उरद दाल मसाला पापड़, खास टिप्स के साथ Urad Dal Masala Papad Recipe with problems solving tips

📅 10 दिसंबर 2021 👁 27 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

खाने की थाली में अगर पापड़ होते हैं तो खाने का स्वाद ही लाजवाब हो जाता है.  इसी बात को ध्यान में रखते हुए आज हम बनाने जा रहे हैं उरद दाल के मसाला पापड़.  इन्हें बनाना बहुत ही आसान है, बस ध्यान से पूरी विधि का पालन करना है.  घर पर बनाएं ये पापड़ खाकर आपका बाहर से पापड़ मंगाने का मन ही नहीं करेगा.  तो आप इस आसान विधि से उरद दाल मसाला पापड़ बनाएं और इनके स्वाद का आनंद लें.

उरद दाल पापड़ के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Urad Dal Papad

उरद दाल का आटा - Black Gram Flour - 2 कप (300 ग्राम)

जीरा - Cumin Seeds - 1 छोटी चम्मच

काली मिर्च - Black Pepper - 1.5 छोटी चम्मच, दरदरी पिसी हुई

नमक - Salt - 3/4 छोटी चम्मच

पापड़ खार - Papad Khar - 2 छोटी चम्मच

डो बनाने की विधि Process of making dough

बाउल में छलनी रख कर इसमें 2 कप उरद दाल का आटा छानिए.  फिर इसमें 1 छोटी चम्मच जीरा और 1.5 छोटी चम्मच दरदरी कुटी काली मिर्च डाल कर मिलाएं.  अब ¾ हल्का गरम पानी में ¾ छोटी चम्मच नमक और 2 छोटी चम्मच पापड़ खार डाल कर अच्छे से मिलाएं.  इस पानी को थोड़ा-थोड़ा डाल कर जैसा पूरी के लिए डो तैयार करते हैं वैसा ही सख्त डो गूंधिए.  गूंधने के बाद हाथ पर थोड़ा सा घी लेकर इसे हल्का मसलिए.  अब इसे ढक कर आधे घंटे के लिए रख दीजिए.

पापड़ बनाने की विधि Process of making Papad

समय पूरा होने पर हल्का सा हाथ में घी लेकर इसे अच्छे से 2 मिनट तक मसलिए.  अब इस डो को 2 हिस्सों में काट कर एक हिस्सा ढाक कर रख दीजिए.  आधे हिस्से को थोड़ा कूट-कूट कर और मुलायम बनाएं, मोड़-मोड़ कर अच्छे से इसे 5-6 मिनट तक कूटिए.  कूटने के बाद इसे हाथों से खींच-खींच कर और मुलायम कीजिए.

फिर हाथ पर थोड़ा घी लेकर इसे गोल रोल कीजिए.  इसे दो भाग में काट कर, थोड़ा रोल करके इसकी छोटी बराबर की लोईयां काट लीजिए.  लोईयां काटने के बाद इनपर थोड़ा घी लगाएं ताकी ये आपस में चिपके ना.  डो के दूसरे हिस्से को भी इसी तरह कूट कर रोल करके, इसकी लोईयां काटिए.  याद रखिए इन्हें हर वक्त ढाक कर रखना है.

अब एक लोई लेकर उरद दाल के सूखे आटे में लपेट कर पतला बेलिए.  जितना बड़ा या छोटा चाहें आप अपने हिसाब से बेलिए.  सभी पापड़ इसी तरह बेल कर थाली में रख लीजिए.  पापड़ बेल लेने पर एक कपड़े के ऊपर अलग-अलग करके इन्हें रख कर हवा लगाएं.  दोनों तरफ से 15-15 मिनट के लिए हवा लगवानी है.  दोनों तरह हवा लगने के बाद इन्हें एक साथ करके कंटेनर में रख दीजिए.

फिर इन्हें धूप में 15-20 मिनट के लिए दोनों तरफ से सुखाना है.  कपड़ा बिछा कर उन पर इन्हें रख कर धूप लगवानी है, ऐसा करने के बाद इन्हें कंटेनर में रख कर साल भर तक खा सकते हैं.  इस तरह पापड़ बनकर तैयार हो जाएँगे.

पापड़ तलने की विधि Process of frying Papad

कढ़ाही में तेल गरम कीजिए, फिर गरम तेल में पापड़ डाल कर सेकिए.  दोनों तरफ से पलट कर सेक कर निकालिए, फिर बाकी भी इसी तरह तल लीजिए.

अगर तेल वाला पापड़ ना खाना चाहें तो गैस के ऊपर भी पापड़ को पलट-पलट कर सेक सकते हैं.

साथ ही पापड़ पर थोड़ा सा तेल लगा कर माइक्रोवेव में डाल कर सेक लीजिए.  पहले 30 सेकंड के लिए सेकें फिर पलट कर वापस 30 सेकंड के लिए सेकिए.

इस तरह पापड़ को आप कढ़ाही में, गैस पर सेक कर या माइक्रोवेव में सेक कर बनाएं और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.

शिकायतें और उनके सुझाव Problems and their Solutions

पहली शिकायत- पापड़ तलने के बाद लाल हो जाते हैं.

ऐसा इसलिए होता है क्योंकी इसमें बेकिंग सोडा थोड़ा सा ज़्यादा पड़ जाता है.  बेकिंग सोडा की जगह अगर आप पापड़ खार डालेंगे तो ये शिकायत बिल्कुल नहीं आएगी.

दूसरी बात- पापड़ पतले नहीं बेले जाते.

आटे को थोड़ा सा सख्त लगाएं और उसे अच्छी तरह से कूटें.  जितना आप इसे ज़्यादा कूटेंगे और खींचेंगे उतना ये ज़्यादा लचीला बनेगा.  जब आटा लचीला हो जाएगा आप पापड़ पतले बेल सकते हैं.

तीसरी बात- दाल का आटा नहीं मिलता.

आप इसे घर में ही बना सकते हैं.  बिना छिलके वाली उरद की दाल को घीले कपड़े से अच्छे से पोंछ कर तुरंत पंखे के नीचे सुखाएं.  इसके अलावा आप इसे हल्का सा कढ़ाही में भून कर मिक्सी से एक दम बारीक पीस कर उसे छान कर लीजिए.  दाल का आटा बनकर तैयार हो जाएगा.

चौथी बात- पापड़ में फंगस लग गया.

इसक कारण है की पापड़ अच्छे से सूखे नहीं थे.  पहले पापड़ बना कर 15-15 मिनट दोनों तरफ से सुखाने हैं.  फिर दूसरे दिन भी धूप में पापड़ 15-20 मिनट दोनों तरफ से सुखाने हैं.

पांचवी बात- पापड़ खाते वक्त दातों में चिपक रहे हैं.

पापड़ मोटे बेले हैं और अच्छी तरीके से सिके नहीं है, इसलिए वो दातों में चिपक रहे हैं.  उन्हें अच्छी तारीके से सेकिए पापड़ बिल्कुल दातों में नहीं चिपकेंगे.

छठी बात- बेलते समय पापड़ फट रहे हैं और डो बिखरा-बिखरा हो रहा है.

इसका कारण है की जो डो आपने लगाया है वो बहुत ज़्यादा सख्त है और अच्छी तरीके से बाइंड नहीं हुआ है.  डो को बहुत ज़्यादा सख्त नहीं लगाना है, वो थोड़ा सख्त और थोड़ा मुलायम होना चाहिए.

उरद दाल मसाला पापड़, खास टिप्स के साथ Urad Dal Masala Papad Recipe with problems solving tips

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।