मलाई फिलिंग वाली कुरकुरी सेमिया Crispy Malai Layered Vermicelli

📅 28 जनवरी 2021 👁 4.9 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

अलग-अलग तरह की मिठाई खानी सभी को बेहद पसंद होती है और इनमें जितनी वेराइटी मिल जाएं उतनी कम होती हैं.  खास कर उनके लिए जो मीठे के शौकीन होते हैं.  इसी मिठास के साथ आज हम बनाने जा रहे हैं मलाई फिलिंग वाली कुरकुरी सेमिया मिठाई.  यह कुनाफा का भारतीय वर्जन है, इसमें ऊपर और नीचे कुरकुरी सेमिया होती हैं और बीच में गाढ़ी मलाई.  यह बनाने में एकदम आसान है और इसे खाते समय एक अलग ही स्वाद आता है.

सेमिया मलाई मिठाई के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Semiya Malai Desert

सेमियायां - Vermicelli - 200 ग्राम भुनी हुई

घी - Ghee - 2 बड़े चम्मच

मलाई - Malai or Cream - 6 बड़े चम्मच

पिसी चीनी - Sugar Powder - 3/4 कप (100 ग्राम)

दूध - Milk - 1/2 लीटर, फुल क्रीम

दूध - Milk - 1/2 कप, फुल क्रीम

कस्टर्ड पाउडर - Custard Powder - 2 बड़े चम्मच

कंडेंस्ड मिल्क - Condensed Milk - 1/2 कप

इलायची - Green Cardamom - 6-7 पिसी हुई

बादाम कतरन - Almond flakes - 2 बड़े चम्मच

पिस्ता कतरन - Pistachio Flakes - 2 बड़े चम्मच

सेमिया भूनने की विधि Process of roasting Vermicelli

200 ग्राम पतली भुनी हुई सेमिया बाउल में अच्छे से तोड़ कर बारीक कर लीजिए.  अब कढ़ाही में 2 बड़े चम्मच घी गरम करके सेमिया डाल कर धीमी फ्लेम पर इसे भून लीजिए.  इनसे अच्छी सी महक आने पर इसमें 6 बड़े चम्मच ताज़ा मलाई डाल कर 2-3 मिनट भूनिए.  भुन जाने के बाद फ्लेम बंद करके इसे निकाल कर ठंडा होने रख दीजिए.

मलाई बनाने की विधि Process of making Malai

कढ़ाही में ½ लीटर फुल क्रीम दूध डाल कर उबालिए.  उबाल आने पर दूध को चला दीजिए, अब ½ कप फुल क्रीम ठंडा दूध (यह दूध उबाल कर ठंडा करके लेना है) में 2 बड़े चम्मच कस्टर्ड पाउडर डाल कर अच्छे से मिला कर सारी गाठें हटा कर एक घोल बनाएं.  अब फ्लेम एकदम धीमी करके दूध को चलाते हुए उसमें यह घोल डालिए.  अब फ्लेम को मीडियम करके इसे चलाते हुए 5-6 मिनट तक पकाइए.

समय पूरा होने पर इसमें ½ कप कंडेंस्ड मिल्क (इससे क्रीम गाढ़ी होगी और इसमें स्वाद आएगा) डालिए.  ½ कंडेंस्ड मिल्क में 4 बड़े चम्मच मिल्क सौलिड है और 4 बड़े चम्मच चीनी पाउडर है, यानी क्रीम में अब चीनी डालने की कोई ज़रूरत नहीं है.  6-7 मिनट तक चलाते हुए इसे पका कर गाढ़ा कर लीजिए.  याद रखिए इसे चलाते रहना है नहीं तो यह कढ़ाही के तले में लगने लगेगा.  गाढ़ा होने पर इसमें 6-7 इलायची को छील कर कूट कर डालें और अच्छे से मिलाइए.  सेमिया मलाई मिठाई के लिए मलाई बनकर तैयार हो जाएगी, इसे ढक कर रख दीजिए.

सेमिया मलाई मिठाई बनाने की विधि Process of making Crispy Malai Layered Vermicelli

सेमिया ठंडी होने पर इसमें ¾ कप चीनी पाउडर डाल कर अच्छे से मिलाइए.  अगर बूरा है तो चीनी की जगह वो भी डाल सकते हैं.  याद रखिए चीनी पाउडर या बूरा मिलाते समय सेमिया एकदम ठंडी होनी चाहिए, अगर गरम में मिला देंगे तो सेमिया ज़्यादा सख्त हो जाएँगी और इन्हें खाने में मज़ा नहीं आएगा.

मिला लेने पर सेमिया मलाई मिठाई बनाने के लिए इसे सेट करना होगा.  एक ट्रे में आधी सेमिया डाल कर उसे दबा कर अच्छे से सेट करिए.  अब मलाई को इसके ऊपर डालिए, गरम है तो गरम ही डाल कर इसे एक जैसा कर दीजिए.  इसके ऊपर बची हुई सेमिया डाल कर पूरी मलाई अच्छी तरह से कवर करिए.  इसके बाद इस पर बादाम, पिस्ता और काजू से गार्निश करके एक चम्मच की मदद से इसे हल्के हाथ से दबाएं.

अब इसे 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख कर जमा लें, समय पूरा होने पर सेमिया मलाई मिठाई बनकर तैयार हो जाएगी, इसे परोस कर इसके मीठे स्वाद का आनंद लीजिए.

सुझाव Suggestions

अगर कंडेंस्ड मिल्क नही डाल रहे हैं तो इसमें 4 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर और 4 बड़े चम्मच चीनी पाउडर डाल सकते हैं

अगर मिल्क पाउडर और चीनी पाउडर भी नहीं डालना चाहते हैं तो इसमें 150 ml ज़्यादा दूध डाल दीजिए, इसे गाढ़ा कीजिए और इसके बाद इसमें डाल दीजिए बताए गए तरह से कस्टर्ड पाउडर मिलाकर गाढ़ा होने तक पका लीजिए और 4 बड़े चम्मच चीनी डाल दीजिए.

अगर भुने हुए सेमिया ले रहे हैं तो उन्हें हल्का सा ही भूनना है.  और अगर भुनी हुई नहीं ले रहे तो उन्हें भूरा होने तक भूनना है.

और मलाई बनाते समय उसे चलाते रहना है.

मलाई फिलिंग वाली कुरकुरी सेमिया Crispy Malai Layered Vermicelli

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।