ताजा हल्दी से बनी बर्फी - आपको रोगों से बचाये । Fresh Turmeric Burfi | Raw Turmeric Laddoo
अभी तक हम सभी का हल्दी का उपयोग मसाले के रुप में सब्जी इत्यादि चीजों में किया ही है. पर क्या आप जानते हैं की हल्दी से आप मिठाई भी बना सकते हैं. हल्दी से बनी इस मिठाई को अगर सर्दी के मौसम में खाया जाए तो यह शरीर को सर्दी से बचाती है और हमारे स्वास्थ्य को पर्फेक्ट बनाए रखने में भी बहुत हेल्प करती है. हल्दी से बनी बर्फी स्वास्थ्य के लिए तो फदेमंद है ही, साथ ही इसका स्वाद भी आपको जरुर पसंद आएगा.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Fresh Turmeric Burfi
हल्दी - 200 ग्राम
गुड़ - 1 कप (250 ग्राम)
घी - ½ कप (100 ग्राम)
नारियल बुरादा - ½ कप
गेहूं का आटा - ½ कप (75 ग्राम)
बादाम पाउडर - ½ कप
खरबूजे के बीज - ¼ कप
काजू - 2-3 टेबल स्पून
जायफल - 1 छोटी चम्मच (कद्दूकस किया हुआ )
सफेद मिर्च - 1 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
विधि - How to make Fresh Turmeric Burfi
हल्दी को अच्छे से धोकर पानी सुखा कर छील लीजिये. छीली हल्दी को एक बार फिर से धोकर इसे कद्दूकस कर लीजिये. कद्दूकस की हुई हल्दी को मिक्सर जार में डाल कर इसमें 1-2 टेबल स्पून पानी डालकर बारीक पीस लीजिये.
बर्फी बनाने के लिए पैन में 2-3 टेबल स्पून घी डाल कर मेल्ट कर लीजिये. घी के मेल्ट होने पर इसमें आटा डाल कर मिक्स करें और लगातार चलाते हुए हल्का ब्राउन होने और अच्छी खुशबू आने तक भून लीजिये. आटा भून कर तैयार है, भूने हुए आटे को अलग से प्लेट में निकाल लीजिये.
अब पैन में बादाम पाउडर डाल कर लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर हल्का सा रोस्ट कर लीजिये. 1 मिनिट रोस्ट कर लेने के बाद इसमें नारियल का बुरादा डाल कर मिक्स करें और फिर से 1 मिनिट के लिए लगातर चलाते हुए भून लीजिये. अब इसे भूने बादाम-नारियल को प्लेट में निकाल लीजिये.
पैन में खरबूजे के बीज डाल कर इन्हें भी लगातार चलाते हुए हल्का सा भूनें भूने हुए बीजों को प्याले में निकल लीजिए. अब काजू को भी पैन में डाल कर हल्का सा रोस्ट कर लीजिये. रोस्ट (भूने) काजू को प्याले में निकाल लीजिये.
हल्दी भूनने के लिए पैन में 2 टेबल स्पून घी डाल कर, इसमें पिसी हुई हल्दी डाल कर मिक्स कीजिये और धीमी-मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. हल्दी में से जब घी अलग होने लगे और इसका हल्का सा कलर भी चेंज होने लगे तो हल्दी भून कर तैयार है. हल्दी को प्लेट में निकाल लीजिये.
अब पैन में गुड़ डाल कर धीमी आंच पर इसे मेल्ट कीजिये. गुड़ के मेल्ट होने पर इसमें भूनी हुई हल्दी, भूना हुआ आटा, भूना हुआ बादाम-नारियल, भूने हुए काजू, जायफल, सफेद मिर्च पाउडर, थोड़े से खरबूजे के बीच डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुए मिक्स करें. हल्दी को थोड़ा सा पका लीजिये इससे ये अच्छे से ड्राई हो जाएगी.
बर्फी का मिश्रण बन कर तैयार है, इस मिश्रण को घी लगाई हुई प्लेट पर डाल कर अच्छे से फैला दीजिए. अब इस पर बचे हुए खरबूजे के बीज डाल कर चम्मच से दबा दीजिए और इसे ठंडा होने रख दीजिए. 1 घंटे बाद मिश्रण अच्छे से सैट होकर तैयार है.
मिश्रण के सैट हो जाने पर उसे अपने मन अनुसार किसी भी आकर में काट लीजिए. बर्फी के टुकड़ो को ट्रे से निकल कर एक प्लेट में रख कर सर्व कीजिये. स्वाद से भरपूर हल्दी बर्फी बन कर तैयार है. आप इस बर्फी को किसी कंटेनर में भर कर रख कर पूरे 2 महीने तक खाने के लिए उपयोग में ला सकते हैं.
सुझाव
सभी चीजों को जब आप एक-एक करके भूनते हैं तो जिस पैन में इन्हें भून रहे हों, जब जो चीज डाल कर भून कर तैयार कर लें. तब उसके बाद दूसरी चीज भूनने से पहले पैन को अच्छे से साफ करके ही यूज करें. ऎसा इसलिए जरुरी है क्योंकि इससे पहले भूनी हुई चीज उसमें चिपकी हो सकती है और जब हम दूसरी चीज डाल कर भूनेंगे तो जलने जैसा स्वाद आ सकता है.
सफेद मिर्च के बदले काली मिर्च का उपयोग भी कर सकते हैं.
ड्राईफ्रूट आप अपनी पसंद अनुसार कोई भी ले सकते हैं.
ताजा हल्दी से बनी बर्फी - आपको रोगों से बचाये । Fresh Turmeric Burfi | Raw Turmeric Laddoo
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।