धूप में सुखाए आलू के चिप्स - क्रिस्पी, सॉफट व सालों चले Sun Dried Potato Chips

📅 19 अप्रैल 2022 👁 8.2 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

घर पर बने हुए आलू के चिप्स खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होते हैं.  इसलिए आज हम बनाने जा रहे हैं आलू के कुरकुरे चिप्स.  इन्हें आप एक बार बनाकर रख लीजिए और फिर इन्हें साल भर तक जब भी मन करे तल कर खा सकते हैं.  बिना नमक के आलू के चिप्स बनाकर इन्हें आप व्रत के समय भी तल कर खा सकते हैं.  तो आप भी इस आसान विधि के साथ आलू के ये कुरकुरे चिप्स बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.

आलू के चिप्स बनाने की विधि Process of making Potato Chips

2 किलो आलू को छील कर पानी में डाल कर रखिए, नहीं तो इनका रंग काला हो जाएगा.  अब एक बाउल में पानी भरकर इसमें ½ छोटी चम्मच फिटकरी डाल कर अच्छे से मिलाएं.  अब चिप्स कटर से एक-एक आलू काट कर इसमें डालते जाएं और जैसे ही बाउल भर जाए इसमें से कटे हुए आलू चोप्स निकाल कर दूसरे बाउल में डाल कर बाकी आलू भी इसी बाउल में काट लीजिए.

याद रखिए आलू और चिप्स को हर वक्त पानी में रखना है नहीं तो इनका रंग काला होने लगेगा.  आलू के चिप्स काटते वक्त जो आखिर का पतला पीस रह जाएगा उसे हटा दीजिए.  सारे आलू काटने के बाद इन्हें पानी में 1 घंटे के लिए भिगो कर रख दीजिए.

समय पूरा होने पर इन्हें पानी से तीन बारी अच्छे से धो कर एक बाउल में निकाल लीजिए.  अब एक बड़े भगोने में इतना पानी लीजिए की ये चिप्स अच्छे से डूब सकें.  पानी में उबाल आने पर इसमें चिप्स डाल कर इन्हें अच्छे से डुबा कर आधा ढक कर इसे तेज़ फ्लेम पर उबाल आने तक पकाएं.

उबाल आने पर इन्हें हल्के हाथ से चला दीजिए, फिर इन्हें चेक कीजिए ये दबने चाहिए.  अगर ये नहीं दब रहे हों तो इन्हें वापस ढक कर 2-3 मिनट उबालिए.  समय पूरा होने पर इन्हें वापस चेक कीजिए ये हल्के दबने लगेंगे, फिर तुरंत फ्लेम बंद करके इन्हें छलनी में निकाल लीजिए.

अब इन्हें अलग-अलग करके धूप में रखिए और जब ये सूख जाएं तो इन्हें पलट दीजिए.  इसी तरह इन्हें 2 दिन तक धूप में सुखाना है.  सूखने पर ये तैयार हो जाएँगे इन्हें किसी भी कंटेनर में भर कर रख लीजिए.

आलू के चिप्स तलने की विधि Process of frying the Potato Chips

कढ़ाही में तेल गरम कीजिए, तेल तेज़ गरम होना चाहिए और फ्लेम तेज़ होनी चाहिए.  गरम तेल में थोड़े चिप्स डाल कर इन्हें पलटते हुए तलिए.  जैसे ही ये तल जाएं इन्हें निकाल कर जितने भी परोसने हों उस हिसाब से चिप्स तल लीजिए.

इस तरह आलू के चिप्स तल कर तैयार हो जाएँगे.  इन्हें हल्का सादा नमक और काला नमक डाल कर परोसिए और इनके स्वाद का आनंद लीजिए.

सुझाव Suggestions

आलू के चिप्स उबालते समय पानी में 2 छोटी चम्मच नमक डाल कर नमकीन चिप्स भी बना सकते हैं.

इन्हें 2-3 दिन तक धूप में सुखाना है.  अगर धूप ना हो तो इन्हें पंखे की हवा में सुखा सकते हैं.

इन्हें सूखने के बाद किसी भी कंटेनर में रखिए, पूरे साल भर तक इन्हें खा सकते हैं.

धूप में सुखाए आलू के चिप्स - क्रिस्पी, सॉफट व सालों चले Sun Dried Potato Chips

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।