गोंद के सॉफ्ट और स्वादिष्ट ताकत देने वाले लड्डू Gond ke Laddu with Jaggery - A Winter Special Recipe

सर्दियों में ताकत देने के लिए आज हम बनाने जा रहे हैं गोंद के मुलायम और स्वादिष्ट लड्डू. इन्हें बनाना बहुत ही आसान है और इस विधि के साथ आप इन्हें एक महिने से भी ज़्यादा रख कर खा सकते हैं. ये बच्चे और बड़ों के साथ-साथ बुजुर्गों के लिए भी बहुत ही फायदेमंद होते हैं. तो इस सर्दी आप भी इस आसान विधि के साथ लड्डू बनाएं और अपने परिवार को इस सर्दी से बचाते हुए उन्हें ताकत दें.
गोंद के लड्डू के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Gond Laddu
आटा - Wheat Flour - 1 कप (150 ग्राम)
घी - Ghee - ½ कप (150 ग्राम)
दूध - Milk - 3 बड़े चम्मच
गोंद - Gond - 50 ग्राम
बादाम कतरन - Almond Flakes - ½ कप (50 ग्राम)
नारीयल - Dry Coconut - ½ कप (50 ग्राम), ग्रेट किये हुए
गुड़ - Jaggery - 1 कप (200 ग्राम)
छोटी इलायची - Cardamom - 8, दरदरी कुटी हुई
सोंठ - Dry Ginger Powder - 1 छोटी चम्मच
रवा बनाने की विधि Process of making Rava
बाउल में 1 कप (150 ग्राम) गेहूँ का आटा और 4 बड़े चम्मच घी डाल कर अच्छे से मिलाएं. फिर इसमें 3 बड़े चम्मच दूध डाल कर अच्छे से मिलाएं. मिलाने पर इसे दबा ढाक कर आधे घंटे के लिए रख दीजिए.
समय पूरा होने पर इसे अच्छे से तोड़ कर वापस आटे जैसा बनाएं. फिर चावल छानने की छलनी से इसे दबाते हुए छानिए. एक प्लेट में सारा रवा छान लीजिए.
गोंद तलने की विधि Process of frying Gond
कढ़ाही में घी (आटे में मिलाने के बाद जो ½ कप घी में बचा हो) डाल कर हल्का गरम कीजिए. फ्लेम लो-मेडियम रहेगी और घी भी मीडियम से कम गरम होना चाहिए. गरम घी में 50 ग्राम गोंद को तोड़ कर आधा डाल कर तलिए. जब गोंद फूल जाए और उसका रंग हल्का सुनहरी हो जाए तो इसे निकाल कर बाकी गोंद भी इसी तरह तल लीजिए. तल कर गोंद एक प्लेट में निकाल लीजिए.
रवा भूनने की विधि Process of roasting Rava
गोंद तलने के बाद बचे हुए घी में रवा डाल कर भूनिए. इसे लगातार चलाते हुए लो-मीडियम फ्लेम पर भूनना है. जब इसका रंग डार्क हो जाएं इसमें ½ कप बादाम फ्लेक्स और ½ कप ग्रेट किये हुए सूखा नारियल डालिए. इन्हें थोड़ी देर तक भूनिए, फिर एक बड़े बाउल में निकाल लीजिए.
गुड़ की चाश्नी बनाने की विधि Process of making Jaggery Syrup
उसी कढ़ाही को साफ करके इसमें 1 कप गुड़ तोड़ कर और ¼ कप पानी डालिए. थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते हुए गुड़ के पिघलने तक इसे पकाएं. गुड़ के पिघल जाने पर जब चाश्नी में झाग आने लग जाए तब फ्लेम बंद कर दीजिए, चाश्नी बनकर तैयार हो जाएगी.
लड्डू का मिश्रण बनाने की विधि Process of making Laddu Mixture
तले हुए गोंद को बेलन या कूटदान की मदद से तोड़िए, याद रखिए पाउडर नहीं बनाना है बस इन्हें तोड़ना है. अच्छे से कूट कर इन्हें रवा के साथ बाउल में डाल कर अच्छे से मिलाएं. फिर बीच में जगह बना कर गुड़ की चाश्नी इसमें छानते हुए डालिए. साथ ही इसमें 8 दरदरी कुटी हुई छोटी इलायची और 1 छोटी चम्मच सौंठ डालिए. इन्हें चम्मच की मदद से अच्छे से मिला कर 10 मिनट के लिए रख दीजिए.
लड्डू बांधने की विधि Process of binding Laddus
10 मिनट के बाद मिश्रण हल्का ठंडा हो गाया होगा. हाथ पर थोड़ा घी लगाकर जितने बड़े या छोटे लड्डू बनाना चाहें उतना मिश्रण उठाकर लड्डू बांधिए. इस तरह गोंद के लड्डू बनकर तैयार हो जाएँगे. इन्हें अपने परिवार के साथ खाएं और इस ठंड में शरीर की ताकत बढ़ाएं.
सुझाव Suggestions
आटे में दूध और घी नाप कर डालना है.
रवा भूनते समय फ्लेम लो-मीडियम रहेगी.
गोंद तलते समय घी ज़्यादा गरम नहीं होना चाहिए, इससे गोंद पूरी तरह नहीं तल पाएँगे.
गुड़ की चाशनी में पानी नाप कर डालें.
गोंद के सॉफ्ट और स्वादिष्ट ताकत देने वाले लड्डू Gond ke Laddu with Jaggery - A Winter Special Recipe
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।