क्रिस्पी हनी चिल्ली पोटैटो । Sesame Honey Chilli Potato Recipe | Homemade Honey Chilli Potato
हनी चिल्ली पटैटो इन्डो चाइनीज स्ट्रीट फूड जाे बड़े ही आसानी से किसी भी जगह मिल जाता है बच्चे तो इसे बहुत ही पसंद करते है लेकिन बाहर का खाना स्वास्थ्य के लिए बिल्कुल अच्छा नहीं होता है इसलिए सभी माँ अपने बच्चों को इन सब चीजों से दूर रखने की कोशिश करती है लेकिन बच्चे नहीं मानते। तो बनाए घर पर ही टेस्टी क्रिस्पी हनी चिल्ली पटैटो जो बनाने में बहुत ही आसान है और जाे लोग लहसुन प्याज़ नहीं खाते वो इस रेसिपी के द्वारा बिना प्याज़ लहसुन का हनी चिल्ली पटैटो खा सकेगें।
आवश्यक सामग्री
- आलू- 4
- अरारोट- ¼ कप
- तेल- 2 बड़ी चम्मच
- तिल- 1 बड़ी चम्मच
- शिमला मिर्च- ½ कप
- हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक- ½ इंच (ग्रेट किया हुआ)
- टमैटो सॉस- 2 बड़ी चम्मच
- लाल मिर्च सॉस- 1 छोटी चम्मच
- सोया सॉस- 1 छोटी चम्मच
- कुटी हुई लाल मिर्च- ½ छोटी चम्मच
- नमक - 1 छोटी चम्मच से कम
- सिरका- 1 छोटी चम्मच
- शहद- 2 बड़ी चम्मच
- हरा धनिया- 1 बड़ी चम्मच
- तेल- तलने के लिए
विधि
हनी चिल्ली पटैटाे बनाने के लिए 4 कच्चे आलू ले कर उन्हें फ़्रेंच फ्राइज की तरह पतला पतला काट लीजिए। आलू काट लेने के बाद उनमें ¼ कप अरारोट ले कर अच्छे से मिला दीजिए। आलू के ऊपर अरारोट अच्छे से कोट हो जाने पर उन्हें तल लीजिए।
आलू तलने के लिए एक कढ़ाई में तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर उसमें एक आलू डाल कर तेल का तापमान चैक कर लीजिए। आलू डालने पर आलू अच्छे से सिक रहा है तो आलू तलने के लिए तेल गर्म हो चुका है। हमे आलू तलने के लिए मीडियम-हाई गर्म तेल चाहिए। तेल के गर्म हो जाने पर आलू को कढ़ाई में डाल कर हल्के गोल्डन ब्राउन होने तक तेज आंच पर तल लीजिए। आलू के हल्के गोल्डन ब्राउन होने पर उसे कढ़ाई से निकाल लीजिए और इसी तरह सारे आलू तल कर तैयार कर लीजिए।

अब एक पैन में 2 बड़ी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। तेल के गर्म हो जाने पर इसमें 1 बड़ी चम्मच तिल डाल कर भून लीजिए। तिल के भुन जाने पर इसमें ½ कप शिमला मिर्च डाल कर मीडियम आंच पर हल्की क्रंची होने तक भून लीजिए। अब इसमें 2 बारीक़ कटी हरी मिर्च, ½ इंच अदरक, 2 बड़ी चम्मच टमाटर सॉस, 1 छोटी चम्मच लाल मिर्च सॉस, 1 छोटी चम्मच सोया सॉस, ½ छोटी चम्मच कुटी हुई लाल मिर्च, 1 छोटी चम्मच नमक और 1 छाेटी चम्मच सिरका डाल कर धीमी आंच पर मिलाते हुए पका लीजिए।
सभी चीजों के अच्छे से मिल जाने पर आंच को बंद कर के इसमें 2 बड़ी चम्मच शहद डाल कर मिला लीजिए। शहद के मिल जाने पर इसमें मिश्रण में फ्राई आलू को डाल कर मिला लीजिए आलू को तब तक मिलाए जब तक की आलू पर मिश्रण की कोटिंग अच्छे से ना हो जाए।
आलू के ऊपर सॉस मसाले अच्छे से कोट हो जाने पर उसे पैन से निकाल कर एक प्लेट में रख लीजिए। हनी चिल्ली पटैटो बन कर तैयार है आप इनके ऊपर हल्का हरा धनिया डाल कर इसे सर्व कर सकते हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान बच्चे तो इसे बहुत ही पसंद करते है तो आप इसे घर पर बनाएं और सब को खिलाए।
सुझाव
आप अरारोट की जगह कॉर्न फ्लोर भी ले सकते हैं।
क्रिस्पी हनी चिल्ली पोटैटो । Sesame Honey Chilli Potato Recipe | Homemade Honey Chilli Potato
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।