आंवले का चटपटा गुणकारी छुन्दा, झटपट बने बिना चीनी के Spicy Amla Chhunda Recipe without Sugar

📅 21 दिसंबर 2021 👁 14.8 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

सर्दी के इस मौसम से बचने के लिए आज हम बनाने जा रहे हैं आंवले का छुन्दा.  जहां एक तरफ सर्दी बढ़ती जा रही हैं वहीं इसके साथ-साथ बिमारियों ने भी कोई कमी नहीं छोड़ी है.  इसी सर्दी और बिमारी से बचने के लिए है हमारी आज की रेसिपी.  आंवले के इस छुन्दे को आप एक बार बनाकर साल भर तक रख कर खा सकते हैं.  हमारी आज की रेसिपी इस तरीके से बनेगी की आंवले के सारे पोशक तत्व इस छुन्दा में समा जाएँगे.

आंवला छुन्दा के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Amla Chunda

आंवला - Amla - 500 ग्राम

गुड़ - Jaggery - 500 ग्राम

अदरक - Ginger - 1.5 इंच, बारीक कटी हुई

काला नमक - Black Salt - 1.5 छोटी चम्मच

काली मिर्च - Black Pepper - 1 छोटी चम्मच, दरदरी कुटी हुई

छोटी इलायची - Cardamom - 8, दरदरी पिसी हुई

दालचीनी - Cinnamon - 2, 1 इंच

हल्दी - Turmeric Powder - 1 छोटी चम्मच

कशमीरी लाल मिर्च - Kashmiri Red Chilli -1.5 छोटी चम्मच

गरम मसाला - Garam Masala - ½ छोटी चम्मच

नींबू - Lemon - 2

आंवले स्टीम करने की विधि Process of steaming Amla

बरतन में 2-3 कप पानी डाल कर ढक कर उबाल आने तक गरम कीजिए.  उबाल आने पर छलनी को बरतन के ऊपर रख कर इसमें 500 ग्राम आंवले डाल दीजिए.  अब इसे ढक कर मीडियम फ्लेम पर 10 मिनट पकाएं.  समय पूरा होने पर फ्लेम एकदम धीमी करके चाकू को एक आंवले में डाल कर देखिए, वो आराम से अंदर जा रहा होगा मतलब आंवले स्टीम हो चुके हैं.  इन्हें उतार कर ठंडा कीजिए.

छुन्दा बनाने की विधि Process of making Chhunda

ठंडे होने पर बारीक वाले ग्रेटर से आंवले को ग्रेट कीजिए.  ग्रेट करके बीज को निकाल दीजिए.  सभी आंवले इसी तरह ग्रेट कर लीजिए.  फिर कढ़ाही में ग्रेट किये हुए आंवले और 500 ग्राम गुड़ तोड़ कर डालिए.  इन्हें लो-मीडियम फ्लेम पर मिलाते हुए पकाएं.

इसे अच्छे से मिला कर थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते हुए पकाएं.  5 मिनट पकाने के बाद जब आंवले रस छोड़ दें तब इसमें 1.5 इंच अदरक का टुकड़ा बारीक कटा हुआ, 1.5 छोटी चम्मच काला नमक, 1 छोटी चम्मच दरदरी कुटी हुई काली मिर्च, 8 छोटी इलायची छील कर दरदरी कुटी हुई और 2 दालचीनी के 1-1 इंच के टुकड़े डालिए.

इन्हें अच्छे से मिला कर इसमें 1 छोटी चम्मच हल्दी डाल कर मिलाएं.  फिर रस के सूखने तक और आंवले के साथ अच्छे से मिलने तक पकाएं, थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते रहना है.  याद रखिए फ्लेम मीडियम रहेगी क्योंकी तेज़ फ्लेम पर ये नीचे से जल जाएगा.

10 मिनट के बाद इसे चम्मच से गिरा कर देखिए, रस और आंवले एक साथ होने पर ये बन कर तैयार हो जाता है.  कटोरी में थोड़ा छुन्दा निकाल लीजिए, ये उनके लिए है जो कम मसाला खाना पसंद करते हैं.

एक कटोरी छुन्दा निकालने के बाद बचे हुए छुन्दा में 1.5 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च और ½ छोटी चम्मच गरम मसाला डालिए.  इन्हें अच्छे से मिला कर फ्लेम बंद कर दीजिए, चटपटा छुन्दा बनकर तैयार हो जाएगा.

फिर 2 नींबू के रस को निकाल कर थोड़ा चटपटे छुन्दा में डाल कर मिलाएं और थोड़ा कम मसाले वाले छुन्दा में डाल कर मिलाएं.  इस तरह दोनों तरह के छुन्दा बनकर तैयार हो जाएँगे.

सुझाव Suggestions

छुन्दा के पूरी तरह से ठंडा होने पर किसी कांच के या चीनी मिट्टी के कंटेनर में इसे भर कर रख लीजिए.

गुड़ और ग्रेटेड आंवले को लो-मीडियम फ्लेम पर ही पकाना है.

जब छुन्दा पकने को आ जाए तो उसमें थोड़ा रस बचा रहना चाहिए पूरा सूखा नहीं करना है.

आंवले का चटपटा गुणकारी छुन्दा, झटपट बने बिना चीनी के Spicy Amla Chhunda Recipe without Sugar

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।