउन होने तक तलें और प्लेट में निकाल लीजिये).
इसी तरह सारे बेसन की पकौड़ियां बना लीजिये.

2. कढ़ी के घोल के लिये.

दही को मथकर एक बर्तन में निकालिये, बचे हुये बेसन को फैंटे हुये दही में मिलाकर,इसमें लगभग 1.2 लीटर पानी मिला दीजिये.  कढ़ाई में 1 टेबल स्पून तेल छोड़ कर, सारा तेल निकाल दीजिये, तेल को गरम कीजिये, गरम तेल में हींग, मैंथी और जीरा डाल दीजिये, जीरा ब्राउन हो जाने पर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और हरी मिर्च डाल दीजिये, मसालें में दही बेसन का घोल डाल कर, घोल को चमचे से तबतक चलाते रहें, जबतक घोल गाड़ा न हो जाय और घोल में उबाल न आ जाय. घोल में उबाल आने के बाद, पकौड़ियाँ डाल दीजिये और चमचे से चलाते जायं, कढ़ी में फिर से उबाल आने पर, उसमें नमक डाल कर मिला दीजिये, चमचे से कढ़ी को लगातार चलाना बन्द कर दीजिये.  कढ़ी को 12-15 मिनिट तक धीमी आग पर पकने दीजिये, लेकिन 2-3 मिनिट बाद चलाते अवश्य रहिये. आप देखेंगे कि कढ़ी के ऊपर किनारों की ओर बेसन की मलाई आ रही है.  पकोड़े की कढ़ी बन चुकी है.

कढ़ी (Punjabi Kadi with Pakora) तैयार है. कढ़ाई से कढ़ी को प्याले में निकाल लीजिये. कटे हरे धनिये ऊपर से डालकर सजाइये. पकोड़े की गरमा गरम कढ़ी को चावलों के साथ, या चपाती के साथ परोसिये और खाइये.

नोट:

आपको तीखा खाना पसन्द है तब आप छोटी कढ़ाई में 2 छोटी चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिये, आग बन्द कर दीजिये, तेल में 1/4 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डाल दीजिये. इस बघार को प्याले में भरी कढ़ी के ऊपर डालिये. आपके लिये पकोड़े की तीखी कढ़ी तैयार है.

पांच सदस्यों के लिये, समय - 1 घंटा

Besan Kadhi Recipe - Pakoda Kadhi recipe Video in Hindi

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
4.2 / 5 (21671 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (251)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

deepali
very good.. easy and nice..
nikki
i love kadi