आलू भुजिया - सेव परांठा रेसीपी । Sev Paratha Recipe | Aloo Bhujia Paratha

📅 1 नवंबर 2019 👁 25.7 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

आलू बेसन भुजिया पराठा। गर्म-गर्म आलू के साथ क्रिस्पी नमकीन का स्वाद बहुत ही मजेदार लगता है। आप आए दिन अपने घर में आलू का पराठा बनाते होगें कुछ लोग तो आलू का पराठा खा-खा कर ऊब भी हो गए होगें । तो आज हम आलू के पराठे के साथ कुछ अलग करते हैं जिससे उसका स्वाद भी बदल जाए और ज्यादा मेहनत भी न करना पड़े। तो आज बनाते हैं आलू भुजिया पराठा खाने में बहुत ही टेस्टी और बनाने में उतना ही आसान। 

आवश्यक सामग्री 

  • गेंहू का आटा- 2 कप (300 ग्राम) 
  • तेल-  3 बड़ी चम्मच 
  • आलू- 3 (250 ग्राम) 
  • भुजिया नमकीन- ½ कप 
  • हरा धनिया- 2-3 बड़े चम्मच 
  • हरी मिर्च- 2  
  • धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच 
  • लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच 
  • अमचूर पाउडर- ¼ छोटी चम्मच 
  • नमक- 1 छोटी चम्मच  

विधि  

आलू भुजिया-सेव परांठा बनाने के लिए सबसे पहले आटा तैयार कर लीजिए। आटा तैयार करने के लिए एक बड़े बर्तन में 2 कप गेंहू का आटा, ½ छोटी चम्मच नमक और 1 छोटी चम्मच तेल डाल कर सभी चीजों को मिला लीजिए। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नर्म आटा गूंथ कर तैयार कर  लीजिए। इतना आटा तैयार करने के लिए एक कप से भी कम पानी का इस्तेमाल किया गया है। आटा गुंथ जाने पर इसे 20 मिनट के लिए ढ़क कर सैट होने रख दीजिए। 

स्टफिंग बनाने के लिए  3 उबले आलू ले कर उसे छील कर मैश कर लीजिए। अब इन आलू में ½ छोटी चम्मच नमक, 2 हरी मिर्च, 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर, ¼ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ¼ छोटी अमचूर पाउडर और 2-3 बड़ी चम्मच हरा धनिया डाल कर सभी चीजों को मिला दीजिए। 

20 मिनट बाद आटे को निकाल कर हाथ पर थोड़ा सा तेल लगा कर आटे को अच्छे से मसल-मसल कर नर्म कर लीजिए। अब आटे में से छोटे-छोटे दो बराबर की हिस्से तोड़ कर गोल कर के चपटा कर लीजिए। अब एक लाेई को सूखे आटे में लपेट कर 7-8 इंच के व्यास में बेल लीजिए। एक रोटी बेल कर उसे अलग रख दीजिए और इसी साइज की दूसरी रोटी भी बेल लीजिए। 

/images/aloo-bhujiya-namkeen-pratha.jpg

अब एक रोटी पर थोड़ी सी आलू की स्टफिंग रख कर उसे चम्मच से पतला-पतला फैला लीजिए। अब आलू के ऊपर हल्की हल्की बेसन भुजिया डाल कर फैला दीजिए। अब रोटी के किनारों पर हल्का सा पानी लगा कर दूसरी रोटी डाल कर किनारों से हल्का हल्का दबा दीजिए। अब एक काँटे वाली चम्मच से किनारों पर दबाते हुए डिज़ाइन बना दीजिए। 

अब एक तवा पर हल्का सा तेल डाल कर गर्म करने रख दीजिए। तवे के गर्म हो जाने पर उस पर पराठा सिकने के लिए डाल दीजिए। पराठे के एक साइड हल्की चित्ती आ जाने पर उसे पलट कर दूसरी ओर भी हल्की चित्ती आने तक सेक लीजिए। अब पराठे के एक साइड हल्का सा तेल डाल कर चारों ओर फैला दीजिए। इसी तरीके से पराठे के दूसरी साइड भी हल्का सा तेल लगा कर हल्की चित्ती आने तक सेक लीजिए। पराठे के दोनो ओर हल्की गोल्डन चित्ती आने तक सेक लीजिए।

पराठे के दोनो ओर गोल्डन ब्राउन चित्ती आने पर उसे तवे से उतार कर इसी तरीके से सारे पराठे बना कर तैयार कर लीजिए। इतने आटे में 4 से 5 पराठे बन कर तैयार हो जाएगें। 

आलू भुजिया - सेव परांठा रेसीपी । Sev Paratha Recipe | Aloo Bhujia Paratha

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।