मधुबन वड़ा - स्पेशल सॉफ्ट क्रीमी दही वड़ा Creamy Madhuban Vada Chaat Recipe

📅 21 फरवरी 2022 👁 12 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

एक चटपटे स्वाद के साथ आज हम मधुबन वड़ा बनाने जा रहे हैं.  इन्हें बनाना बहुत ही आसान है और ये झटपट बनकर तैयार हो जाते हैं.  ये एक स्ट्रीट फूड है मगर आजकल शादियों और पार्टियों में भी लोग इसे काफी पसंद कर रहें हैं.  तो इस आसान विधि के साथ आप भी ये स्वादिष्ट मधुबन वड़ा बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.

मधुवन वड़ा के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Madhuban Vada

मूंग धुली - Green Gram (Split) - ½ कप (100 ग्राम)

उरद धुली - Black Gram (Split) - 2 बड़े चम्मच (25 ग्राम)

नमक - Salt - 1.5 छोटी चम्मच

घी - Ghee - ½ छोटी चम्मच

बादाम - Almond - ¼ कप, कटे हुए

काजू - Cashew - ¼ कप, कटे हुए

जीरा - Cumin Seeds - ½ छोटी चम्मच

दही - Curd - 3 कप (700 ग्राम)

पिसी चीनी - Powdered Sugar - ¼ कप

दूध - Milk - ½ कप

किशमिश - Raisins - 2 बड़े चम्मच

सेव बारीक - Sev - ½ कप

अनारदाना - Pomegranate - ½ कप

मसाला मिक्स के लिए For Masala Mix

जीरा - Cumin Seeds - 2 छोटी चम्मच

साबुत धनिया - Coriander Seeds - 1 छोटी चम्मच

अजवाइन - Carom Seeds - ½ छोटी चम्मच

काली मिर्च - Black Pepper - 20

लौंग - Cloves - 5

हींग - Asafoetida - 2 पिंच

लाल मिर्च - Red Chilli - 1 छोटी चम्मच

कशमीरी लाल मिर्च - Kashmiri Red Chilli - 1 छोटी चम्मच

काला नमक - Black Salt - 2 छोटी चम्मच

बैटर बनाने की विधि Process of making the Batter

सबसे पहले बाउल में छलनी रख कर इसमें 3 कप दही डाल कर ढक कर रख दीजिए, ये छनता रहेगा.  अब मिक्सर जार में पानी हटा कर ½ कप धुली मूंग दाल (धो कर 3 घंटे पानी में भिगो कर), 2 बड़े चम्मच धुली उरद दाल (धो कर 3 घंटे पानी में भिगो कर), ½ छोटी चम्मच नमक और 2 बड़े चम्मच पानी डालिए.  इन्हें बारीक पीसिए.

पिस जाने पर इसे बाउल में निकाल कर इसे चम्मच से 6-7 मिनट तक फेंटिए.  फेंटने पर दाल बहुत हल्की हो जाएगी, इस तरह बैटर बनकर तैयार हो जाएगा.

वड़ा बनाने की विधि Process of making Vada

कढ़ाही में तेल गरम कीजिए, तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिए और फ्लेम भी मीडियम-हाई होनी चाहिए.  हाथ को घीला कर थोड़ा बैटर उठा कर गरम तेल में गोल करते हुए डालिए.  इन्हें पलट-पलट कर हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक तलिए.  तल जाने पर इन्हें निकाल कर बाकी भी इसी तरह तल लीजिए.

वड़ा भिगोने की विधि Process of soaking Vada

बड़े बाउल में ¾ लीटर गरम पानी डालिए, याद रखिए पानी इतना गरम होना चाहिए की आप उसे छू पाएं.  अब इसमें 1 छोटी चम्मच नमक डाल कर मिलाएं.  फिर जितने वड़ा परोसने हों उतने पानी में डाल दीजिए.  ऊपर से एक छोटी प्लेट रख कर उसपर एक बड़ी प्लेट रखिए.  अब इन्हें आधे घंटे के लिए पानी में भिगो कर रख दीजिए.

ड्राई फ्रूट्स भूनने की विधि Process of roasting dry fruits

पेन में ½ छोटी चम्मच घी डाल कर गरम कीजिए.  गरम घी में ¼ कप कटे हुए बादाम और ¼ कप कटे हुए काजू डाल कर लगातार चलाते हुए भूनिए.  याद रहे इन्हें हल्का रंग बदलने और खुशबू आने तक भूनना है.  भुन जाने पर इन्हें प्लेट में निकाल कर ठंडा होने दीजिए.

मसाला तैयार करने की विधि Process of preparing the Masala

पेन को गरम करके इसमें 2 छोटी चम्मच जीरा, 1 छोटी चम्मच साबुत धनिया, ½ छोटी चम्मच अजवाइन, 20 काली मिर्च और 5 लौंग डालिए.  इन्हें लगातार चलाते हुए लो-मीडियम फ्लेम पर हल्का सा रंग बदलने और खुशबू आने तक भूनिए.  भुन जाने पर फ्लेम बंद करके इन्हें कुछ देर चलाते रहिए, फिर इसमें 2 पिंच हींग डाल कर अच्छे से मिलाएं.

इन्हें निकाल कर ठंडा कीजिए.  ठंडा होने पर इन्हें खलवट्टे में डाल कर हल्का दरदरा कूटिए.  कुट जाने पर इसमें 1 छोटी चम्मच कुटी हुई लाल मिर्च, 1 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च और 2 छोटी चम्मच काला नमक डालिए.  इन्हें अच्छे से मिला लीजिए, मसाला बनकर तैयार हो जाएगा.

मधुबन वड़ा परोसने की विधि Process of serving Madhuban Vada

दही को बाउल में निकाल कर इसमें ¼ कप चीनी पाउडर डाल कर अच्छे से मिलाएं.  इस तरह दही तैयार हो जाएगा.  वड़ा को पानी से हल्के से निचोड़ कर सारा पानी निकाल कर दूसरे बाउल में निकाल लीजिए.  अब एक कटोरी में एक वड़ा निकाल कर रखिए.  इसे हल्का तोड़िए, फिर इस पर दही डाल कर पूरी तरह कवर कीजिए.

अब इसपर थोड़ा मसाला, थोड़ा नमक छिड़किए.  फिर थोड़ा दही डाल कर इसपर कुछ बारीक वाले सेव, थोड़ा मसाला, थोड़ा नमक, भुने हुए ड्राई फ्रूट्स और कुछ अनार के दाने डालिए.  इस तरह मधुबन वड़ा परोसने के लिए तैयार हो जाएगा.  इसी तरह बाकी भी बना कर परोसिए और अपने परिवार के साथ इनके स्वाद का आनंद लीजिए.

सुझाव Suggestions

बैटर को अच्छे से बारीक पीसना है.

वड़ा तलते समय तेल मीडियम-हाई गरम होना चाहिए और फ्लेम भी मीडियम-हाई होनी चाहिए.

मधुबन वड़ा - स्पेशल सॉफ्ट क्रीमी दही वड़ा Creamy Madhuban Vada Chaat Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।