कुरकुरे खस्ता गुलगुले - पारंपरिक रेसीपी । How to Make Odisha Gulgula
उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उड़ीसा की पारंपरिक स्वादिष्ट रेसिपी क्रिस्पी गुलगुले। गुलगुले को हरी चटनी या तीखी सब्जी के साथ खाया जाता है। हल्के मीठे क्रिस्पी गुलगुले के साथ तीखी-तीखी चटनी खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। इसे बनाना बहुत ही आसान है।इसे बनाने में बहुत कम सामग्री और वक्त लगता है।
आवश्यक सामग्री
- गेंहू का आटा- 1 कप (150 ग्राम)
- सूजी- 1/2 कप (100 ग्राम)
- चीनी पाउडर- 1/2 कप (75 ग्राम)
- तेल- 3 बड़ी चम्मच
- सौंफ- 1 छोटी चम्मच
- बेकिंग सोडा- 1/2 छोटी चम्मच
- तेल तलने के लिए
विधि
खस्ता गुलगुले बनाने के लिए एक बड़े प्याली में 1 कप गेंहू का आटा ले लीजिए। अब इस आटे में 1/2 कप सूजी, 1 छोटी चम्मच सौंफ, 1/2 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा और 3 बड़ी चम्मच तेल डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिला लीजिए। अब इसमें 1/2 कप चीनी पाउडर डाल कर मिला लीजिए अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा तैयार कर लीजिए। इतना आटा गूंथने में हमने 1/2 कप पानी लिया था जिसमें से 2 बड़ी चम्मच पानी बच गया।
आटा गूंथ जाने पर इसे ढ़क कर 20 मिनट के लिए सैट होने के लिए रख दीजिए। अब एक कढ़ाई में तेल डाल कर गर्म करने रख दीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें छोटा सा डो डाल कर तेल का तापमान चैक कर लीजिए। डो डालने पर अगर डो सिक कर ऊपर आ रहा है तो तेल गुलगुले तलने के लिए तैयार है हमें गुलगुले तलने के लिए मध्यम-तेज तेल गर्म चाहिए और मध्यम-धीमी आंच चाहिए ।

तेल गर्म हो जाने के बाद गुलगुले के आटे में से थोड़ा सा आटा ले कर उसे हल्के हाथ से दबाते हुए गोल आकार दे दीजिए और तेल में सिकने के लिए डाल दीजिए। एक बार में 5-6 गुलगुले तेल में डाल कर उसे धीमी आंच पर चारों ओर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए। गुलगुले के चारों ओर गोल्डन ब्राउन हो जाने पर उसे कढ़ाई से निकाल लीजिए और इसी तरीके से सारे आटे के गुलगुले तल कर तैयार कर लीजिए।
गुलगुले कढ़ाई से निकालते वक्त नरम होते है लेकिन ठंडे हो जाने के बाद ये अच्छे से क्रिस्पी हो जाते है। आप इन गुलगुले को हरे धनिया की चटनी या चटपटें अचार के साथ सर्व कर सकते है।
कुरकुरे खस्ता गुलगुले - पारंपरिक रेसीपी । How to Make Odisha Gulgula
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।