सत्तू की कचौड़ी - कुछ ही देर में बनने वाली खस्ता और कुरकुरी कचौड़ी Sattu Ki Kachori - Easy Recipe

पूर्वांचल की खास डिश से प्रेरित आज हम बनाने जा रहे हैं सत्तू की कचौड़ी. इसे बनाना बहुत ही आसान है और ये बाकी कचौड़ियों से जल्दी भी बन जाती है. ये बहुत ही खस्ता और कुरकुरी बनकर तैयार होगी. इसे बनाने के लिए सामग्री आपकी रसोइ में ही मौजूद हैं. तो आप भी इस आसान विधि के साथ सत्तू की कचौड़ी बनाएं और छुट्टी के दिन नाश्ते में अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.
सत्तू की कचौड़ी के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Sattu Kachori
मैदा- Refined flour - 2 कप (250 ग्राम)
नमक - Salt - ½ छोटी चम्मच
अजवाइन - Carom seed - ½ छोटी चम्मच
कलोंजी - Kalonji - ⅓ छोटी चम्मच
घी - Ghee - ¼ कप(60 ग्राम)
तेल - Oil - 2 बड़े चम्मच
जीरा - Cumin Seeds - 1 छोटी चम्मच
सौंफ - Fennel Seeds - 1 छोटी चम्मच
हींग - Asafoetida - 1 पिंच
हल्दी - turmeric Powder - ½ छोटी चम्मच
हरी मिर्च - Green Chilli - 3
अदरक - Ginger - 1 इंच
सत्तू - Sattu - ½ कप (50 ग्राम)
धनिया पाउडर - Coriander Powder - 1 छोटी चम्मच
लाल मिर्च - Red Chilli - ¾ छोटी चम्मच
गरम मसाला - Garam Masala - ½ छोटी चम्मच
नमक - Salt - ½ छोटी चम्मच
नींबू - lemon - 1
दही - Curd - 2 छोटी चम्मच
डो बनाने की विधि Process of making Dough
बाउल में 2 कप मैदा, ½ छोटी चम्मच नमक, ½ छोटी चम्मच अजवाइन, ⅓ छोटी चम्मच कलौंजी और ¼ कप घी डालिए. इन्हें अच्छे से मिलाएं, फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डाल कर मुलायम गूंधिए. अगर ये चिपकने लगे तो हाथ में थोड़ा सा घी लगा कर इसे गूंधिए. गूंधने पर इसे ढक कर 20 मिनट के लिए रख दीजिए.
स्टफ्फिंग बनाने की विधि Process of making Stuffing
पेन में 2 बड़े चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिए. फ्लेम को एकदम धीमा करके गरम तेल में 1 छोटी चम्मच जीरा, 1 छोटी चम्मच साबुत सौंफ, 1 पिंच हींग, ½ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर और हरी मिर्च-अदरक (3 हरी मिर्च और 1 इंच अदरक) का दरदरा पेस्ट डालिए. इन्हें हल्का सा भूनिए फिर इसमें ½ कप सत्तू डाल कर मिलाएं.
फिर इसमें 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर, ¾ छोटी चम्मच लाल मिर्च, ½ छोटी चम्मच गरम मसाला और ½ छोटी चम्मच नमक डालिए. इन्हें 1 मिनट तक लगातार चलाते हुए धीमी फ्लेम पर भून कर फ्लेम बंद कर दीजिए. इसे गरम पेन में थोड़ी देर चलाएं, फिर 1 मीडियम साइज का नींबू का रस डाल कर अच्छे से मिलाएं. फिर इसमें 2 छोटी चम्मच दही डाल कर मिलाएं, स्टफ्फिंग बनकर तैयार हो जाएगी इसे निकाल लीजिए.
कचौड़ी भरने की विधि Process of filling Kachori
हाथ में थोड़ा सा तेल लगा कर डो को हल्का मसलिए, फिर इसकी लोई तोड़िए. जितनी बड़ी या छोटी कचौड़ी बनाना चाहें उतनी लोई तोड़िए, इसे ढक कर रखिए. एक लोई निकाल कर इसे दबा कर प्याले का शेप दीजिए. इसमें दो चम्मच स्टफ्फिंग डाल कर इसे बंद कीजिए, फिर ऊपर से चिपका कर थोड़ा डो तोड़ लीजिए.
अब इसे थोड़ा सा दबा कर बंद कीजिए, फिर चकले-बेलन पर हल्का तेल लगाकर इसे बहुत ही थोड़ा सा बेलिए. इस तरह कचौड़ी भर कर तैयार हो जाएगी, बाकी कचोड़ियां भी इसी तरह भरकर तैयार कीजिए.
कचौड़ी तलने की विधि Process of frying Kachori
कढ़ाही में तेल गरम कीजिए, तेल मीडियम से भी कम गरम होना चाहिए और फ्लेम एकदम धीमी होनी चाहिए. गरम तेल में कचौड़ियां डाल कर धीमी आंच पर ही 4-5 मिनट तलिए. जब ये तैर कर ऊपर आ जाएं इन्हें थोड़ी-थोड़ी देर में पलट-पलट तलिए.
जब ये हल्की तल जाएं तो फ्लेम को हल्का सा बढ़ा कर कचौड़ियों को दोनों ओर से अच्छी गोल्डन ब्राउन होने तक तलिए, फिर इन्हें निकाल लीजिए. इस बीच तेल ज़्यादा गरम हो जाता है, फ्लेम थोडी सी देर के लिए बंद करके इसे हल्का ठंडा करके वापस फ्लेम जला कर कचौड़ियां तलने के लिए डालिए. इसी तरह सभी कचौड़ियां तल कर तैयार कर लीजिए.
सत्तू की कचौड़ियां बनकर तैयार हो जाएँगी. इन्हें हरे धनिये की तीखी चटनी या टोमेटो सॉस के साथ परोसिए और इनके स्वाद का आनंद लीजिए.
सुझाव Suggestions
अगर सत्तू का आटा ना हो तो भुने चने लीजिए, इन्हें हाथों से मीड़ कर इनका छिल्का उतार लीजिए. फिर इन्हें पीस कर और छान कर सत्तू का आटा तैयार हो जाएगा.
डो को मुलायम गूंधिए.
कचौड़ियां तलते समय फ्लेम लो-मीडियम होनी चाहिए.
ये कचौड़ियां बाहर ही रख कर 3-4 दिन तक खा सकते हैं.
सत्तू की कचौड़ी - कुछ ही देर में बनने वाली खस्ता और कुरकुरी कचौड़ी Sattu Ki Kachori - Easy Recipe
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।