चावल से बनायें कुरकुरा दोसा मिनटों में - बिना ईनो, सोडा या दही Quick n Crispy Rice Dosa Recipe

नाश्ते के लिये खास आज हम बनाने जा रहे हैं चावल के कुरकुरे दोसा. इन्हें हम बिना ईनो, बकिंग सोडा या दही के बनाएँगे. इन्हें बनाना बहुत ही आसान है और झटपट बनकर तैयार हो जाते हैं. इनका स्वाद बहुत ही लाजवाब होता है, ये कुरकुरे दोसा आप एक बार खाएंगे तो बार-बार खाना पसंद करेंगे. तो आप भी ये स्वादिष्ट चावल के कुरकुरे दोसा बनाएं और अपने परिवार के साथ इनके स्वाद का आनंद लें.
चावल के दोसा के लिये आवश्यक सामग्री Ingredients for Chawal Ka Dosa
चावल - Raw Rice - 1 कप, भीगे हुए
नमक - Salt - 1 छोटी चम्मच
जीरा - Cumin Seeds - 1 छोटी चम्मच
हरी मिर्च - अदरक - Green Chilli - Ginger Paste - 1 छोटी चम्मच
काली मिर्च - Black Pepper - 1/2 छोटी चम्मच, कुटी हुई
हरा धनिया - Coriander Leaves - 1-2 बड़े चम्मच, बारीक कटे हुए
बैटर बनाने की विधि Process of making the Batter
1 कप चावल को अच्छे से धो कर 3-4 घंटे के लिये पानी में भिगो कर रख दीजिये. समय पूरा होने पर पानी हटा कर चावल को मिक्सर में डालिये. साथ ही 1/4 कप पानी डाल कर इन्हें बारीक पीसिये. फिर इन्हें बाउल में निकाल कर इसमें 1.25 कप पानी डाल कर अच्छे से मिलाएं.
मिल जाने पर इसमें 1 छोटी चम्मच नमक, 1 छोटी चम्मच जीरा, 1 छोटी चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, 1/2 छोटी चम्मच कुटी हुई काली मिर्च और 1-2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालिये. इन्हें अच्छे से मिला दीजिये. मिल जाने पर बैटर को 10 मिनट के लिये रख दीजिये.
चावल का दोसा बनाने की विधि Process of making Rice Dosa
तवे को अच्छा गरम करके इसपर तेल डाल कर फैलाएं. फिर इसपर बैटर फैलाएं और कोनों पर थोड़ा तेल डालें. अब दोसा को मीडियम-हाई फ्लेम पर नीचे से हल्का गोल्डन होने तक सेकिये. सिक जाने पर इसे उतार कर दूसरा दोसा भी इसी तरह बना लीजिये.
अगर तवे पर थोड़ा बैटर रह जाए, तो थोड़ा पानी डाल कर कपड़े से तवा पोंछ दीजिये. फिर वापस तवा तेज़ गरम करके तेल फैला कर दोसा फैलाएं. इस तरह चावल के कुरकुरे दोसा बनकर तैयार हो जाएंगे. इन्हें मूंगफली दाना चटनी, हरी चटनी या टोमेटो सॉस के साथ परोसिये और इनके स्वाद का आनंद लीजिये.
सुझाव Suggestions
चावल पीसते समय कम पानी डालना है, नहीं तो ये बारीक नहीं पिसेंगे.
तवे को अच्छा गरम करके दोसा फैलाना है.
बैटर पतला बनाना है.
चावल से बनायें कुरकुरा दोसा मिनटों में - बिना ईनो, सोडा या दही Quick n Crispy Rice Dosa Recipe
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।