समा के चावल के फराली वड़े - नवरात्री रेसिपी Sama Rice Vada Recipe for Vrat

📅 1 मार्च 2022 👁 6.4 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

व्रत में कुछ अलग स्वाद देने के लिए आज हम बनाने जा रहे हैं समा के चावल के वड़े.  इन्हें बनाना बहुत ही आसान है और ये झटपट बनकर तैयार हो जाते हैं.  अगर कुछ व्रत के खानों से आप ऊब गये हैं तो ये रेसिपी ज़रूर बनाएं आपको बहुत ही स्वादिष्ट लगेगी.  तो इस आसान विधि के साथ आप भी समा के चावल के वड़े बनाएं और इसके स्वाद का आनंद लें.

समा के चावल के वड़े के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Sama Rice Falahari Vada 

समा चावल - Barnyard Millet - ½ कप (100 ग्राम)

दही - Curd - ½ कप

अदरक - Ginger - ½ छोटी चम्मच, ग्रेटेड

हरी मिर्च - Green Chilli - 2, बारीक कटी हुई

काली मिर्च - Black Pepper - ¼ छोटी चम्मच, दरदरी कुटी हुई

सैंधा नमक - Rock Salt - ½ छोटी चम्मच

जीरा - Cumin Seeds - ½ छोटी चम्मच

हरा धनिया - Coriander Leaves - 2 बड़े चम्मच

गाजर - Carrot - 2-3 बड़े चम्मच, ग्रेटेड

तेल तलने के लिए - Oil for Frying

डो बनाने की विधि Process of making Dough

½ कप समा के चावल को अच्छे से 3-4 बार धो लीजिए.  फिर मिक्सर जार में समा के चावल और ½ कप दही डाल कर इन्हें बारीक पीसिए.  बैटर को कढ़ाही में डाल कर मिक्सर जार में 3-4 कप पानी डाल कर मिला कर कढ़ाही में डालिए.

इन्हें अच्छे से मिला कर इसमें ½ छोटी चम्मच सैंधा नमक, 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च, ½ छोटी चम्मच ग्रेटेड अदरक, ¼ छोटी चम्मच कुटी हुई काली मिर्च और ½ छोटी चम्मच जीरा डालिए.  इन्हें अच्छे से मिला फ्लेम जला दीजिए.

इसे लगातार चलाते हुए तेज़ फ्लेम पर पकाएं.  इसके हल्का गाढ़ा होने पर फ्लेम को लो-मीडियम करके गाढ़ा होने तक लगातार चलाते हुए डो के फोर्म में आने तक पकाएं.  डो बनने पर फ्लेम बंद करके इसमें 2 बड़े चम्मच हरा धनिया डाल कर अच्छे से मिला कर प्लेट में निकाल कर ठंडा कीजिए.

वड़ा असेम्बल करने की विधि Process of assembling Vada

डो के ठंडा होने पर इसे मसल कर मुलायम कीजिए.  फिर हाथ पर तेल लेकर थोड़ा सा डो लेकर उसे गोल कीजिए.  अब दबा कर इसे पेड़े जैसा बनाएं, फिर बीच में एक छेद करके वड़ा का आकार दीजिए.  इसी तरह कुछ वड़े असेम्बल करके तैयार कर लीजिए और बाकी डो को ढक कर रख दीजिए.

वड़े तलने की विधि Process of frying Vade

कढ़ाही में तेल गरम कीजिए, तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिए और फ्लेम भी मीडियम-हाई होनी चाहिए.  गरम तेल में वड़े डाल कर 2 मिनट तलने दीजिए.  फिर इन्हें पलट-पलट कर दोनों ओर से अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक तलिए.  इन्हें निकाल कर बाकी भी इसी तरह तल लीजिए.

अब बचे हुए डो में 2-3 बड़े चम्मच ग्रेटेड गाजर डाल कर अच्छे से मिलाएं.  फिर इसमें थोड़ा सा नमक और थोड़ी सी बारीक कटी हुई हरी मिर्च डाल कर अच्छे से मिलाएं.  अब इन्हें उसी तरह गोल करके पेड़े बना कर वड़े बनाएं.  फिर तल कर निकाल लीजिए.

इस तरह फलाहारी वड़े बनकर तैयार हो जाएँगे.  इन्हें हरे धनिये की व्रत वाली चटनी के साथ परोसिए और इनके स्वाद का आनंद लीजिए.

सुझाव Suggestions

बैटर बनाते वक्त पानी को नाप कर डालें.

डो बनाते समय पहले इसे हाई फ्लेम पर पकाएं फिर गाढ़ा होने पर इसे लो-मीडियम फ्लेम पर पकाएं.

तलते समय तेल अच्छा गरम होना चाहिए और फ्लेम भी मीडियम-हाई होना चाहिए.

समा के चावल के फराली वड़े - नवरात्री रेसिपी Sama Rice Vada Recipe for Vrat

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।