बिना घी से बनी सॉफ्ट बाटी, साथ में मिक्स दाल । Bati using less ghee | Dal Bati Recipe

📅 30 अगस्त 2019 👁 30 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

दाल बाटी राजस्थान की फेमस डिश जो पूरे भारत में मशहूर है खाने में बहुत ही टेस्टी हाेती है लेकिन पारंपरिक दाल बाटी में घी का बहुत अधिक इस्तेमाल किया जाता है लेकिन इस दाल बाटी में हमने बहुत ही कम घी का इस्तेमाल किया है। घी कम होने के कारण यह स्वास्थ्य के लिए अच्छी है और बहुत ही आसानी से बन कर तैयार हो जाती है। 

आवश्यक सामग्री 

बाटी के लिए- 

  • गेंहू का आटा- 2 कप 300 ग्राम 
  • आलू- 4 300 ग्राम 
  • दही- ½ कप 
  • सूजी- ¼ कप
  • अजवाइन- ½ छोटी चम्मच 
  • बेकिंग सोडा- ¼ छोटी चम्मच 
  • नमक- 1 छोटी चम्मच 

दाल के लिए  

  • अरहर की दाल- ½ कप 
  • चने की दाल- 2 बड़ी चम्मच 
  • घी- 2 छोटी
  • जीरा- ½ छोटी चम्मच 
  • हींग- ½ चुटकी 
  • हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच 
  • करी पत्ते- 10 से 12 
  • लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच 
  • धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच 
  • टमाटर- 2 
  • हरी मिर्च- 2
  • अदरक- ½ इंच 
  • हरा धनिया- 1-2 बड़ी चम्मच 
  • नमक- 1 छोटी चम्मच 

विधि

बाटी बनाने के लिए ½ कप दही ले कर उसमें ¼ कप सूजी डाल कर अच्छे से  मिला दीजिए और 10 मिनट के लिए उसे फूलने के लिए छोड़ दीजिए। अब 4 उबले आलू ले कर छील कर ग्रेट कर लीजिए। 

बाटी बनाने के लिए आटा तैयार कर लीजिए। आटा तैयार करने के लिए एक बड़े बर्तन में 2 कप गेंहू का आटा ले कर उसमें 1 छोटी चम्मच नमक, ½ छोटी चम्मच अजवाइन, ¼ छोटी चम्मच बेकिंग सोडा डाल कर मिला लीजिए। अब इसमें सूजी और दही का मिश्रण और ग्रेट किया हुआ आलू डाल कर मिला लीजिए। सभी चीजों के अच्छे से मिल जाने पर इसमें हल्का सा पानी डाल कर आटा गूंथ लीजिए। इतने आटे को गूंथने में हमने 5 चम्मच पानी का इस्तेमाल किया है।

आटा गुंथ जाने पर हाथ पर हल्का सा घी लगा कर आटे के छोटे-छोटे टुकड़े तोड़ लीजिए।अब एक बटर पेपर ले कर उस पर घी लगा लीजिए और उस बटर पेपर को ओवन ट्रे पर रख दीजिए। अब 5 मिनट के लिए ओवन को 230 डिग्री सेंटीग्रेड पर प्री हीट कर लीजिए। 

अब हाथ पर हल्का सा घी लगा कर आटे का एक टुकड़ा ले लीजिए। टुकड़े को हाथ से गोल कर के चपटा कर दीजिए और अगूंठे की मदद से बीच में छेद कर दीजिए। इसी तरह से आटे के सारे टुकड़े की बाटी बना कर ट्रे पर रखे हुए बटर पेपर पर रख दीजिए।

ओवन के प्री हीट हो जाने पर बाटी की ट्रे को ओवन के अंदर रख कर 230 डिग्री पर 20 मिनट के लिए बेक होने दीजिए। 2 टमाटर, 2 हरी मिर्च और ½ इंच अदरक का टुकड़े को पीस कर पेस्ट बना लीजिए। 

/images/Dal-bati-recipe.jpg

दाल बनाने के लिए एक कुकर में 2 छोटी चम्मच घी डाल कर गर्म कर लीजिए। घी के गर्म हाे जाने पर इसमें ½ छोटी चम्मच जीरा डाल कर भून लीजिए। जीरा भून जाने पर इसमें ½ चुटकी हींग, 10-12 करी पत्ता, ½ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर और 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर डाल कर मीडियम आंच पर भून लीजिए।

मसाले भून जाने पर इसमें टमाटर-हरी मिर्च- अदरक पेस्ट, ½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डाल कर मसाले को तब तक भूने जब तक की मसाले में से घी अलग ना हो जाए। मसाले के भुन जाने पर इसमें ½ कप अरहर की दाल और 2 बड़ी चम्मच चने की दाल डाल कर मिलाते हुए 2 मिनट तक भून लीजिए। दाल और मसाले  के मिल जाने पर इसमें 2 कप पानी, 1 छोटी चम्मच नमक डाल कर मिला दीजिए और कुकर का ढ़क्कन बंद कर के 1 सीटी आने तक पकने दीजिए। कुकर में सीटी आ जाने पर आंच को धीमा कर के 4 मिनट तक ओर पकने दीजिए।

4 मिनट बाद कुकर की आंच बंद कर के प्रेशर खत्म होने दीजिए।20 मिनट बाद बाटी को ओवन से निकाल लीजिए और एक ब्रश ले कर सभी बाटियों पर रोटी की तरह दोनो ओर ब्रश से घी लगा कर एक प्लेट में रख दीजिए। 

कुकर का प्रेशर खत्म हो जाने पर उसमें बारीक कटा हरा धनिया डाल कर मिला लीजिए और एक बर्तन में निकाल लीजिए। दाल बाटी सर्व करने के लिए तैयार है। 

सुझाव 

  • चने की दाल और अरहर की दाल को 20 मिनट भीगा कर लेना है। 
  • आप अपने स्वादानुसार दाल में घी कम ज्यादा ले सकते हैं। 
  • आप चाहे तो बाटी में घी लगाने की जगह उसे ऎसे ही दाल के साथ खा सकते है। 

बिना घी से बनी सॉफ्ट बाटी, साथ में मिक्स दाल । Bati using less ghee | Dal Bati Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।