जन्माष्टमी प्रसाद थाली । Janmashtami Bhog Panjiri, Panchamrit, Mewa Kheer, Makhan Mishri & Paag
जन्माष्टमी के दिन ज्यादातर लोग भोग में कान्हा के पसंद के पकवान बनाते है और उसी प्रसाद का सेवन कर के अपना जन्माष्टमी का व्रत तोडते है। माना जाता है कि कान्हा को धनिया पंजीरी, माक्खन मिश्री, पंचामृत, मेवा खीर और मिगी पाग बहुत ही पसंद है इसी के चलते लाेग कान्हा के जन्म दिन पर उनकी पसंद को ध्यान में रख कर ये सब बनाते है।
आवश्यक सामग्री
धनिया पंजीरी
- धनिया पाउडर- ½ कप
- बादाम- 6-7 कटे हुए
- काजू- 6-7 कटे हुए
- मखाना- ½ कप
- नारियल- ½ कप
- घी- 2-3 छोटी चम्मच
- चीनी पाउडर- ½ कप
- इलायची पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
मेवा खीर
- दूध- ½ लीटर
- बादाम- 7-8 कटे हुए
- काजू- 7-8 कटे हुए
- मखाना- ½ कप
- चिरौंजी- 2 बड़ी चम्मच
- घी- 1-2 छोटी चम्मच
- चीनी- ¼ कप
- इलायची पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
मिगी पाग
- खरबूजे के बीज- 1 कप
- घी- 1 छोटी चम्मच
- चीनी- 1 कप
- इलायची पाउडर- ½ छोटी चम्मच
पंचामृत
- दही- 1 कप
- दूध- ½ कप
- मखाना- ¼ कप
- शहद- 1 छोटी चम्मच
- तुलसी के पत्ते - 8-10 पत्ती
- चीनी- 2 बड़ी चम्मच
माक्खन मिश्री
- सफेद मक्खन- 200 ग्राम
- मिश्री- 100 ग्राम
विधि
धनिया पंजीरी
धनिया पंजीरी बनाने के लिए एक पैन में 2-3 छाेटी चम्मच धी डाल कर गर्म कर लीजिए। घी के गर्म हो जाने पर इसमें ½ कप मखाने डाल कर क्रिस्पी होने तक भून लीजिए। मखाने भुन जाने पर उसे एक बर्तन में निकाल कर रख लीजिए।
अब एक पैन में 1 छोटी चम्मच घी डाल कर गर्म कर लीजिए। घी के गर्म हो जाने पर इसमें 6-7 कटे हुए बादाम, 6-7 कटे हुए काजू डाल कर हल्का चलाते हुए भून लीजिए और एक प्लेट में निकाल लीजिए अब इसी पैन में ½ कप ग्रेट किया हुआ नारियल डाल कर 1 मिनट चलाते हुए धीमी आंच पर भून कर एक प्लेट पर निकाल लीजिए।

अब एक पैन में 2 बड़ी चम्मच घी डाल कर गर्म कर लीजिए। घी के गर्म हो जाने पर इसमें ½ कप धनिया पाउडर डाल कर चलाते हुए भून लीजिए।धनिया पाउडर भुन जाने पर इसे एक बड़े बर्तन में निकाल लीजिए और इसी के साथ सारे भूने हुए ड्राए फ्रुट भी डाल दीजिए। अब इस मिश्रण में ½ कप चीनी पाउडर और ¼ छोटी चम्मच इलायची पाउडर डाल कर अच्छे से मिला लीजिए। सभी चीजों के मिल जाने पर धनिया पंजीरी बन कर तैयार है।
मेवा खीर
मेवा खीर बनाने के लिए एक पैन में 1 छोटी चम्मच घी डाल कर गर्म कर लीजिए। घी के गर्म हो जाने पर इसमें ½ कप मखाना, 7-8 बादाम, 7-8 काजू डाल कर 2 मिनट तक चलाते हुए क्रिस्पी होने तक भून लीजिए। ड्राई फुट भुन जाने पर एक बर्तन में निकाल लीजिए।

अब एक बर्तन में ½ लीटर दूध डाल कर उबाल लीजिए। दूध में उबाल आ जाने पर इसमें भुने हुए ड्राए फ्रुटस और 2 बड़ी चम्मच चिरौंजी डाल कर दूध के गाढ़ा होने तक पका लीजिए। खीर के हल्का गाढ़ा होने पर ¼ कप चीनी और ¼ छोटी चम्मच इलायची पाउडर डाल कर चलाते हुए 2 मिनट तक मीडियम आंच पर पका लीजिए। 2 मिनट बाद चीनी के घुल जाने पर खीर को एक बर्तन में निकाल कर रख लीजिए।
मिगी पाग
मिगी पाग बनाने के लिए एक पैन में 1 छोटी चम्मच घी डाल कर गर्म कर लीजिए। घी के गर्म हो जाने पर इसमें 1 कप खरबूज के बीज डाल कर चलाते हुए ब्राउन होने तक भून लीजिए। बीज के भुन जाने पर इन्हें एक बर्तन में निकाल लीजिए। इन बीज को भूनने में 3 मिनट का समय लगा है।
अब एक पैन में 1 कप चीनी और ⅓ कप पानी डाल कर चीनी को पानी में घुलने तक पका लीजिए। चीनी के घुल जाने पर इसमें भुने हुए खरबूजे के बीज और ½ छोटी चम्मच इलायची पाउडर डाल कर मीडियम आंच पर चलाते हुए गाढ़ा होने तक पका लीजिए।

अब एक प्लेट पर घी लगा कर उसे चिकना कर लीजिए। घोल के गाढ़ा हो जाने पर आंच को बंद कर दीजिए और घाेल को चलाते हुए ठंडा कर लीजिए। मिश्रण के ठंडा हो जाने पर उसमें चिकनी की हुई प्लेट पर डाल कर फैला लीजिए। 5 मिनट के बाद पाग को अपने मन पसंद आकार में काटने के निशान बना लीजिए और उसे सैट होने के लिए रख दीजिए।
पंचामृत
पंचामृत बनाने के लिए एक बर्तन में ½ कप कच्चा दूध ले लीजिए। अब इस दूध में 2 बड़ी चम्मच चीनी डाल कर मिला लीजिए।

चीनी के घुल जाने पर इसमें 1 छोटी चम्मच शहद, ¼ कप कटे हुए मखाना, 1 कप दही 8-10 तुलसी के पत्ते डाल कर मिला लीजिए।आप पंचामृत बन कर तैयार है।
माक्खन मिश्री
माक्खन मिश्री बनाने के लिए 200 ग्राम सफेद मक्खन में 100 ग्राम मिश्री डाल कर मिला लीजिए। माक्खन मिश्री बन कर तैयार है।

कृष्ण के भोग के लिए सभी चीजें बन कर तैयार है अब इन्हे कृष्ण के लिए थाली में सर्व करने के लिए एक बड़ी थाली में 5 कटोरी रख लीजिए। अब एक कटोरी में मिगी पाग निकाल कर रख दीजिए। एक कटोरी में मैवा की खीर, एक कटोरी मे धनिया की पंजीरी, एक में पंचामत और एक कटोरी में माक्खन मिश्री डाल दीजिए। कृष्ण की थाली लग कर तैयार है।
सुझाव
- खरबूजे के बीज को आप बिना घी के भी भून सकते हैं।
- आप खीर में ड्राई फ्रूटस अपने स्वाद अनुसार कम ज्यादा ले सकते हैं।
- आप धनिया पाउडर में चीनी पाउडर की जगह बूरा भी ले सकते हैं।
- अगर आप के पास गंगा जल है तो पंचामृत में 1 बड़ी चम्मच गंगा जल भी मिला दीजिए।
जन्माष्टमी प्रसाद थाली । Janmashtami Bhog Panjiri, Panchamrit, Mewa Kheer, Makhan Mishri & Paag
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।