सब्जियों के लिये विभिन्न तरी - How to make various Gravy for Curry Recipes

तरी वाली सब्जियां रोजाना हम सभी की किचन में बनती है और ये तो हम सब चाहते हैं कि रोजाना एक ही स्वाद वाली सब्जी न मिले, सब्जी की तरी को आप अलग अलग तरीके से बनाकर उसके स्वाद और सुगन्ध को अलग अलग बना सकते हैं.
Read this recipe in English - How to Make Various Gravy for Curry Recipes
तरी को आप अपनी पसन्द से कोई भी चीज मिला कर उसकी खुशबू और महक बदल बदल सकते हैं. तरी बनाने के लिये हम इन चीजों का प्रयोग करते हैं, टमाटर, मक्खन, मलाई, काजू, खसखस, नारियल, मूंगफली के दाने, तिल और प्याज. तरी को गाड़ा करने के लिये बेसन, एरोरूट या कार्नफ्लोर का प्रयोग किया जाता है. एसा भी नहीं हैं कि आप सब्जी की तरी इतनी ही चीजों के साथ बनायें ये तो आप अपने स्वाद और अपनी कल्पना के अनुसार बदल कर भी बना सकते हैं, लौकी या शिमला मिर्च, पालक इन सब्जियों को भी पीस कर आप तरी तैयार कर सकते हैं. तरी में आप हल्की सी मिठास के लिये 1 छोटी चम्मच शहद या आधा छोटी चम्मच चीनी भी डाल सकते हैं. तो आइये देखते हैं ये तरी बनाना.
टमाटर की तरी - Tomato Tari
टमाटर की तरी सभी लोग जो तेल और घी कम खाते हैं वे भी बड़े स्वाद से खा सकते हैं. इस तरी में आप आलू, अरबी, गोभी, बैगन, मटर, परवल, लौकी, कोफ्ते इत्यादि की सब्जी बना सकते हैं.
टमाटर की तरी के लिय सामग्री. - Ingredients for Totato Tari
- टमाटर - 3-4 मीडियम आकार के
- हरीमिर्च - 1- 2
- अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
- तेल(रिफाइन्ड) - 1-2 टेबल स्पून
- हींग - 1 पिंच
- जीरा - एक चौथाई छोटी चम्मच
- साबुत गरम मसाला - (लोंग 3, काली मिर्च -4,बड़ी इलाइची -1) यदि आप चाहें
- हल्दी पाउडर -एक चौथाई छोटी चम्मच
- लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
- हरा धनियां - 1 टेबल स्पून(बारीक कतरा हुआ)
- गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
टमाटर की तरी कैसे बनायें: How to make Tomato Tari
टमाटर, हरी मिर्च, अदरक पीस लीजिये, इस तरी में अगर आप मूंगफली के दाने डालना चाहते हैं तब 1 टेबल स्पून छिले हुये मूंगफली के दाने भी इसी पेस्ट के साथ पीस लीजिये, या आप नारियल फ्लेवर चाहते हैं तो इस पेस्ट के साथ टुकड़े किये हुये कच्चा नारियल एक टेबल स्पून डाल कर बारीक पीस लीजिये.
कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये, गरम तेल में (धीमी आग पर) हींग और जीरा डालिये, जीरा भूनने पर हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर डालिये और इसके बाद टमाटर का पेस्ट डाल कर मसाले को तब तक भूनिये जब तक कि मसाले के ऊपर तेल दिखाई न देने लगे. सब्जी की तरी के लिये हमारा यह मसाला तैयार हो गया है.
अब इस मसाले में आप जो सब्जी बनाना चाहते है, जैसे उबले हुये आलू या रोस्टेड आलू, हाफ बोइल फूल गोभी या तला हुआ फूल गोभी, तले हुये बैगन, तली हुई अरबी इत्यादि, किसी भी सब्जी को डाल कर मिला दीजिये, सब्जी को जितना गाड़ा या पतला रखना चाहते है उतना पानी मिला दीजिये, नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला भी डाल कर मिलाइये, 3-4 मिनिट सब्जी को उबलने दीजिये, गैस फ्लेम बन्द करने के बाद हरा धनियां भी मिला दीजिये, आपकी तरी वाली सब्जी और वह भी बहुत स्वादिष्ट बिना अधिक चिकनाई के तैयार है.
इस तरह हम कोई भी सब्जी बोइल, हाफ बोइल, भाप में पका कर, ओवन में रोस्ट करके या तल कर पका लेते हैं और तरी बना कर मिला देते हैं, एक स्वादिष्ट खूशबूदार सब्जी तैयार हो जाती हैं.
दाल को भी अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिये इसी तरह टमाटर का मसाला तैयार करके मिला दीजिये इसमें बेसन या मूंगफली इत्यादि जो हम तरी को गाड़ा करने के लिये डालते हैं वे नहीं डालेंगे, लेकिन अगर आप नारियल का स्वाद पसन्द करते हैं तो दाल में नारियल को भी टमाटर के साथ पीस कर डालिये.
जो लोग प्याज खाना पसन्द करते हैं वे तेल में सबसे पहले प्याज भून लेंगे और फिर टमाटर का मसाला डाल कर भूनेंगे और उपरोक्त तरीके से तरी तैयार कर लेंगे.
ये सब्जी को आप डाइरेक्ट कुकर में भी बना सकते हैं, डाइरैक्ट कुकर में सब्जी बनाने के लिये: सब्जी जो बनानी है उसे काट कर तैयार कर लीजिये, कुकर में तेल डाल कर गरम कीजिये, गरम तेल में हींग और जीरा डालिये, जीरा भूनने पर हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर डालिये और इसके बाद टमाटर, हरीमिर्च ,अदरल का पेस्ट डाल कर मसाले को तब तक भूनिये जब तक कि मसाले के ऊपर तेल दिखाई न देने लगे, इस भुने हुये मसाले में सब्जी या दाल जो भी आप बना रहे हैं डाल कर 2 मिनिट तक भूनिये, आवश्यकतानुसार पानी, नमक, लाल मिर्च मिलाइये, कुकर बन्द कीजिये, एक सीटी में सब्जी बनकर तैयार हो जाती है. कुकर खुलने पर सब्जी में गरम मसाला और हरा धनियां मिला दीजिये, हो गई सब्जी तैयार.
टमाटर की तरी में तेल घी बहुत ही कम लगता है, तरी को गाड़ा करने के लिये एक टेबल सपून बेसन, कार्न फ्लोर या मूंगफली के दाने पीस कर कुछ भी डालिये, आप ज्यादा चिकनाई खाने से परहेज करते है तो यह तरी आप किसी भी कोफ्ते की सब्जी में भी बना सकते हैं.
दही की तरी - Curd Tari
यह तरी बड़ी आसानी से बन जाती है, ये तरी आलू, अरबी, कोफ्ते और दाल का करारा बनाने के लिये प्रयोग में लाई जाती है. दही की तरी बनाने के लिये भी अधिक तेल का प्रयोग नहीं किया जाता.
दही की तरी बनाने के लिये सामग्री - Ingredients for Curd Tari
- दही - 200 ग्राम
- तेल - 1-2 टेबल स्पून
- हींग - 1-2 पिंच
- जीरा - आधा छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - आधा छोटी चम्मच
- धनियां पाउडर - एक छोटी चम्मच
- बेसन - 2 छोटी चम्मच
- अदरक - एक इंच लम्बा टुकड़ा या एक छोटी चम्मच पेस्ट
- हरी मिर्च - 2-4 (बारीक कतरी हुई)
- लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
- नमक - 3/4 छोटी चम्मच
- गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
- हरा धनियां - कतरा हुआ एक टेबल स्पून
विधि
दही को आप टमाटर की जगह सब्जी में खटास लाने के लिये भी प्रयोग कर सकते हैं.
दही को मथ लीजिये और दही के बराबर ही पानी मिला कर मठ्ठा बना लीजिये.
कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये, गरम तेल में हींग और जीरा डाल कर तड़काइये, हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर, अदरक पेस्ट, हरी मिर्च और बेसन डाल कर भूनिये महक आने पर या बेसन का कलर बदलने पर दही का मठ्ठा इस मसाले में डालिये और चमचे से चलाते हुये तब तक पकाइये जब तक उसमें उबाल न आ जाये, इस तरी में नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला डालिये, कोफ्ते डाल कर उबाल आने दीजिये. दही वाली तरी की सब्जी तैयार है.
इस तरी में अगर उबाले हुये आलू और अरबी डाल दिये जाय तो आलू और अरबी के रसेदार सब्जी तैयार हो जायेगी, तरी को आप अपने अनुसार पतला या गाड़ा बना सकते हैं.
मक्खन मलाई की तरी -Butter Malai Tari
मक्खन मलाई की तरी पनीर की सब्जी के लिये, मटर पनीर, पनीर पसन्दा, मलाई कोप्ता इत्यादि के लिये तैयार कीजिये.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Butter Malai Tari
- मलाई या क्रीम - आधा कप
- मक्खन - 2 टेबल स्पून
- टमाटर - 2 -3
- हरी मिर्च - 1-2
- अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
- तेल या घी - 1-2 टेबल स्पून
- हल्दी - एक चौथाई छोटी चम्मच (यदि आप चाहें)
- धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
- नमक - स्वादानुसार (3/4 चौथाई छोटी चम्मच)
- गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
- हरा धनियां - बारीक कतरा हुआ(एक टेबल स्पून)
विधि
टमाटर, हरी मिर्च और अदरक को बारीक पीस लीजिये.
कढाई में तेल या घी डालिये. जीरा, हल्दी पाउडर और धनियां पाउडर डालकर भूनिये. टमाटर, हरीमिर्च का पेस्ट डालिये और भूनिये. मसाला जब दाने दार हो जाय तो मलाई और मक्खन भी डाल दीजिये. मसाले को चमचे से चलाते हुये भूनिये, मसाले में उबाल आने पर अपने अनुसार तरी जितनी पतली या गाड़ी रखनी है उतना पानी मिला दीजिये. नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला भी मिला दीजिये. मक्खन मलाई की तरी तैयार है.
अब आपको जो भी कोफ्ते या पनीर डालना है डाल दीजिये, 1-2 मिनिट पकने के बाद, आग बन्द कर दीजिये. मक्खन मलाई की तरी के साथ पनीर की सब्जी तैयार है, हरा धनियां डाल कर सब्जी को सजाइये.
काजू और खसखस की तरी - Kaju Khaskhas Tari
ये तरी आप मटर पनीर, शाही पनीर या कोफ्ते के लिये बनाइये. आप यहां तरी के लिये अकेले काजू भी ले सकते हैं और सिर्फ खसखस लेकर भी तरी बनाई जा सकती है. काजू और खसखस दोनों को एक साथ डाल कर भी तरी बनाई जा सकती है. आप चाहें तो इस तरी में तरबूजे और खरबूजे के बीज भी डाल सकते हैं, ये बीज भी भिगो कर, काजू या खसखस के साथ बारीक पीस कर प्रयोग में लाये जाते हैं.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Kaju Khaskhas Tari
- काजू - 50 ग्राम (2 टेबल स्पून)
- खसखस - 50 ग्राम (2 टेबल स्पून)
- टमाटर - 2 -3
- हरी मिर्च - 1-2
- अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
- तेल या घी - 2-4 टेबल स्पून
- हल्दी - एक चौथाई छोटी चम्मच (यदि आप चाहें)
- धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
- नमक - स्वादानुसार (3/4 चौथाई छोटी चम्मच)
- गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
- हरा धनियां - बारीक कतरा हुआ(एक टेबल स्पून)
विधि
काजू और खसखस को धो कर अलग अलग पानी में आधा घंटे के लिये भिगो दीजिये. अतिरिक्त पानी निकाल कर बारीक पीस लीजिये, पेस्ट को निकाल कर किसी प्याले में रख लीजिये.
टमाटर, हरी मिर्च और अदरक को भी बारीक पीस लीजिये.
कढाई में तेल या घी डाल कर गरम कीजिये. जीरा, हल्दी पाउडर और धनियां पाउडर डालकर भूनिये. टमाटर, हरीमिर्च का पेस्ट डालिये और टमाटर पकने तक भूनिये. काजू और खसखस का पेस्ट डालिये और अब मसाले को दाने दार होने तक भून लीजिये. अपने अनुसार तरी को जितना पतला रखना चाहते है उतना पानी मिला दीजिये, नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला भी मिला दीजिये. उबाल आने के 1-2 मिनिट में ये खाजू खसखस की तरी तैयार, आप इसमें पनीर या कोफ्ते जो भी डालिये उसकी सब्जी काजू खसखस तरी के साथ तैयार है.
नोट:
इन तरी में आप प्याज लहसन डालने चाहते हैं तब तेल गरम होने पर 1 छोटी चम्मच लहसन का पेस्ट और 1- 2 प्याज का पेस्ट भून लीजिये, इसके बाद टमाटर का मसाला या काजू खसखस का मसाला डालिये, भूनिये और तरी तैयार कर लीजिये.
अगर आप दही की तरी बना रहे तो प्याज या लहसन मत डालिये.
कमेंट (156)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: चितरंजन जी, मेरे वेबसाइट और चैनल पर नान बनाने की रेसिपी उपलब्ध हैं उन्हैं आप देख सकते हैं.
निशा: अनीता जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Perhaps u also 9 dis mam
निशा: नैन्सी जी, आप सही कह रही हैं इस तरीके से भी ग्रेवी बनाई जा सकती है. सुझाव के लिए धन्यवाद.
Can I store 6 month
निशा: सुधाकर जी, ये सभी ग्रेवी आप ताजा ही उपयोग में ला सकते हैं.
निशा: राहिनी जी, आप मेरी वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर स्पैशल डे के लिए बनाई जाने वाली बहुत सी रेसिपी देख सकती हैं. जल्द ही मैं राखी पर कुछ और नई रेसिपी अपलोड करूंगी.
निशा: संदीप जी, 2-3 छोटी चम्मच बेसन ले लीजिए. ताजी दही का उपयोग कीजिए.
निशा: जितेन्द्र जी, ग्रेवी में नमक सबसे बाद में ही डालना है अगर नमक पहले डाल देंगे तो ग्रेवी फट सकती है. ग्रेवी को लगातार चलाते हुए पकाएं तो ग्रेवी फटती नहीं है.
20 logon ke liye bina pyaz ki gravy banane ke liye kitne tamatar dale aur gravy thick karne ke liye aur kya option hai
निशा: साक्षी जी, हम घर में 4 लोंगों के लिये सब्जी बनाते हैं जिसमे लगभग 200 ग्राम टमाटर यूज करते हैं, तो इसी हिसाब से 20 लोंगो के लिये 1.25 कि.-1.5 कि. टमाटर की मात्रा ले सकते हैं.
I've been fond of cooking eversince my childhood. I was wondering that how come the restaurants prepare a gravy such thick which is viscous and slimy. Is it because of Khuskhus (Posta dana)?
regards,
निशा: संदीप जी, ग्रेवी के लिए सिर्फ खसखस ही नहीं बल्की क्रीम, मलाई, दूध, काजू पेस्ट, खरबूजे के बीज का पेस्ट इत्यादि का उपयोग ग्रेवी को बहुत ही अच्छा बनाने में सहायक होता है.
Mawe/ khaya se gravy kaise banate hai
निशा: निधि जी, टमाटर मसाला भूनने के बाद, मावा डालकर 3-4 मिनिट मावा से घी अलग होने तक भूनें, पानी मिलाकर सब्जी डालकर बनायें, इसे हम बनाने की कोशिश करेंगे.
निशा: कविता जी, धन्यवाद.
निशा: प्रकाश जी, तेल में हींग जीरा तड़कने के बाद इसमे बारीक कटा प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिए. इसके बाद उपरोक्त विधि अनुसार ग्रेवी तैयार कर लीजिए.
निशा: रेनू जी, आप मेरी वेबसाइट पर ऎसी बहुत सी रैसिपी देख सकती हैं.
निशा: उमा जी, दोनों तरह से मूंगफली का उपयोग कर सकते हैं.
निशा: सोनिया जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा, कोमल जी, थोड़ा पानी और उसके हिसाब से मसाले डालकर उबाल कर सब्जी का खट्टापन कम किया जा सकता है, अगर सब्जी पतला पसन्द न करें तो थोड़े से मूंगफली के दाने या काजू पीस कर डाल सकते हैं. बेसन के सेव पीस कर या बेसन भून कर डाल सकते हैं.
कृपया ध्यान दें एक सूजी वाली भी करी होती है वो कैसे बनाते हैं?
मैंने अकसर उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में ढाबों पे ऐसा देखा है तो आप मेरी सहायता करेंगी बताकर?
Mera question hai apse KI Hotels jaisi thick gravy kaise bnayi jaaye aur gravy ki quantity hum kis tarh badhaye ki flavours balance rahe...
निशा: तृिज्या जी, ग्रेवी को ड्राई फ्रूट से, मावा से, मूगफली के दाने या बेसन या कार्नफ्लोर यूज करके बनाया जाता है, शाही पनीर में आप गाढ़ी ग्रेवी को बनाने का तरीका देख सकती है.
निशा: प्रीती जी, दही को पहले फ्रिज से निकाल कर रख लीजिये, उसे नार्मल रूम टेम्परेचर पर आने दीजिये, दही अच्छे से फैंट कर लीजिए और थोड़ा थोड़ा डालकर सब्जी को तेज आग पर लगातार चलाते हुये पकायें, और नमक सबसे आखिर में डालें, बहुत अच्छी ग्रेवी बनेगी.
Aisi koi gravy batai ye ki jis se alag alag tarah ki paneer ki verity bana sake ek choti resturent ke liye
निशा: मनीष जी, वेबसाइट पर अनेक प्रकार की पनीर की ग्रेवी वाली सब्जी हैं, इन्हैं आप देख सकते हैं.
निशा: कशी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
kisi bhi recipe ki gravy ko gardha karne ke liye kaya karen jese restaurant me hoti hai
निशा: अशोक जी, काजू, खरबूजे के बीज या खसखस को भिगाकर पीस कर मसाले के साथ भून कर मिलायें ग्रेवी गाढ़ी और स्वादिष्ट बनती है.
निशा: दीपा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: अमन जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: बहुत बहुत धन्यवाद.