चॉकलेट केक बनाइये – कुकर में – Eggless Chocolate cake in Cooker Recipe

केक ओवन में ही बनाया जाता है लेकिन जब आपको लाइट ही नहीं मिले तो क्या करें? हमारे यहां इलेक्ट्रिसिटी कब चली जाय कोई भरोसा नहीं, इसके लिये केक को प्रेशर कुकर में बनाने का जुगाड़ काम में आता है.
अगर केक बनाने के बीच में ही लाइट चली जाय तो अच्छा भला केक खराब हो जाता है. अगर इलैक्ट्रीसीटी न हो तो केक कुकर में बनाइये, कुकर में भी केक अच्छा बन जाता है. आईये आज प्रेशर कुकर में चॉकलेट केक बनायें.
Read - Eggless Chocolate cake in Cooker Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Eggless Chocolate cake
- मैदा - 250 ग्राम (2 कप)
- घी या मक्खन - 100 ग्राम ( 1/ 2कप )
- पिसी चीनी - 100 ग्राम ( आधा कप )
- कन्डैस्ड मिल्क - 200 ग्राम (आधा टिन)
- कोको पाउडर - 50 ग्राम या आधा कप
- दूध - 200 ग्राम (एक कप)
- बेकिंग पाउडर - एक छोटी चम्मच
- बेकिंग सोडा - आधा छोटी चम्मच
- नमक - एक चौथाई छोटी चम्मच ( यदि आप चाहें)
विधि - How to Make Eggless Chocolate Cake in Pressure Cooker

केक में प्रयोग होने वाली सारी सामग्री निकाल कर मेज पर रख लीजिये.
केक बनाने के लिये बर्तन को ग्रीज कर लीजिये: केक बनाने वाले बर्तन के चारों तरफ थोड़ा सा घी या मक्खन लगाकर चिकना कीजिये, एक छोटी चम्मच मैदा लीजिये और इस घी लगे बर्तन में डालिये तथा बर्तन को बाहरी तरफ से पकड़ कर इस तरह घुमाइये कि मैदा की पतली परत बर्तन के अन्दर सारी जगह लग जाय, अतिरिक्त मैदा को बर्तन से निकाल दीजिये.
केक के लिये ली गई मैदा में नमक, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और कोको पाउडर मिला कर 2 बार छान लीजिये. किसी बड़े बर्तन में घी और चीनी को मिला कर चमचे से अच्छी तरह फैटिये, कन्डैन्स्ड मिल्क डालकर अच्छी तरह मिलने तक खूब फैटिये.
इस मिश्रण में छनी हुई मैदा थोड़ी थोड़ी डाल कर फैटते जाइये, सारी मैदा डालने के बाद 2-3 मिनिट तक मैदा फैटिये, पेस्ट में गुठलियां नहीं रहनी चाहिये. इस पेस्ट में दूध को थोड़ा थोड़ा डाल कर फैटिये, केक के लिये पकोड़े बनाने के लिये जैसा कनसिसटेन्सी वाला पेस्ट तैयार कीजिये. केक के लिये पेस्ट तैयार है अब आप इसमें अखरोट, बादाम या काजू कोई भी मेवा काट कर मिला सकते हैं.
कुकर में केक बनाने के लिये केक कन्टेनर का तला कुकर के तले से नहीं लगना चाहिये नहीं तो केक नीचे से जल सकता है. इसके लिए कुकर के अन्दर तले में एक कटोरी नमक फैला देते है जिससे केक कन्टेनर का तला कुकर के तले से नहीं लगता और नमक गरम होकर तापमान भी बनाये रखता है.

कुकर के अन्दर एक कटोरी नमक डालने के बाद इसे तेज आग पर दो मिनट के लिये रख दीजिये और कुकर के ढक्कन को इसके ऊपर रख दीजिये. दो -तीन मिनट में कुकर केक बनाने के लिये पर्याप्त गरम हो जाएगा.
ग्रीज किया हुआ केक कन्टेनर ले लीजिये( बर्तन में थोड़ा घी डालकर चिकना कर लीजिये और थोड़ी सी मैदा डालकर, बर्तन को इस तरह हिलाइये कि उसके ऊपर पतली सी मैदा की परत बन जाय.) बर्तन में केक मिश्रण डालकर उसे खटखटा कर मिश्रण को एक जैसा फैला दीजिये. इस बर्तन को पहले से गरम किये हुये कुकर में रखिये, कुकर के ऊपर ढक्कन लगाकर बन्द कर दीजिये, लेकिन ढक्कन पर सीटी मत लगाइये. केक को बिलकुल धीमी आग पर 40 - 50 मिनिट तक पकाइये. चालीस मिनट के बाद केक को चैक कर लीजिये, यदि केक अच्छी तरह बेक नहीं हुआ है, केक के अन्दर चाकू डालने से मिश्रण चाकू पर लग कर आ रहा है, तब केक को और बेक कीजिये, 50 मिनिट में केक बन कर तैयार हो जायेगा.

कुकर खोलिये, केक को आप देख सकते हैं कि केक पक गया है, चाहें तो टैस्ट भी कर लीजिये, केक में चाकू गड़ा कर देखिये यदि चाकू से केक नहीं चिपकता तब आपका केक बन गया है.
कुकर को केक कन्टेनर सहित अच्छी तरह ठंडा होने दीजिये. केक को ठंडा होने दीजिये, केक के किनारों से चाकू घुमाकर केक को बर्तन के किनारों से अलग कर लीजिये अब हल्के से ठोक कर केक को प्लेट में निकाल लीजिये.
कुकर में बना हुआ चॉकलेट केक तैयार है, केक को अपने मन पसन्द साइज और आकार में काट लीजिये.

एन्या तो इस चौकलेट केक को बहुत पसंद करती है.
सावधानियां:
- केक का घोल ज्यादा गाड़ा और ज्यादा पतला न हो, घोल को पकोड़े के घोल जैसा रखा जाता है.
- केक का घोल बनने के बाद तुरन्त बेक करने रखें, घोल को देर तक रखने के बाद बेक करने रखेंगे, तब केक अच्छा नहीं फूलता.
- बेकिंग सोडा या बेकिंग पाउडर को हमेशा एअर टाइट कन्टेनर में रखें नहीं तो वे खराब हो जाते हैं और उनके रिजल्ट इतने अच्छे नहीं मिलते.
Eggless Chocolate cake in Cooker Recipe Video
कमेंट (1402)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: पिया, धीमी आग या सिम गैस किसी पर भी पका लीजिये, केक अच्छा बनेगा.
निशा: हिमानी, आप कोई भी केक इसी तरीके से बना सकती हैं.
निशा: रिया, मैं आपके लिये केक का वीडियो भी बनाऊंगी.
निशा: प्रियंका, केक के ऊपर आइसिंग के लिये मैं जल्दी ही बताउंगी.
pahir se batayiye.
निशा: सूरज, अगली बार आग धीमी रखिये और समय का ध्यान भी रखिये.
निशा: भारती, कोई भी बर्तन उपयोग कर सकती हैं. कुकर के ढक्कन से रबर नहीं सीटी हटानी है.
निशा: अनु, केक रैसिपी के नीचे दी गई सावधानियां एक बार पढ़ लीजिये, आप समझ सकेंगी कि केक क्यों नहीं फूला.
निशा: हेमा, बेकिंग सोडा डाला जा सकता है, लेकिन बेकिंग पाउडर की आधी मात्रा से भी कम डालिये.
निशा: रितु, बर्थ डे की शुभकामनायें, आप अच्छा केक बना सकेंगी.
निशा: अनु, मिल्कमेड ही कन्डैन्स्ड मिल्क है, कोकोआ पाउडर भी केक बनाने में प्रयोग में लाया जा सकता है.
निशा: अनु, चौकलेट को मैल्ट करके और मक्खन और आइसिंग सुगर को मिला कर केक की आइसिंग की जाती है.
निशा: सरोज, बालू शाही तलते समय फूली है और चाशनी भी 1 तार वाली बनी है, तब वह अन्दर तक मीठी होती है, यदि बालूशाही अच्छी नहीं फूली है या चाशनी एक दम जमने वाली है तो बालूशाही अन्दर से मीठी नहीं होगी. निराश होने से काम नहीं चलता, कोई भी चीज अच्छी तरह बनाने के लिये उसे बार बार बनाना होता है.
mai apse ye puchna chahti hu ke cake mai namak dalne se kya vo kadva nahi ho jayga
or us ghol ko tyar kerne ke bad kitne der bad kuker mai dalna hai plz
reply
me
निशा: साधना, रैसिपी को 2 बार अच्छी तरह पढ़ लीजिये, आपको प्रश्नों के जबाव भी मिल जायेंगे और रैसिपी को आप आसानी से बना भी सकेंगी.
निशा: विनीता, सभी केक इसी तरह बनते ह, केक न फूलने का कारण आप केक के नीचे दी गई सावधानियां से देख सकती हैं, केक का जलने का कारण आग तेज होना है.
निशा: नम्रता, मैदा एक कप में लगभग 100 ग्राम आती है और दूध 1 कप में200 ग्राम आता है, आप कनफ्यूज मत होइये कप से नापिये और ग्राम को मत देखिये.
निशा: प्रियंका, मुझे खेद है कि आपको रिप्लाई नहीं कर पाई. नमक को आप कितनी भी बार प्रयोग में लाइये, नमक का काम सिर्फ तो कुकर में तापमान मेन्टेन करना है.