मटर की ग्रेवी वाली आलू मुंगौडी की ट्रेडीशनल करी | Alu Mangodi in Matar gravy

राजस्थान की ट्रेडिशनल आलू मुंगौड़ी की चटपटी सब्जी। मुंगौड़ी की सब्जी खाने में बहुत ही टेस्टी लगती है कई लोग इसे खाना तो बहुत पसंद करते है लेकिन उन्हे ये सब्जी बनाने नहीं आती है। तो आइए आज हम आप को आलू मुंगौड़ी की सब्जी बनाना सिखाते है जो खाने में बहुत ही स्वादिष्ट है और बनाने में बहुत ही आसान है।
आवश्यक सामग्री
- आलू- 2 (200 ग्राम)
- टमाटर- 3 (300 ग्राम)
- हरी मटर- 1/2 कप (40 ग्राम)
- मुंगौड़ी- 1/4 कप
- अदरक- 1/2 इंच
- हरी मिर्च- 2
- तेल- 4 बड़ी चम्मच
- हरा धनिया- 2-3 बड़ी चम्मच
- हींग- 1/2 चुटकी
- हल्दी पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1.5 छोटी चम्मच
- जीरा- 1/2 छोटी चम्मच
- गरम मसाला-1/4 छोटी चम्मच
- नमक- 1 छोटी चम्मच
विधि
मुंगौड़ी की सब्जी बनाने के लिए एक पैन में 1 बड़ी चम्मच सरसों का तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1/4 कप मुंगौड़ी डाल कर चलाते हुए हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राए कर लीजिए। मुंगौड़ी के हल्का ब्राउन हो जाने पर उसे एक बर्तन में निकाल लीजिए।
अब पैन में 1 बड़ी चम्मच तेल और डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1/2 कप हरी मटर के दाने दरादरा पीस कर डाल दीजिए और इसे चलाते हुए ब्राउन होने तक मिडियम आंच पर भून लीजिए। मटर के भुन जाने पर इसे भी एक अलग बर्तन में निकाल लीजिए।

अब एक कुकर ले कर उसमें 2 बड़ी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए।तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1/2 छोटी चम्मच जीरा, 1/2 चुटकी हींग, 1/2 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, 1.5 छोटी चम्मच धनिया पाउडर डाल कर मसाले को हल्का धीमी आंच पर भून लीजिए। मसाले के हल्का भुन जाने पर इसमें 3 टमाटर-2 हरी मिर्च- 1/2 इंच अदरक का पेस्ट बना कर डाल दीजिए। अब इसमें 1/2 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डाल कर मसाले को चलाते हुए तब तक भून लीजिए जब तक मसाले में से तेल ना निकल जाए।
मसाले में से तेल अलग हो जाने पर इसमें बड़े साइज में कटे हुए तीन आलू, भुनी हुए मुंगौड़ी, भुनी हुए मटर और 1 छोटी चम्मच नमक डाल कर सब्जी को मिलाते हुए 1-2 मिनट तक भून लीजिए। सब्जी में मसाले अच्छे से लग जाने पर इसमें 2 कप पानी और 1/4 छोटी चम्मच गरम मसाला डाल कर मिला दीजिए और कुकर का ढ़क्कन लगा कर एक सीटी आ जाने तक सब्जी को पकने दीजिए। एक सीटी आ जाने पर आंच को धीमा करके सब्जी को 5 मिनट ओर पकने दीजिए।
5 मिनट बाद आंच को बंद कर के कुकर का प्रेशर खत्म होने दीजिए। कुकर का प्रेशर खत्म हो जाने पर इसमें थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर मिला दीजिए और सब्जी को एक बर्तन में निकाल लीजिए। मटर की ग्रेवी वाली आलू मुंगौड़ी की सब्जी बन कर तैयार है। आप इस सब्जी को पराठें चपाती या चावल किसी के साथ भी सर्व कर सकते हैं। ये सब्जी बनाने में जितनी आसान है खाने में उतनी ही स्वादिष्ट है।
मटर की ग्रेवी वाली आलू मुंगौडी की ट्रेडीशनल करी | Alu Mangodi in Matar gravy
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।