सर्दियों के लिये तिल गुड़ बाजरे की मठरी । Bajra ka Pua । Gur Bajra Tikki with Tips
सर्दियों के मौसम में तिल गुड़ बाजरे की क्रिस्पी टिक्की। बाजरा और तिल की तासीर गर्म होती है। सर्दियाें के मौसम में बाजरे और तिल की बनी चीजें बहुत फ़ायदेमंद होती है ये शरीर में ताकत और गर्मी देती है। खट्टे-खट्टे अचार के साथ ये बाजरे की गर्मागर्म टिक्की खाने में बहुत स्वादिष्ट लगती है और स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फ़ायदेमंद है। ठंडा हो जाने के बाद ये एक दम क्रिस्पी कुकीज़ की तरह लगती है आप इन्हे बच्चों को बिस्किट के तौर पर दे उन्हें बहुत ही पसंद आएगी।
आवश्यक सामग्री
- बाजरे का आटा - 2 कप (300 ग्राम)
- गुड़ - 1/2 कप (100 ग्राम)
- तिल - 1/2 कप (60 ग्राम)
- तेल तलने के लिए
विधि
बाजरा की टिक्की बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में 1/2 कप गुड़ और 1/2 कप पानी डाल कर गुड़ के घुलने तक मिडियम आंच पर चलाते हुए पका लीजिए। गुड़ के घुल जाने पर इसे छान कर एक बर्तन में निकाल लीजिए। अब 2 कप बाजरा का आटा ले कर उसमें गुड़ की चाशनी डाल कर मिला लीजिए। अब इसमें 1/2 कप सफेद तिल और थोड़ा सा पानी डाल कर नर्म आटा गूंथ लीजिए। इतना आटा गुंथने में 1/2 कप गुड़ का पानी और 4 बड़ी चम्मच साधा पानी का इस्तेमाल किया है।
आटा के गुंथ जाने के बाद उसे अच्छे से 5-6 मिनट तक मसल-मसल कर नरम कर ले ताकि टिक्की में कोई क्रेक ना आए। अब एक कढ़ाई में तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। आटे में से थोड़ा सा आटा ले कर उसे हथेलियों के बीच में रख कर हल्का दबाते हुए गोल कर के चपटा कर लीजिए और एक हथेली पर रख कर दूसरी हथेली से हल्का दबाते हुए पतला बड़ा लीजिए। इसी तरीके से सारे आटे की टिक्की बना कर तैयार कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर उसमें छोटा सा आटा डाल कर तेल का तापमान चैक कर लीजिए। आटा तेल में डालने पर वो सिक कर ऊपर आ जाए इसका मतलब टिक्की सेकने के लिए तेल तैयार है। हमें बाजरे की टिक्की सेकने के लिए मध्यम-धीमा गर्म तेल चाहिए।

तेल के गर्म हो जाने पर तेल में टिक्की डाल कर मिडियम आंच पर सिकने दीजिए। टिक्की के एक तरह सिक कर तेल के ऊपर आ जाने पर उसे पलट कर दूसरी ओर से भी तल लीजिए। टिक्की को दोनो ओर से पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक मिडियम आंच पर तलना है। टिक्की के अच्छी ब्राउन हो जाने पर उसे तेल से निकाल कर एक प्लेट में रख लीजिए और इसी तरीके से सारे टिक्कियां तल कर तैयार कर लीजिए।
बाजरे की मीठी टिक्की बन कर तैयार है आप इसे गर्मागर्म किसी भी अचार या सब्जी के साथ खा सकते है और ठंडा हो जाने पर आप इसे बिस्कीट की तरह खा सकते है या बच्चों को दे सकते हैं। आप इसे किसी भी टाइट कंटेनर में रख कर 7-8 दिन तक स्टोर कर सकते हैं।
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।