चीज पनीर घोटाला - सूरत का फेमस स्ट्रीट फूड Surti Veg Paneer Ghotalo Recipe

चीज़ पनीर घोटाला सूरत के मशहूर स्ट्रीट फूड्स में से एक है. आज हम इसे एक अलग स्वाद के साथ बनाएँगे. इसे बनाने में ज़्यादा मेहनत नहीं लगेगी ये झटपट बनकर तैयार हो जाएगा. इसकें साथ हम कुल्छा और पाव परोसेंगे और इसे एक बार खाकर आप बार-बार बनाकर खाना पसंद करेंगे.
पनीर घोटाला के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Paneer Ghotala
तेल - Oil - 2 बड़े चम्मच
जीरा - Cumin Seeds - 1/2 छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - Turmeric Powder - 1/4 छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - Coriander Powder - 1.5 छोटी चम्मच
कसूरी मेथी - Dry Fenugreek - 1 बड़े चम्मच
टमाटर - Tomato - 2 (150 ग्राम)
हरी मिर्च - Green Chilli - 1
अदरक - Ginger - 1/2 इंच
पनीर - Paneer - 200 ग्राम
चीज़ - Cheese - 2 क्यूब्स
कश्मीरी लाल मिर्च - Kashmiri Red Chilli - 1 छोटी चम्मच
हरी शिमला मिर्च - Green Capsicum - 1 बारीक कटी हुई
मलाई - Fresh Malai or Fresh Cream - 1/4 कप
नमक - Salt - 3/4 छोटी चम्मच
गरम मसाला - Garam Masala - 1/4 छोटी चम्मच
धनिया पत्ता - Coriander Leaves - 1-2 बड़े चम्मच
मक्खन - Butter - 2 बड़े चम्मच
पनीर घोटाल बनाने की विधि Process of making Paneer Ghotala
कढ़ाही में 2 बड़े चम्मच तेल डाल कर धीमी फ्लेम पर गरम कीजिए. गरम तेल में ½ छोटी चम्मच जीरा डाल कर हल्का सा भूनिए. फिर इसमें ¼ छोटी चम्मच हल्दी, 1.5 छोटी चम्मच धनिया पाउडर और 1 बड़े चम्मच कसूरी मेथी (हथेली में मसल कर डंठल हटा कर डालिए) डालिए. इन्हें हल्का सा भून कर इसमें 2 टमाटर, 1 हरी मिर्च और ½ इंच अदरक का पेस्ट डालिए. फ्लेम लो-मीडियम करके मसाले को तेल छोड़ने तक थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते हुए भूनिए.
मसाले के भुनने तक 200 ग्राम पनीर को ग्रेट कीजिए. साथ ही अलग से 2 क्यूब्स चीज़ के भी ग्रेट कीजिए. अब मसाले के हल्के से भुन जाने पर इसमें 1 छोटी चम्मच कशमीरी लाल मिर्च और 1 छोटी शिमला मिर्च बारीक कटी हुई डाल कर मसाले के साथ भूनिए. मसाले के भुन जाने पर इसमें ¼ कप मलाई डाल कर लगातार चलाते हुए वापस तेल छोड़ने तक भूनिए.
भुन जाने पर इसमें ग्रेट किया हुआ पनीर, ¾ छोटी चम्मच नमक या स्वाद अनुसार, ¼ छोटी चम्मच गरम मसाला और 1-2 बड़े चम्मच हरा धनिया डाल कर मिलाते हुए पकाएं. अच्छे से मिल जाने पर इसमें ½ कप पानी डाल कर लो-मीडियम फ्लेम पर 2 मिनट ढक कर पकाएं. समय पूरा होने पर इसमें ग्रेट किये हुए चीज़ और 2 बड़े चम्मच मक्खन डाल कर मिलाएं. फिर ढक कर धीमी आंच पर 2 मिनट के लिए पकाएं.
समय पूरा होने पर इसे चलाएं और फ्लेम बंद कर दें. इस तरह चीज़ पनीर घोटाला बनकर तैयार हो जाएगा. इसे पाव के साथ या कुल्छे के साथ परोसिए और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.
सुझाव Suggestions
मसाले में मलाई डालने के बाद उसे लगातार चलाते हुए पकाएं वरना मलाई फट सकती है.
चीज पनीर घोटाला - सूरत का फेमस स्ट्रीट फूड Surti Veg Paneer Ghotalo Recipe
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।