वेज कबाब परांठा रोल - लखनऊ का स्ट्रीट फूड Veg Kabab Paratha Roll in Lucknow Street Food Style

📅 28 जनवरी 2021 👁 64.6 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

लखनऊ का खाना दुनिया भर में सबसे ज़्यादा मशहूर है.  उन्हीं मशहूर पकवानों में से एक पकवान आज हम बनाने जा रहे हैं, वेज कबाब परांठा रोल.  सौफ्ट और चटपटे चने की दाल के कटलेट और चटनी परांठे में लपेटे हुए एक स्वादिष्ट रोल बना कर तैयार करेंगे.  इसे बनाने की विधि बहुत ही आसान है और ये रोल इतना हेवी होता है की एक ही से आपका पेट भर जाएगा.

वेज कबाब परांठा रोल के लिए अवश्यक सामग्री Ingredients for Veg Kabab Paratha Rolls 

कबाब के लिए For Veg Kabab

चना दाल - Chana Dal - 1 कप (2 घंटे पानी में भिगो कर रखना है)

दालचीनी - Cinnamon - 1 इंच

जायफल - Nutmeg - 1 छोटा चने की दाल के बराबर

लोंग - Clove - 3

काली मिर्च - Black pepper - 10-12

बड़ी इलायची - Black Cardamom - 1

जीरा - Cumin Seeds - 1/2 छोटी चम्मच

नमक - Salt - 1/2 छोटी चम्मच

अदरक - Ginger - 1 छोटा चम्मच

हरी मिर्च - Green Chilli - 2 बारीक कटे हुए 

धनिया पाउडर - Coriander Powder - 1 छोटा चम्मच

सोंफ - Fennel Seeds - 1/2 छोटी चम्मच

लाल मिर्च - Red Chilli - 1/2 छोटी चम्मच

अमचूर - Dry Mango Powder - 1/4 छोटी चम्मच

कार्न फ्लोर - Corn Flour - 2 छोटे चम्मच

हरा धनिया - Coriander Leaves - 1/2 बड़े चम्मच

तेल - Oil - 3 बड़े चम्मच

परांठे के लिए For Paratha

आटा - Wheat Flour - 1 कप 

मैदा - Refined Flour - 1 कप

तेल - Oil - 2 छोटे चम्मच

कबाब बनाने की विधि Process of making Kabab

कुकर में 1 कप भीगे हुए चने की दाल, 1 इंच दालचीनी, 1 छोटा चने की दाल के बराबर जायफल, 3 लोंग, 10-12 काली मिर्च, 1 बड़ी इलायची छील कर, ½ छोटी चम्मच जीरा और ½ छोटी चम्मच नमक डालिए.  फिर इसमें ½ कप पानी डाल कर मिलाएं और एक सीटी आने तक तेज़ फ्लेम पर पकाएं.  सीटी आने पर फ्लेम को धीमा करके इसे 2 मिनट तक पकाएं.

समय पूरा होने पर कुकर से प्रेशर निकाल कर दाल को एक बाउल में निकाल कर ठंडा करिए, साथ ही दालचीनी को भी इसमे से निकाल दीजिए.  अब ठंडा होने पर मिक्सर जार में उबली हुई दाल, 1 छोटी चम्मच ग्रेट की हुई अदरक, 2 छोटी बारीक कटी हुई हरी मिर्च, 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर, ½ छोटी चम्मच सौंफ पाउडर, ½ छोटी चम्मच लाल मिर्च और ¼ छोटी चम्मच अमचूर पाउडर डालिए.  इन्हें हल्का दरदरा पीस कर बाउल में निकाल लीजिए.

अब इसमें 2 छोटी चम्मच कौर्न फ्लोर और 1 बड़े चम्मच हरा धनिया डाल कर अच्छी तरह से मिलाइए.  कबाब का डो बनकर तैयार हो जाएगा.  हाथ पर थोड़ा सा तेल लेकर एक टिक्की के आकार में इसे बना लीजिए.  सभी कबाब इसी तरह बनाएं.  अब एक पेन में 2-3 बड़े चम्मच तेल डाल कर गरम करिए.  याद रखिए कबाब तलने के लिए तेल मीडियम गरम होना चहिए.

कबाब को तेल में डाल कर दोनों तरफ से 5-5 मिनट तक भूरा होने तक तलिए.  सभी कबाब इसी तरह तल लें, कबाब बनकर तैयार हो जाएँगे.

परांठे के लिए डो बनाने की विधि Process of making dough for Paratha

एक बाउल में 1 कप गेहूँ का आटा लीजिए और 1 कप मैदा लीजिए, फिर इसमे डालिए ½ छोटी चम्मच नमक और 2 छोटे चम्मच तेल.  अब इन्हें अच्छी तरह से मिला लीजिए और थोड़ा-थोड़ा पानी डाल कर इसे गूंध लीजिए और एक सौफ्ट डो बना लीजिए.  डो बनकर तैयार है, अब इसे ढक कर 20 मिनट के लिए रख दीजिए.

परांठे बनाने की विधि Process of making Paratha

थोड़ा सा हाथ पर तेल लेकर डो को हल्का सा मसलिए.  अब थोड़ा सा आटा तोड़ कर एक लोई बना लीजिए.  सूखे आटे में लपेट कर इसे पतला बेलिए, इसे लंबा और पतला बेलना है.  अब तवा गरम करके उस पर थोड़ा सा तेल डाल कर फैलाएं.  फिर इस पर बेला हुआ परांठा डाल कर दोनों तरफ हल्का सा तेल लगाकर हल्का भुरा होने तक सेकिए.  सारे परांठे इसी तरह तैयार कर लीजिए.

रोल असेम्बल करने की विधि Process of assembling Roll

परांठा के ऊपर दो कबाब इन्हें हल्का सा तोड़ लीजिए.  इनके ऊपर थोड़ी-थोड़ी चटनी लगा कर इसपर रख दीजिए टमाटर और खीरे के स्लाइस.  फिर ऊपर थोड़ा सा चाट मसाला और थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर इसे रोल कर लीजिए.  इसी तरह सभी रोल बना लीजिए, वेज कबाब परांठा रोल बनकर तैयार हो जाएँगे.  अगर चाहें तो परांठे को कबाब हरी चटनी और टमेटो केचप के साथ भी परोस सकते हैं.

सुझाव Suggestions

परांठे को पतला बेलना है.

कबाब तलते समय उसे 5 मिनट का समय देना है ताकी वो अंदर तक अच्छे से तल सके.

वेज कबाब परांठा रोल - लखनऊ का स्ट्रीट फूड Veg Kabab Paratha Roll in Lucknow Street Food Style

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।