सूजी और आटे से बना कुरकुरा डोसा Instant Crispy Rava Dosa Recipe

हल्के नाश्ते के लिए आज हम बनाने जा रहे हैं सूजी और आटे से बना कुरकुरा डोसा. ये काफी आसान विधि से झटपट बनकर तैयार हो जाएँगे. जो भी इन्हें खाएगा उसे पता ही नहीं चलेगा की ये सूजी से बने हैं. ये खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होते हैं. तो आप भी इस आसान विधि के साथ सूजी व आटे के कुरकुरे डोसा बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.
इंसटेंट डोसा के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Instant Dosa
सूजी - Semolina - 1 कप
गेहूँ का आटा - Wheat Flour - ¼ कप
दही - Curd - 1 कप
नमक - Salt - ¾ छोटी चम्मच
बेकिंग सोडा - Baking Soda - ¼ छोटी चम्मच
बैटर बनाने की विधि Process of making Batter
बाउल में 1 कप बारीक वाली सूजी, ¼ कप गेहूँ का आटा, 1 कप दही और ¾ छोटी चम्मच नमक डालिए. इन्हें अच्छे से मिला कर इसमें थोड़ा पानी डाल कर मिलाएं. बैटर एकदम स्मूद होना चाहिए, जैसा डोसा के लिए बनाया जाता है. बैटर बनने के बाद इसे ढक कर 15 मिनट के लिए रख दीजिए.
डोसा बनाने की विधि Process of making Dosa
बैटर अगर ज़्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी डाल कर इसे अच्छे से मिलाएं. फिर इसमें ¼ छोटी चम्मच बेकिंग सोडा डाल कर अच्छे से मिलाएं. अब तवा को गरम करके इस पर तेल डाल कर फैलाएं. फिर पानी छिड़क कर तवा को पोंछिए. अब बैटर डाल कर डोसा फैलाएं, फिर फ्लेम तेज़ करके चारों ओर तेल डाल कर डोसा को नीचे की ओर से अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक सिकने दीजिए.
नीचे से सिकने पर डोसा को फोल्ड करके इसे उतार लीजिए. इसी तरह वापस से पानी डाल कर तवा को ठंडा करके बैटर को एक बार चला कर तवे पर डाल कर फैलाएं. इसे भी उसी तरह सेक कर उतार लीजिए, चाहें तो बीच में आलू मसाला रख कर मसाला डोसा भी बना सकते हैं.
इस तरह सूजी व आटे का कुरकुरा डोसा बनकर तैयार हो जाएगा. इन्हें हरे धनिये की चटनी, मूंगफली या नारियल की चटनी के साथ परोसिए और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लीजिए.
सुझाव Suggestions
बैटर की कंसिसटेंसी न ज़्यादा गाढ़ी होनी चाहिए और न ही ज़्यादा पतली.
डोसा सेकते समय हर बार डोसा फैलाने से पहले तवे पर थोड़ा पानी छिड़क कर पोंछ देना है.
सूजी और आटे से बना कुरकुरा डोसा Instant Crispy Rava Dosa Recipe
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।