अनरसा गोली - दीपावली की खास पारंपरिक रेसीपी । Traditional Recipe of Anarsa
दीपावली का खास पारंपरिक व्यंजन अनरसे। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से एक दम मुलायम सोच कर ही खाने का मन कर जाता है। वैसे तो अनरसे चपटे भी बनाए जाते है लेकिन ये छोटी-छोटी गोलियों के आकार में बहुत ही प्यारे लगते है जिस कारण सभी इसकी ओर आकर्षित होते है तो इस दीपावली सभी लोगो को इन छोटी-छोटी अनरसे की गोलियों की ओर आकर्षित करें। ये रेसिपी बनाने में बहुत ही आसान है और खाने मे बहुत ही मजेदार है
आवश्यक सामग्री
- चावल- 2 कप 400 ग्राम
- दूध- 6 बड़ी चम्मच
- बूरा- 1 कप 150 ग्राम
- घी- तलने के लिए
- तिल- 1/4 कप
विधि
अनरसे की गोली बनाने के लिए 2 कप चावल को 72 घंटे तक भिगो कर ले लीजिए। चावल को पानी में से निकाल कर साफ पानी से धो लीजिए। अब चावल को पानी में से निकाल कर एक सूखे कपड़े पर डाल कर हल्के से सुखा लीजिए। एक घंटे बाद चावल के सूख जाने पर उसे मिक्सर जार में डाल कर बारीक पीस का पाउडर बना लीजिए। पीसे हुए चावल को छलनी में छान कर एक बर्तन में ले लीजिए। अब एक बर्तन में चावल का आटा और 1 कप बूरा, डाल कर अच्छे से मिला दीजिए।
अब थोड़ा-थोड़ा दूध डालते हुए डो तैयार कर लीजिए। इतना डो बनाने में हमने 6 बड़ी चम्मच दूध का इस्तेमाल किया है। अब तैयार डो को ढ़क कर 7-8 घंटे के लिए सैट होने रख दीजिए। 7-8 घंटे बाद डो के सैट हो जाने पर आटे में से थोड़ा-थोड़ा डो ले कर सफेद तिल में डाल दीजिए और फिर दोनो हथेलियों के बीच में रख कर गोल आकार दे दीजिए। इसी तरीके सारी गोलियां बना कर तैयार कर लीजिए।

अब एक कढ़ाई में घी डाल कर गर्म कर लीजिए। घी के गर्म हो जाने पर घी में थोड़ा सा डो डाल कर घी का तापमान चैक कर लीजिए। डो डालने पर घी में बबल आने लगते है और डो सिकने लगता है। हमें अनरसे तलने के लिए मीडियम आंच और घी भी मीडियम गर्म ही चाहिए।
घी के गर्म हो जाने पर अनरसे की गोलियां घी में डाल कर तल लीजिये । अनरसे को कलछी से घुमाते हुए अच्छे गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए। अनरसे अच्छे गोल्डन ब्राउन हो जाने पर उसे कढ़ाई से निकाल लीजिए और इसी तरीके से सारी अनरसे की गोलियां तल कर तैयार कर लीजिए। एक बार के अनरसे तलने में 4 से 5 मिनट का समय लग जाता है। इतने डो से हमने 35 गोलियां बना कर तैयार कर ली है। इन्हे आप 8-9 दिन तक स्टोर कर कर खा सकते है
सुझाव
आप बूरा की जगह शुगर पाउडर भी ले सकते हैं।
अनरसा गोली - दीपावली की खास पारंपरिक रेसीपी । Traditional Recipe of Anarsa
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।